अपडेटेड 19 December 2024 at 18:44 IST
'राहुल ने माफी नहीं मांगी, INDI ने लोकतंत्र को कलंकित किया, देश माफ नहीं करेगा', शिवराज सिंह का वार
कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राहुल ने माफी नहीं मांगी, INDI ने लोकतंत्र को कलंकित किया, देश माफ नहीं करेगा।
- भारत
- 3 min read
संसद में बीआर अंबेडकर को लेकर चल रहे हंगामे के बीच भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के सांसदों के बीच धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई। धक्का-मुक्की में दो सांसदों को गहरी चोट भी आई। घटना के बाद कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने प्रेस-कॉन्फ्रेंस की। वहीं बीजेपी की ओर से भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला किया गया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "अभी-अभी कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे जी ने और राहुल गांधी जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। हम सोच रहे थे कि वो संसद में उनके द्वारा किए गए कुकृत्य की क्षमा मांगेंगे, लेकिन उन्होंने क्षमा नहीं मांगी। मुझे तो समझ ही नहीं आया कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों की। उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उनका अहंकार झलक रहा था।"
अशालीन, अशोभनीय और गुंडागर्दी से भरा व्यवहार था: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि आज मेरा मन भारी है, व्यथित है, पीड़ा से भरा हुआ है। मैं एक दर्जन बार लोकसभा और विधानसभा का सदस्य रहा हूं। मैंने सांसदों और विधायकों के व्यवहार और आचरण को देखा है, लेकिन आज जो संसद में हुआ उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। अशालीन, अशोभनीय और गुंडागर्दी से भरा व्यवहार किया गया, जिसकी सभ्य समाज कल्पना भी नहीं कर सकता।
भाजपा नेता ने कहा, "जब मैं देखने गया तो मुकेश राजपूत उस समय तक होश में नहीं थे। उनकी MRI की जा रही है। क्या संसद में ऐसे दृश्य देखे जाएंगे, क्या तर्कों का सहारा लेने की बजाय शारीरिक ताकत का प्रयोग किया जाएगा। सांसदों को ये अधिकार है कि वो किसी बात पर विरोध प्रकट करें। कांग्रेस भी कई दिनों से विरोध प्रकट कर रही थी, मकर द्वार पर उनके सांसद एकत्र होते थे। तब हम लोगों को जाना होता था, तो हम द्वार बदल लेते थे या पास में जो space होता था उसमें से चुपचाप निकलकर अंदर चले जाते थे।"
Advertisement
लोकतंत्र को कलंकित करने का पाप कांग्रेस और इंडी ने किया: BJP
कांग्रेस पर हमलावर होते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "2 बजे जब हम लोकसभा में पहुंचे तो कांग्रेस के सांसदों ने सारी मर्यादा तोड़ दी। वे अध्यक्ष की आसंदी के ऊपर चढ़ गए। मैंने अपने जीवन में आजतक ऐसा नहीं देखा था। आज आसंदी की मर्यादा को पैरों तले रौंदा गया है, लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई गई हैं, संविधान को कुचला गया है, लोकतंत्र को कलंकित करने का पाप कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोगों ने किया है। इसके लिए देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।"
BJP नेता ने कहा कि हमारी एक आदिवासी सांसद बहन श्रीमती कोन्याक ने जो कुछ कहा है, वो सुनकर व्यथा से हम भर जाते हैं। उन्होंने सभापति जी को शिकायत की है कि उनके साथ अशालीन, असभ्य, अमर्यादित व्यवहार किया गया। सभापति कह रहे हैं कि वह उनके पास रोती हुई आई थी। क्या महिला आदिवासी सांसद के साथ ऐसा व्यवहार किया जाएगा, क्या उनके इतने निकट पहुंचे कि वो असहज हो जाएं। मां-बहन-बेटी का सम्मान भारत की प्राथमिकता रही है, लेकिन महिला आदिवासी सांसद के साथ ऐसे व्यवहार की कोई कल्पना कर सकता है क्या? क्या हो गया है राहुल गांधी और कांग्रेस को?
Advertisement
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 19 December 2024 at 18:44 IST