महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, अबतक 1.44 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी
India News: आज देशभर में महाशिवरात्रि के पर्व की धूम है। महाशिवरात्रि के मौके पर महाकुंभ का समापन होने जा रहा है। अंतिम महास्नान के लिए प्रयागराज में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अन्य खबरों की बात करें तो बालाकोट एयरस्ट्राइक के 6 साल पूरे हो गए है। बिहार में नीतीश कैबिनेट का विस्तार होना है। कई नए विधायकों को कैबिनेट में जगह दी जा सकती है।
- भारत
- 15 min read

India News: महाकुंभ के समापन से पहले आज संगम नगरी में फिर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। महाशिवरात्रि के मौके पर आज आखिरी महास्नान है और साथ ही महाकुंभ का अंतिम दिन भी। ऐसे में सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाना शुरू कर दिया है। आज के दिन 3 करोड़ से भी ज्यादा श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं, पूरे देश में महाशिवरात्रि की धूम देखने को मिल रही है। मंदिरों में शिवभक्तों का तांता लगा हुआ है। अन्य खबरों की बात करें तो बिहार में चुनाव से पहले नीतीश कैबिनेट का विस्तार होना है। आज शाम 4 बजे कैबिनेट में सात नए मंत्री शामिल हो सकते हैं। CAG रिपोर्ट पेश होने के बाद दिल्ली का सियासी पारा हाई है।
पुणे रेप केस में NCW ने की कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने पुणे बस बलात्कार मामले का स्वतः संज्ञान लिया, तत्काल कार्रवाई की मांग की।
MP दौरे पर पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं, वे बागेश्वर धाम में कार्यक्रम में शामिल हुईं। मैं उनका स्वागत और अभिनंदन करता हूं। मुझे उम्मीद है कि उनका यह दौरा हमें नई ऊर्जा देगा। आज महाशिवरात्रि का अवसर है, मैं प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं..."
Advertisement
महाकुंभ मेले के समापन पर प्रयागराज DM का बयान
महाकुंभ मेले के आज समापन पर प्रयागराज DM रवींद्र कुमार मंदर ने कहा, "महाकुंभ में भारत ही नहीं बल्कि दुनिया से लोग आए और उन्होंने सभी व्यवस्थाओं, प्रोटोकॉल, नियमों, विनियमों का पालन किया, मैं सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं... जैसे ही महाकुंभ मेला समाप्त होगा, हम सुनिश्चित करेंगे कि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य पर लौटें। प्रशासन यह भी सुनिश्चित करेगा कि यहां की अस्थायी व्यवस्था ठीक से और सुरक्षित रूप से हटा दी जाए। संगम घाट पर पूरे साल श्रद्धालु आते हैं और हम वहां सुरक्षा और सफाई सुनिश्चित करते हैं... आज रात 8 बजे तक प्रयागराज में 1.53 करोड़ लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई है। पूरे महाकुंभ काल में 66.30 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है।"
मदुरै की चुनाव प्रक्रिया की हुई समीक्षा बैठक
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "मैं आज यहां आया था, हमने मदुरै की चुनाव प्रक्रिया की अच्छी समीक्षा की। कलेक्टर और एसपी दोनों ने बहुत सारे सुझाव दिए हैं। हम चर्चा करेंगे और निर्णय लेंगे... हमने सभी राज्यों से एक-एक जिला चुनाव अधिकारी और सभी राज्यों से ईआरओ को बैठक के लिए आमंत्रित किया है, हमारी आशा है कि चुनाव प्रक्रिया अधिक से अधिक मतदाता अनुकूल बनेगी और मतदान की आसानी बढ़ेगी।"
Advertisement
एडवांटेज असम 2.0 पर क्या बोले सीएम हिमंता?
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने एडवांटेज असम 2.0 पर कहा, "हम सभी ने देखा है कि हर कोई बहुत उत्साहित है। हमने कई MoU पर हस्ताक्षर किए हैं। अब चुनौती इन MoU को हकीकत में बदलने की होगी।"
कुंभ के आयोजन के लिए लाना चाहते हैं एक्ट: गिरीश महाजन
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने नासिक कुंभ को लेकर हुई बैठक पर कहा, "हम यहां एक एक्ट लाना चाहते हैं ताकि कुंभ मेले का काम अच्छे से हो, सरल हो, और तेजी से हो। आज मुख्यमंत्री जी ने जो बैठक की उसमें चर्चा हुई, आने वाले सत्र में इस एक्ट को लाया जाएगा। कुंभ के लिए परिवहन, हवाई मार्ग, रेलवे, भीड़ प्रबंधन और आरोग्य, आदि को लेकर बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे की कमी नहीं होगी, ये कुंभ सुरक्षित हो, इसी को लेकर आज चर्चा हुई।"
विपक्षियों का सूपड़ा साफ हो जाएगा: राजू कुमार
बिहार के मंत्री राजू कुमार सिंह ने कहा, "आज जरूर क्षेत्रीय जनता खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही होगी कि हमारा विधायक मंत्री बना है... मुझे अंदर से बहुत खुशी है लेकिन इसी के साथ जवाबदेही की भी चिंता सता रही है... विपक्षियों का सूपड़ा साफ हो जाएगा... हम पहले से ही बोल रहे हैं कि इस बार NDA 200 पार होगी और विपक्ष 40 से नीचे ही रहेगा।"
रेखा गुप्ता जो भी काम हाथ में लेती हैं, पूरा होने तक नहीं छोड़तीं: NCW चीफ
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री एक महिला हैं और भाजपा की बहुत अच्छी कार्यकर्ता हैं। मुझे बहुत खुशी है कि पार्टी ने एक मेहनती कार्यकर्ता को मौका दिया है जो लगातार पार्टी के लिए काम करती रही है। रेखा गुप्ता जो भी काम हाथ में लेती हैं, उसे पूरा होने तक नहीं छोड़तीं।"
जिबेश कुमार ने पीएम मोदी का किया धन्यवाद
बिहार के मंत्री जिबेश कुमार ने कहा," मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी को धन्यवाद करता हूं साथ ही साथ बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अपने प्रदेश अध्यक्ष को धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे इस लायक समझा कि पुन: मुझे दायित्व देने का काम किया है। कम समय में हमें ज्यादा काम करना है इसलिए हमें गति बढ़ाकर रखनी होगी।"
मंत्री बनने के बाद क्या बोले संजय सरावगी?
बिहार के मंत्री संजय सरावगी ने कहा, "हम निर्वहन करेंगे और मिथला का मान-सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है यह पाग... निश्चित रूप से मुख्यमंत्री ने हम पर जो विश्वास किया है, उस पर हम खरे उतरेंगे... हम पूरे बिहार का काम देखेंगे...पूरे बिहार में हमारा लक्ष्य 225 सीटों से ज्यादा का है..."
जिन्हें मंत्री बनाया गया, सभी के पास लंबा अनुभव है: दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "जिन लोगों को मंत्री बनाया गया है, सभी के पास लंबा अनुभव है और इस लंबे अनुभव का लाभ जनता और सरकार को मिलेगा।
सभी स्टेशनों पर नजर रख रही रेलवे: दिलीप कुमार
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, "भारतीय रेल सिर्फ प्रयागराज ही नहीं बल्कि अयोध्या, वाराणसी व अन्य सभी स्टेशनों पर नजर रख रही है। आज भी हमारा प्रयास 350 से अधिक ट्रेनें चलाकर लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का है। प्रयागराज के सभी 9 स्टेशनों व देश के प्रमुख स्टेशनों जैसे नई दिल्ली, पटना, आनंद विहार, वाराणसी आदि पर नजर रखी जा रही है... यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की गई है।"
राजद के लोग अपनी बेचैनी पर काबू रखें: उपेंद्र कुशवाहा
RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "मंत्रिपरिषद का विस्तार पहले से ही होने की उम्मीद थी। जिस समय पूरा मंत्रिपरिषद बना था, उस समय कुछ स्थान खाली रह गए थे जिसमें भाजपा कोटा था और उसी आधार पर आज विस्तार हो रहा है। इसमें कुछ नया नहीं है...ऐसा नहीं है कि यह अचानक हुआ, यह पहले से ही होना था...कोई बेचैनी नहीं है, राजद के लोग अपनी बेचैनी पर काबू रखें..."
'महायुति सरकार फडणवीस, शिंदे और अजीत पवार जी के नेतृत्व में आगे चल रही'
महाराष्ट्र मंत्री शंभुराज देसाई ने कहा, "विधानसभा चुनाव में महायुति को जो बहुमत मिला है उस बहुमत की वजह से सभी विरोधियों को ये पता चल गया है कि महायुति की सरकार देवेन्द्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार जी के नेतृत्व में बहुमत से आगे चलने वाली है इसलिए अभी तीनों पक्षों के नजदीक आने का प्रयास महायुति के खिलाफ जो लोग हैं उनका चल रहा है।"
बिहार में कैबिनेट का विस्तार
बिहार में आज NDA सरकार के कैबिनेट का विस्तार हुआ। नए मंत्रियों ने शपथग्रहण किया। संजय सरावगी, सुनील कुमार, जीबेश मिश्रा समेत अन्य मंत्रियों को राज्यपाल ने शपथ दिलाई।
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने केजरीवाल पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, "...हम बार-बार कह रहे थे कि ये आदमी (अरविंद केजरीवाल) सत्ता के बिना नहीं रह सकता...अगर संजीव अरोड़ा विधायक की सीट जीत जाते हैं तो वे सांसद और विधायक दोनों पद नहीं रख सकते। अगर हार जाते हैं तो ये उनसे कहेंगे कि आप विधायक की सीट हार गए, हम आपको अब सांसद की सीट क्यों दें, चित और पट दोनों अरविंद केजरीवाल की हैं...अभी तो चुनाव की घोषणा भी नहीं हुई है, फिर भी हो सकता है कि पहले ही संजीव अरोड़ा का इस्तीफा(राज्यसभा से) ले लिया जाए ताकि अरविंद केजरीवाल सांसद बन जाए..."
महाकुंभ मेला क्षेत्र में एयर शो का आयोजन
भारतीय वायु सेना ने महाकुंभ 2025 के अंतिम दिन महाकुंभ मेला क्षेत्र में एयर शो का आयोजन किया।
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले BJP की बैठक
बिहार मंत्रिमंडल विस्तार से पहले भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में बैठक की।
महाशिवरात्रि समारोह में शामिल हुईं CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के अशोक विहार में महाशिवरात्रि समारोह में शामिल हुईं।
2 मई से भक्तों के दर्शन के लिए बाबा केदार के कपाट खोले जाएंगे- CM
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2 मई को श्री केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाने पर कहा, "यह बहुत शुभ दिन है कि 2 मई से भक्तों के दर्शन के लिए बाबा केदार के कपाट खोले जाएंगे... हमने सभी व्यवस्थाओं की पहले ही समीक्षा कर ली है... सभी विभाग मिलकर यात्रा का अच्छा संयोजन करेंगे। बाबा की कृपा से यह यात्रा सफल और ऐतिहासिक होगी।"
BJP कोटे से सात मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना- दिलीप जायसवाल
बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "आज शाम 4 बजे राज्यपाल ने राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए सहमति दे दी है। भाजपा कोटे से सात मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है।"
AAP झूठ बनाने की मशीन बन गई है- प्रवीण खंडेलवाल
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप(मुख्यमंत्री कार्यालय से बाबासाहेब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटाई गई) पर कहा, "यह AAP की एक सोची-समझी साजिश थी... वे लोग राजनीति में नए मानदंड स्थापित करने आए थे, उनसे अपेक्षा की जाती थी कि कम से कम लोकतंत्र में जो उनकी पराजय हुई है वे उसको स्वीकार करेंगे... AAP झूठ बनाने की मशीन बन गई है और आज वे(विपक्ष) झूठे नैरेटिव गढ़ने में माहिर हैं। यही काम उन्होंने नए सत्र के पहले दिन किया... दिल्ली की जनता इस बात को समझती है कि बाबा साहेब का अपमान वास्तविक तौर पर कौन कर रहा है।"
दिलीप जायसवाल के इस्तीफे पर क्या बोले राजीव रंजन?
JD(U) नेता राजीव रंजन प्रसाद ने बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के मंत्री पद से इस्तीफा देने पर कहा, "भाजपा सैद्धांतिक तौर पर फैसला ले चुकी है कि एक व्यक्ति एक ही पद पर आसीन हो सकता है... पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर अब वे आगे अपनी भूमिका का निर्वाहन करेंगे।"
राज्यसभा नहीं जा रहे हैं केजरीवाल- प्रियंका कक्कड़
AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा नहीं जा रहे हैं। जहां तक अरविंद केजरीवाल का सवाल है, पहले मीडिया सूत्र कह रहे थे कि वो पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। अब मीडिया सूत्र कह रहे हैं कि वो राज्यसभा से चुनाव लड़ेंगे। ये दोनों सूत्र बिल्कुल गलत हैं। अरविंद केजरीवाल AAP के राष्ट्रीय संयोजक हैं। मैं मानती हूं कि उनकी मांग बहुत ज्यादा है, लेकिन वो किसी एक सीट तक सीमित नहीं हैं।
AAP ने दोहरा चरित्र दिखाया- सतीश उपाध्याय
विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप (मुख्यमंत्री कार्यालय से बाबासाहेब अंबेडकर और भगत सिंह की तस्वीरें हटाई गई) पर BJP विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा, "AAP के लोगों ने दोहरा चरित्र दिखाया है। अपने भ्रष्टाचार को छिपाने और CAG की रिपोर्ट को दबाने के लिए उन्होंने सदन में शहीद भगत सिंह के नाम का दुरुपयोग किया... इस पर आपको शर्म आनी चाहिए।"
हादसे पर JMM सांसद महुआ माजी के बेटे का बयान
JMM राज्यसभा सांसद महुआ माजी के बेटे सोमवित माजी ने कहा, "हम प्रयागराज में महाकुंभ से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई...मेरी मां (महुआ माजी) और पत्नी पीछे की सीट पर थीं। मैं कार चला रहा था और करीब 3:45 बजे मुझे नींद आ गई और कार कहीं टकरा गई। कार के अंदर धुआं था और हम बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। मैंने अपनी मां को कार से बाहर निकाला और हमने देखा कि उनकी कलाई टूट गई थी और उनके हाथों से खून बह रहा था। उन्होंने हमें बताया कि उनके सीने और हाथों में बहुत दर्द हो रहा था। हमने उन्हें लातेहार के एक अस्पताल में भर्ती कराया। उसके बाद हम उन्हें रांची ले गए। डॉक्टरों का कहना है कि उनका बायां हाथ टूट गया है और उनकी पसलियां हल्की क्षतिग्रस्त हैं। उनके हाथों की सर्जरी करनी होगी। वह हमसे बात करने में सक्षम हैं। सभी टेस्ट हो चुके हैं..."
CM नायब सिंह सैनी ने की पूजा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाशिवरात्रि के अवसर पर पूजा-अर्चना की।
प्रयागराज से लौटते समय महुआ माजी का एक्सीडेंट
JMM राज्यसभा सांसद महुआ माजी को प्रयागराज से लौटते समय झारखंड के लातेहार के पास दुर्घटना का शिकार हुई जिसके बाद रांची के ऑर्किड मेडिकल सेंटर में उन्हें भर्ती कराया गया।
मंत्री पद से इस्तीफा देंगे दिलीप जायसवाल
BJP आलाकमान से बातचीत के बाद मंत्री दिलीप जायसवाल ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया। दिलीप जायसवाल मंत्री पद से इस्तीफा देंगे और बिहार बीजेपी के अध्यक्ष बने रहेंगे। कैबिनेट विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के आवास पर भी एक बड़ी बैठक होगी। बैठक के बाद ही नाम का विचार होगा। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का विशेष अधिकार है। मंत्रिमंडल विस्तार का कब करेंगे यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही बताएंगे।
ईटानगर पहुंचे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ईटानगर हवाई अड्डे पर पहुंचे। वो आज कामले जिले के कामपोरिजो सर्कल में पहली बार आयोजित होने वाले संयुक्त मेगा न्योकुम युल्लो समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
कनॉट प्लेस के प्राचीन शिव मंदिर में बांसुरी स्वराज ने की पूजा
BJP सांसद बांसुरी स्वराज ने महाशिवरात्रि के अवसर पर कनॉट प्लेस के प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, "आप सभी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं... एक अद्भुत ऊर्जा और शांति का अनुभव हुआ है। मां पार्वती और भगवान शिव के मिलन का यह महापर्व प्रकृति में संतुलन का दिन है।"
CM योगी ने मंदिर में की पूजा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के अवसर पर रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की।
PM मोदी ने दी महाशिवरात्रि की बधाई
पीएम मोदी ने देशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “सभी देशवासियों को भगवान भोलेनाथ को समर्पित पावन-पर्व महाशिवरात्रि की असीम शुभकामनाएं। यह दिव्य अवसर आप सभी के लिए सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए, साथ ही विकसित भारत के संकल्प को सुदृढ़ करे, यही कामना है। हर-हर महादेव!”
महाकुंभ में श्रद्धालुओं पर की गई पुष्प वर्षा
प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर महाकुंभ के अंतिम स्नान में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जा रही है।
जनता दर्शन के दौरान बच्चों से मिलते CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में 'जनता दर्शन' के दौरान बच्चों से बातचीत की।
महाकालेश्वर मंदिर में CM मोहन यादव ने की पूजा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में भगवान शिव की पूजा की।
CM रेखा गुप्ता ने गौरी शंकर मंदिर में की पूजा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महाशिवरात्रि के अवसर पर गौरी शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा, "मेरी ओर से समस्त भारतवासियों को शिवरात्रि के इस महापर्व की बहुत सारी शुभकामनाएं और बधाई। मैं प्रार्थना करती हूं कि भोलेनाथ और मां गौरा का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और दिल्ली और देश तरक्की करे..."
काशी विश्वनाथ मंदिर में संतों पर पुष्प वर्षा
महाशिवरात्रि के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में संतों पर पुष्प वर्षा की जा रही है।
प्रयागराज में उमड़ी भारी भीड़
महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु पावन स्नान के लिए महाकुंभ में पहुंच रहे हैं। सुबह से अबतक 41 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। आज 3 करोड़ श्रद्धालुओं के महाकुंभ पहुंचने की संभावना है। इस बीच सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर स्थित नियंत्रण कक्ष से महाकुंभ की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।