अपडेटेड 25 January 2025 at 22:26 IST

2 कीर्ति, 14 शौर्य, 17 पुलिस पदक... मेडल पाने वाले 93 जाबाजों की पूरी LIST, शहीद हुमायूं भट को पुलिस वीरता पदक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो कीर्ति चक्र और 14 शौर्य चक्र सहित सशस्त्र बलों के 93 जवानों के लिए वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी

Follow : Google News Icon  
President approves Gallantry awards to 93 Armed Forces personnel, including 11 posthumous
2 कीर्ति, 14 शौर्य, 17 पुलिस पदक... मेडल पाने वाले 93 जाबाजों की पूरी LIST, शहीद हुमायूं भट को पुलिस वीरता पदक | Image: PTI

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो कीर्ति चक्र और 14 शौर्य चक्र सहित सशस्त्र बलों के 93 जवानों के लिए वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी। कीर्ति चक्र भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है जिसे 22 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर मंजीत को और मरणोपरांत 28 राष्ट्रीय राइफल्स के नायक दिलवर खान को प्रदान किया गया है।

राष्ट्रपति ने तीन मरणोपरांत सहित 14 शौर्य चक्र पुरस्कारों को मंजूरी दी। शौर्य चक्र पुरस्कार के विजेताओं में मेजर आशीष दहिया 50 आरआर, मेजर कुणाल 1 आरआर, मेजर सतेंदर धनखड़ 4 आरआर, कैप्टन दीपक सिंह 48 आरआर (मरणोपरांत) और सहायक कमांडेंट एशेंथुंग किकोन, 4 असम राइफल्स हैं। सूबेदार विकास तोमर 1 पैरा, सूबेदार मोहन राम 20 जाट रेजिमेंट, हवलदार रोहित कुमार डोगरा (मरणोपरांत), हवलदार प्रकाश तमांग 32 आरआर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह हंस, कॉर्पोरल डाभी संजय हिफाबाई एस्सा, विजयन कुट्टी जी (मरणोपरांत), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डिप्टी कमांडेंट विक्रांत कुमार और निरीक्षक जेफरी हिंगचुल्लो को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया।

इसमें कहा गया, ‘‘इनमें एक मरणोपरांत सहित दो कीर्ति चक्र, तीन मरणोपरांत सहित 14 शौर्य चक्र, एक बार सेना पदक के लिए(वीरता), सात मरणोपरांत सहित 66 सेना पदक, दो नौसेना पदक (वीरता) और आठ वायुसेना पदक (वीरता) शामिल हैं। राष्ट्रपति ने सशस्त्र बलों और अन्य कर्मियों के लिए 305 रक्षा अलंकरणों को भी मंजूरी दी।

इनमें 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, पांच उत्तम युद्ध सेवा पदक, 57 अति विशिष्ट सेवा पदक, 10 युद्ध सेवा पदक, एक बार सेना पदक के लिए (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 43 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), आठ नौसेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 15 वायु सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), चार बार विशिष्ट सेवा पदक के लिए और 132 विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।

Advertisement

हुमायूं भट को मरणोपरांत पुलिस वीरता पदक

दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों के साथ 2023 में मुठभेड़ के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जम्मू-कश्मीर पुलिस के उपाधीक्षक हुमायूं भट को 2021 में हुई एक मुठभेड़ के दौरान उनके ‘अदम्य साहस’ के लिए मरणोपरांत राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया। इससे पहले, इस वीर अधिकारी को देश के दूसरे सबसे बड़े शांतिकालीन वीरता पुरस्कार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था, जिसकी घोषणा पिछले साल के स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर की गई थी।

भट उन चार कर्मियों में से एक थे, जो 13 सितंबर, 2023 को आतंकवादियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हो गए थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी फातिमा और उनका बेटा अशर है। भट के साथ कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धोंचक और सिपाही प्रदीप सिंह ने भी दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग पर्वतीय क्षेत्र में भीषण मुठभेड़ के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी। फातिमा भट को ‘‘हिमू’’ नाम से बुलाती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हिमू आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगे। वह न केवल बुद्धिमान और साहसी थे, बल्कि दूरदर्शी व्यक्ति भी थे।’’

Advertisement

वह अपने पति को उनकी वीरता के लिए सम्मानित किए जाने की खबर पर प्रतिक्रिया दे रही थीं। भट को 29 जून, 2021 को एक मुठभेड़ के दौरान ‘‘अदम्य साहस’’ प्रदर्शित करने के लिए वीरता पदक मिला। उनके उल्लेखनीय कार्यों में प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष स्थानीय कमांडर अबरार के साथ-साथ श्रीनगर के बाहरी इलाके में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना शामिल है।

दिल्ली पुलिस के 20 अधिकारियों को असाधारण सेवा के लिए पदक

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को दिल्ली पुलिस के 20 अधिकारियों को उनकी असाधारण सेवा और ड्यूटी के प्रति समर्पण के लिए पदकों से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) आसिफ मोहम्मद अली, एसीपी संजय दत्त और एसीपी सोम नाथ परुथी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया, जबकि 17 को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किया गया है।

इसके अलावा, एसीपी कमलेश बिष्ट, एसीपी हरेंद्र सिंह, एसीपी मनोज कुमार, एसीपी आदर्श कुमार, निरीक्षक राहुल कुमार, शीला शर्मा, आर नजमा ताहिरा, प्रदीप सिंह और भूपेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक (एसआई) हरद्वारी लाल, राकेश कोठियाल, प्रभा और सुमित्रा, सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) रेखा रानी, ​​जुनैद आलम और इसिडोर टर्की और हेड कांस्टेबल शिवा रामुलु को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।

इसे भी पढ़ें- गणतंत्र दिवस से पहले पद्म पुरस्कारों का ऐलान, ये हस्तियां होंगी सम्मानित

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 25 January 2025 at 22:26 IST