अपडेटेड 25 October 2024 at 23:31 IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महतारी वंदन योजना की नौवीं किस्त जारी की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ‘महतारी वंदन’ योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में नौवीं किस्त जारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

Follow : Google News Icon  
'Need To Change The Way We Look At Women': President Murmu
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू | Image: PTI

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ‘महतारी वंदन’ योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में नौवीं किस्त जारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने छत्तीसगढ़ के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार की ‘महतारी वंदन’ योजना की नौवीं किस्त का अंतरण किया। इस योजना के तहत दिवाली से पहले राज्य की 69 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपये के मान से कुल 651 करोड़ 37 लाख रुपये की राशि ऑनलाइन अंतरित की गई।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक राज्य की महिलाओं को कुल 5878 करोड़ 37 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने इस अवसर पर ‘महतारी वंदन’ योजना के हितग्राही ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव से इस योजना के लाभ के बारे में चर्चा की।

उन्होंने बताया कि ‘महतारी वंदन’ योजना की राशि वितरण के इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बस्तर और सरगुजा से पारंपरिक वेशभूषा में लगभग 120 महिलाएं पहुंची थीं।

राष्ट्रपति मुर्मू से बातचीत के दौरान ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव ने बताया कि ‘महतारी वंदन’ योजना से मिली राशि से वे अपने बच्चों को लिए राशन खरीदने के साथ ही उनकी जरूरत का अन्य सामान खरीदती हैं।

Advertisement

राष्ट्रपति ने उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली मदद का लाभ उठाकर अपने बच्चों को खूब पढ़ाने-लिखाने तथा उन्हें अफसर बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जब बच्चे पढ़ेंगे, तभी परिवार और समाज आगे बढ़ेगा।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की ‘महतारी वंदन’ योजना की शुरुआत एक मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था, जिसका उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इसके अंतर्गत 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को एक-एक हजार रुपये की मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

Advertisement

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू ने आज नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण भी किया। लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सरगुजा प्रखंड में छत्तीसगढ़ राज्य के विशेष रूप से सरगुजा अंचल के आदिवासी समुदाय की जीवनशैली और उनकी सांस्कृतिक व पुरातात्विक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक मौजूद थे।

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 25 October 2024 at 23:31 IST