राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में ऐसा क्या हुआ, भड़क गई बीजेपी? PM मोदी की मिमिक्री और बुजुर्ग महिला के अपमान पर खोला मोर्चा
राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि उसे लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस पर बीजेपी ने आरोप लगाता है कि पीएम मोदी और एक बुजुर्ग महिला का अपमान किया गया है।
- भारत
- 4 min read

BJP on Rahul Gandhi: मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक कॉमेडियन ने पीएम मोदी की मिमिक्री की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पर बीजेपी नेताओं ने कड़ा ऐतराज जताया है। बीजेपी ने प्रधानमंत्री को लेकर की गई टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी की तीखी आलोचना की है।
दरअसल, बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पीएम मोदी की एक रैली के दौरान का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे एक बुजुर्ग महिला को बैठने के लिए कुर्सी देने की बात कह रहे हैं। छात्रों की गूंज में इसी को लेकर मिमिक्री की गई।
बुजुर्ग को दिलाई कुर्सी दिलाने पर उड़ाया मजाक- BJP
इसे लेकर बीजेपी ने ट्वीट कर लिखा, 'एक तरफ पीएम मोदी ने एक बुजुर्ग मां को सम्मान और अपनापन दिया, दूसरी तरफ राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में उनका मजाक उड़ाया। यही फर्क है संस्कार और दिखावे की राजनीति में। जिस उम्र में सम्मान मिलना चाहिए, वहां राहुल गांधी का यह शर्मनाक रवैया उनकी सोच के बारे में क्या कहता है?'
नारी शक्ति का अपमान किया- सीआर केसवन
वहीं बीजेपी नेता सीआर केसवन ने भी एक्स पर लिखा, 'कल राहुल गांधी ने ऐसे घटिया और भद्दे ट्रोल के साथ मंच साझा किया, जिन्होंने एक कमजोर बुजुर्ग माताजी का मजाक उड़ाते हुए उन्हें 'सेटिंग' कहकर हमारी नारी शक्ति का अपमान किया। कोई भी सभ्य और सही सोच वाला व्यक्ति ऐसी बदजुबानी और हरकतों को मजेदार नहीं मानेगा। लेकिन राहुल गांधी मंचपर जोर-जोर से हंसते हुए दिखे। राहुल गांधी की इस असभ्य संस्कृति से पता चलता है कि वे युवाओं से क्यों नहीं जुड़ पाए हैं, जैसा कि उनके कांग्रेस सहयोगी शशि थरूर ने भी कहा है।'
Advertisement
राहुल गांधी में गरिमा की कमी- केसवन
सीआर केसवन ने आगे लिखा, 'राहुल गांधी द्वारा बढ़ावा दी जाने वाली कड़वाहट और नफरत की राजनीति ही वह मुख्य कारण है जिसकी वजह से DUSU चुनावों में युवाओं ने कांग्रेस को बुरी तरह हराया और पूरी तरह नकार दिया। जहां एक तरफ PM मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी का इंतजाम किया, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी तब मजाक-मस्ती में लगे रहे जब उनका बेशर्मी से अपमान किया जा रहा था। राहुल गांधी, जो ऐसे मसखरों और भद्दे सर्कस जैसे तमाशों का समर्थन करते हैं, उनमें एक राजनीतिक नेता के तौर पर गंभीरता और गरिमा की कमी है।'
PM मोदी की अंग्रेजी पर मजाक को लेकर भी घिरे
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ सलाहकार दिलीप मंडल ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर लिखा, ‘राहुल को परिवार ने सेंट कोलंबस स्कूल, ट स्टीफंस कॉलेज और फिर कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में पढ़ाया। उनको गुजराती स्कूल में पढ़े एक कस्बाई लोअर मिडिल क्लास आदमी की इंग्लिश का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए, राहुल को इससे नुकसान ही हुआ है। खासकर गरीब, ग्रामीण और कस्बाई जनता इसे पसंद नहीं करती।’
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
राहुल गांधी ने शनिवार, 19 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की विदेश नीतियों लेकर तंज कसा। इसी कार्यक्रम में एक कॉमेडियन ने पीएम मोदी की मिमिक्री भी की।
छात्रों के साथ संवाद के दौरान विदेशी कूटनीति पर चर्चा के बीच मंच पर एक कॉमेडियन पहुंच गए और उन्होंने राहुल गांधी को गले से लगा लिया। इसके बाद एक्ट के दौरान वे कई बार राहुल गांधी से गले मिले। इसी घटनाक्रम को लेकर राहुल गांधी बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं।