अपडेटेड 4 August 2023 at 13:29 IST
कौन हैं AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू, जिन्हें पूरे मानसून सत्र के लिए किया गया निलंबित?
आम आदमी पार्टी (AAP) के एकमात्र सांसद सुशील कुमार रिंकू (Sushil Kumar Rinku) शेष मानसून सत्र से निलंबित किए जा चुके हैं। रिंकू लोकसभा में आम आदमी पार्टी के एकमात्र सांसद हैं।
- भारत
- 2 min read

संसद (Parliament) का मानसून सत्र चल रहा है। 20 जुलाई से सत्र शुरू हुआ था, जो 11 अगस्त तक चलेगा, लेकिन शेष मानसून सत्र से लोकसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के एकमात्र सांसद सुशील कुमार रिंकू (Sushil Kumar Rinku) कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। लोकसभा से गुरुवार को AAP सांसद सुशील कुमार रिंकू को निलंबित कर दिया गया।
खबर में आगे पढ़ें:-
- सुशील कुमार रिंकू लोकसभा में AAP के इकलौते सांसद
- पूरे मानसून सत्र से रिंकू को निलंबित किया गया
- रिंकू को कुछ ऐसा रहा है राजनीतिक करियर
आसन की तरफ कागज फेंकने पर निलंबित हुए रिंकू
लोकसभा में केंद्र की सरकार दिल्ली सेवा बिल लेकर आई थी। सुशील कुमार रिंकू ने इसका विरोध किया था और इसी बीच उन पर आसन की तरफ कागज फेंकने के आरोप लगे। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रिंकू के निलंबन का प्रस्ताव पेश किया, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार करते हुए रिंकू को शेष मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया।
जालंधर के डीएवी कॉलेज से पढ़े रिंकू
रिंकू लोकसभा में आम आदमी पार्टी के एकमात्र सदस्य हैं। वो पंजाब के जालंधर से सांसद हैं। रिंकू ने जालंधर के डीएवी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की और अपने छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। वह अपने कॉलेज के दिनों में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के एक प्रमुख सदस्य थे।
Advertisement
यह भी पढ़ें: राज्यसभा में 119 का जादुई आंकड़ा कैसे होगा पार? दिल्ली सेवा बिल पर इन दलों ने बढ़ाई केजरीवाल की टेंशन
सुशील कुमार रिंकू का राजनीतिक करियर
सुशील कुमार रिंकू राजनीतिक फैमिली से आते हैं। उनके पिता कांग्रेस में रहे थे। रिंकू खुद कांग्रेस के पार्षद रहे और उनकी पत्नी भी कांग्रेस में रहीं। 2017 में रिंकू को जालंधर पश्चिम से कांग्रेस विधायक के रूप में चुना गया था। हालांकि बाद में उन्हें कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों के चलते निलंबित कर दिया था।
Advertisement
कांग्रेस से निकाले जाने के बाद सुशील कुमार रिंकू ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। 10 मई को जब जालंधर में लोकसभा उपचुनाव हुआ तो आम आदमी पार्टी ने रिंकू को कांग्रेस के खिलाफ मैदान में उतारा। कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद जालंधर की लोकसभा सीट खाली हो गई थी। उपचुनाव में रिंकू को जीत मिली।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 4 August 2023 at 12:51 IST
