अपडेटेड 5 March 2024 at 18:27 IST

प्रहलाद पटेल का राहुल गांधी पर हमला, बोले- 'उनकी हल्की टिप्पणियां कांग्रेस को और गर्त में ले जाएंगी'

मध्यप्रदेश के काबीना मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि देश के नेतृत्व के बारे में गांधी की कथित तौर पर हल्की टिप्पणियां कांग्रेस को और गर्त में ले जाएगी।

Follow : Google News Icon  
Prahlad Singh Patel
Prahlad Singh Patel | Image: Image : Facebook

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ के दौरान अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मध्यप्रदेश के काबीना मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंगलवार को कहा कि देश के नेतृत्व के बारे में गांधी की कथित तौर पर हल्की टिप्पणियां कांग्रेस को और गर्त में ले जाएंगी।

गांधी की अगुवाई वाली ‘‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’’ फिलहाल मध्यप्रदेश से गुजर रही है। यात्रा के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ गांधी के तीखे हमलों को लेकर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर पटेल ने यहां संवाददाताओं से कहा,‘‘देश के लोकतंत्र में अमर्यादित भाषा कभी स्वीकार्य नहीं है। देश के नेतृत्व का लोहा दुनिया मानती है। इस नेतृत्व के बारे में (गांधी द्वारा) हल्की टिप्पणियां कांग्रेस को और गर्त में ले जाएंगी।’’

उन्होंने कहा कि इन दिनों कांग्रेस के खेमे से लोग भाग रहे हैं और कांग्रेस को ऐसी टिप्पणियां शोभा नहीं देतीं।

भाजपा द्वारा सोशल मीडिया मंचों पर शुरू किए गए ‘‘मोदी का परिवार’’ अभियान पर पटेल ने कहा कि उन्होंने भी अपने सोशल मीडिया खाते पर उनके नाम के आगे ‘‘मोदी का परिवार’’ जोड़ा है और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर गर्व करते हैं।

Advertisement

कमलनाथ और उनके परिवार का गढ़ मानी जाने वाली छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा द्वारा पटेल को उम्मीदवार बनाए जाने की संभावनाओं पर उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इसमें दो मत नहीं हैं कि भाजपा यह सीट जीतना चाहती है, लेकिन उम्मीदवारी का फैसला पार्टी आलाकमान करता है। पटेल ने कहा कि उन्होंने भाजपा का कोई भी आदेश मानने से कभी इनकार नहीं किया है।

Advertisement

इसे भी पढ़ें : कमलनाथ नहीं लड़ेंगे चुनाव, लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व CM का बड़ा ऐलान

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 5 March 2024 at 18:24 IST