अपडेटेड 20 July 2021 at 17:45 IST
पेगासस कांड : शिवराज सिंह चौहान ने कहा- सॉफ्टवेयर से जासूसी कराने का मामला साजिश का हिस्सा
विपक्ष जहां कथित रूप से जासूसी के आरोप लगा रहा है तो केंद्र सरकार इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है।
- भारत
- 2 min read

संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ कथित इजरायली स्पाईवेयर पेगासस के मसले ने भारतीय राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्ष जहां कथित रूप से जासूसी के आरोप लगा रहा है तो केंद्र सरकार इन आरोपों को सिरे से खारिज कर रही है। इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए इसे साजिश करार दिया है। मुख्यमंत्री चौहान का कहना है कि इजराइल कंपनी द्वारा बनाए गए सॉफ्टवेयर से जासूसी कराने का मामला साजिश का हिस्सा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है, 'इजराइल कंपनी द्वारा बनाए गए सॉफ्टवेयर से जासूसी कराने का मामला साजिश का हिस्सा है। भारत को निशाना बनाया जा रहा है। भारत सरकार को इससे जोड़ने का एक भी साक्ष्य नहीं है। विदेशी ताकतें और कांग्रेसी मित्र मोदी जी के काम को पचा नहीं पा रहे हैं। मानसून सत्र से एक दिन पहले मामले को सामने लाया गया, ताकि जन सरोकार के मुद्दों पर चर्चा न हो सके।'
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की विश्व स्तर पर 'देश को बदनाम करने' के लिए निंदा की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'विपक्षी दल एक बड़ी साजिश के पीछे हैं और उन्होंने संसद में चर्चा से पहले केंद्र पर आरोप लगाए थे। विपक्ष जासूसी कांड के बहाने चर्चा करने की अनुमति नहीं दे रहा है और झूठे और निराधार आरोप लगाकर देश को बदनाम कर रहा है। देश में किसान प्रदर्शन और कोरोना प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जानी थी, लेकिन विपक्ष संसद की प्रक्रियाओं को नष्ट करने पर अड़ा है। यह लोकतंत्र का अपमान है।'
उधर, पेगासस विवाद को लेकर दिल्ली में कांग्रेस ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय के पास पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन में अपना प्रदर्शन शुरू किया और फिर वह बीजेपी कार्यालय पहुंचे। रिपब्लिक टीवी से बात करते हुए कांग्रेसियों ने कहा कि, "हम बीजेपी के झूठ के खिलाफ और भारतीय नागरिकों की जासूसी के खिलाफ यह प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारे लोकतंत्र पर हमला किया जा रहा है और गांधी परिवार जिसने देश के लिए इतना बलिदान दिया है, उसकी जासूसी की जा रही है। ऐसी चीजें ब्रिटिश शासन के दौरान हुआ करती थीं।"
Published By : Digital Desk
पब्लिश्ड 20 July 2021 at 17:45 IST