'ये राष्ट्र गीत है अखिलेश यादव जी, फिल्मी गाना नहीं...', लोकसभा में वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान अनुराग ठाकुर ने ऐसा क्यों कहा?
Anurag Thakur on Akhilesh Yadav : लोकसभा में वंदे मातरम् पर चल रही चर्चा में BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना था। उन्होंने अखिलेश यादव को राष्ट्र गीत और फिल्मी गाने के बीच का अंतर भी समझाया।
- भारत
- 2 min read

Vande Mataram debate in Lok Sabha : भारत के राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर संसद में विशेष चर्चा हो रही है। वंदे मातरम् पर लोकसभा में हुई चर्चा की शुरुआत खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की। पीएम मोदी ने इस गीत को स्वतंत्रता संग्राम के दौरान साहस और संकल्प का रास्ता दिखाने वाला बताया, तो वोटबैंक के लिए कांग्रेस पर इसके अपमान का भी आरोप लगा दिया।
लोकसभा में चर्चा के दौरान हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा एक समय वह था जब वंदे मातरम् का शताब्दी वर्ष था। उस समय आपातकाल लगाकर इंदिरा गांधी ने देश को अंधकार में डाल दिया था। उस समय तो चर्चा भी नहीं हो पाई थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में देश के सामने वंदे मातरम् का इतिहास और इसके महत्व को देश के सामने रखा। यह कोई धार्मिक गीत नहीं है, यह राष्ट्रगीत है।
'ये राष्ट्र गीत है अखिलेश यादव जी...'
अनुराग ठाकुर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सपा नेता अबू आजमी और शफीकुर्रहमान बर्क का नाम लेकर अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव जी तो कह देते हैं, बच्चों को अधिकार है कि कौन सा गाना सुनना है। लेकिन सर, यह फिल्मी गीत नहीं है, यह लोरी नहीं है, यह राष्ट्रगीत है। आप आर्मी स्कूल में पढ़े हैं, लेकिन आपको इतना पता नहीं कि वंदे मातरम् और फिल्मी गीत में अंतर होता है भाई।"
पीएम मोदी ने बताया गौरव का पल
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे गौरव का पल बताया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण अवसर पर हमने सामूहिक चर्चा का रास्ता चुना है। जिस मंत्र ने, जिस जयघोष ने देश के आजादी के आंदोलन को ऊर्जा और प्रेरणा दी, त्याग और तपस्या का मार्ग दिखाया, उस वंदे मातरम् का पुण्य स्मरण करना सदन में हम सबका बहुत बड़ा सौभाग्य है। ये हमारे लिए यह गर्व की बात है कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं और हम सभी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन रहे हैं।