Maha Kumbh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में डुबकी लगाई, बड़े हनुमान मंदिर में करने जाएंगी पूजा अर्चना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रयागराज पहुंच गई हैं। यहां मुख्यमंत्री योगी ने उनका स्वागत किया। उसके बाद प्रयागराज में राष्ट्रपति मुर्मू ने संगम स्नान किया है।
- भारत
- 2 min read

President Droupadi Murmu Maha Kumbh: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को यहां संगम में डुबकी लगाई। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति सुबह विशेष विमान से प्रयागराज हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। वहां से वह अरैल पहुंचीं और नाव से संगम पहुंचकर स्नान किया।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, महाकुंभ में राष्ट्रपति संगम में पूजा अर्चना करने के साथ ही अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डिजिटल कुंभ अनुभव केंद्र भी जाएंगी। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ के दौरान संगम में स्नान किया था।
5 फरवरी को PM मोदी ने संगम में स्नान किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 फरवरी को सुबह प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 में पहुंचे और त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। केसरिया रंग के वस्त्र पहने प्रधानमंत्री मोदी ने स्नान करने के बाद गंगा को प्रणाम करते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संगम में स्नान करते समय प्रधानमंत्री को पूरी बांह का केसरिया रंग का कुर्ता और नीले रंग का पायजामा पहने देखा गया और साथ ही उन्होंने रुद्राक्ष की माला भी जपी। उनके गले में भी रुद्राक्ष की माला थी।
मोदी ने स्नान के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दूध से गंगा मां का अभिषेक किया और माला फूल चढ़ाकर गंगा आरती की। इसके बाद पुरोहितों ने प्रधानमंत्री के माथे पर चंदन का तिलक लगाया और उन्हें गंगा जल का आचमन कराया। प्रधानमंत्री ने मां गंगा को एक चुनरी भी अर्पित की। स्नान और पूजा अर्चना के बाद काले रंग के कुर्ते और जैकेट तथा सफेद पायजामा के साथ ही हिमाचली टोपी पहने प्रधानमंत्री मोदी घाट से बाहर आये और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कार में सवार होकर अगले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
Advertisement
प्रधानमंत्री बुधवार की सुबह अरैल घाट के पास बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे थे और वहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें बोट से लेकर संगम पहुंचे जहां प्रधानमंत्री ने डुबकी लगाई। बोट से संगम की ओर जाते समय मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री से बातचीत करते हुए देखा गया। मेला क्षेत्र में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई।