अपडेटेड 10 July 2025 at 10:43 IST

'कन्हैया कुमार जैसे लोगों से घबराती है RJD', तेजस्वी यादव पर फायर हुए प्रशांत किशोर, कांग्रेस को बताया आरजेडी की पिछलग्गू पार्टी

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में महागठबंधन की ओर से निकाली गए मार्च में कन्हैया कुमार को गाड़ी पर चढ़ने नहीं दिया गया। अब इस पर प्रशांत किशोर का बयान आया है। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है।

Follow : Google News Icon  
Prashant Kishor Tejashwi Yadav
Prashant Kishor Tejashwi Yadav | Image: Republic

Prashant Kishor on RJD-Congress: बिहार में विधानसभा चुनाव की हलचल तेज हो गई है। बुधवार, 9 जुलाई को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में महागठबंधन ने बिहार बंद का ऐलान किया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी पटना में हुए बिहार बंद के समर्थन में शामिल हुए।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विपक्ष साथ जुटकर अपनी एकता दिखाना चाहता था। लेकिन जो तस्वीरें आईं वो उससे बिल्कुल उलट थीं। विरोध के दौरान कन्हैया कुमार और पप्पू यादव को मंच पर चढ़ने से रोक दिया गया। अब सामने आई इन तस्वीरों से बिहार में राजनीतिक बहस गर्मा गई है।

आरजेडी की पिछलग्गू पार्टी है कांग्रेस- पीके

इसी मुद्दे पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस को बिहार में आरजेडी की पिछलग्गू पार्टी बताया है। उन्होंने कन्हैया कुमार को लेकर कहा कि आरजेडी नहीं चाहती है कि बिहार में कांग्रेस का कोई ऐसा नेता सक्रिय हो जो आरजेडी को चुनौती दे सकते हैं।

प्रशांत किशोर ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'कन्हैया कुमार बिहार में कांग्रेस पार्टी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं। मुझे कहने में कोई गुरेज नहीं है कि कांग्रेस के बिहार में जितने भी नेता हैं उनमें से अगर किसी में प्रतिभा है तो वो कन्हैया कुमार हैं। कन्हैया उन चंद नेताओं में से एक हैं जो कुछ कर सकते हैं। अगर कांग्रेस उनका इस्तेमाल बिहार में नहीं कर रही है तो यह दिखाता है कि कांग्रेस बिहार में आरजेडी की पिछलग्गू पार्टी है।'

Advertisement

'कन्हैया कुमार जैसे लोगों से घबराती है RJD'

उन्होंने अपनी बात रखते हुए आगे कहा, 'आरजेडी का नेतृत्व कन्हैया कुमार जैसे लोगों से इतना घबराता है कि उन्हें लगता है कि अगर कोई नया व्यक्ति आ जाएगा, तो वह नेतृत्व को चुनौती देगा। राजद कभी नहीं चाहेगा कि उनके जैसे नेता या अन्य प्रभावशाली नेता कांग्रेस में सक्रिय हों। कांग्रेस का बिहार में कोई आधार नहीं है। बिहार में कांग्रेस केवल वही करती है जो राजद का नेतृत्व तय करता है।'

पीके ने आरजेडी पर लगाया आरोप

पीके ने आरोप लगाते कहा कि कन्हैया कुमार के गाड़ी पर न चढ़ने का प्रमुख कारण आरजेडी है। उन्होंने कहा कि आरजेडी के नेतृत्व ने ही कहा होगा कि कन्हैया कुमार इस गाड़ी पर नहीं रहने चाहिए। कन्हैया कुमार सीडब्ल्यूसी में आमंत्रित सदस्य है और उन्हें ही गाड़ी में चढ़ने नहीं दिया जा रहा। यह बिहार में कांग्रेस की स्थिति को दर्शाता है। इस बात को कहीं न कहीं प्रमाणित करता है कि कम से कम बिहार के नजरिये से कांग्रेस का कोई वजूद नहीं है। कांग्रेस वही करती है जो आरजेडी तय करता है।'

Advertisement

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि बुधवार को कन्हैया कुमार और पप्पू यादव को पटना में 'बिहार बंद' रैली के दौरान उस ओपन ट्रक में बने अस्थाई मंच पर चढ़ने नहीं दिया गया जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मौजूद थे। घटना के सामने आए वीडियो में दोनों नेताओं को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ जाने से रोका गया, जिससे गठबंधन में दरार की अटकलें तेज हो गई हैं। यह रैली विधानसभा चुनावों से पहले बिहार में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण के चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ महागठबंधन के विरोध का हिस्सा थी। 

यह भी पढ़ें: बिहार बंद के जरिए महागठबंधन दिखाना चाहता था ताकत, लेकिन कन्हैया और पप्पू यादव की 'बेइज्जती' से उल्टी पड़ जाएगी चाल?

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 10 July 2025 at 10:30 IST