भारत के प्रति शत्रुता की भावना से अस्थिर हुआ पाकिस्तान: अनुराग ठाकुर

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत को अस्थिर करने की कोशिश में खुद को अस्थिर कर लिया है।

Follow : Google News Icon  
anurag thakur
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर | Image: Republic Bharat

Anurag Thakur: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि भारत ने कभी भी पाकिस्तान के प्रति दुर्भावना नहीं रखी लेकिन पड़ोसी देश ने नयी दिल्ली के प्रति शत्रुता की अपनी भावना से खुद को अस्थिर कर लिया है। ठाकुर ने अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएड) की फंडिंग को लेकर चल रहे विवाद के बारे में दावा किया कि भारत में मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए 2.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि ने उन लोगों को पूरी तरह से बेनकाब कर दिया है जो भारत में लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलकर साजिश कर रहे हैं।

अनुराग ठाकुर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘सीमा पर गोलीबारी के लिए पाकिस्तान को अतीत की तरह मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। यदि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतें बंद नहीं करता है, तो हमारी सेनाएं जानती हैं कि उसे कैसे जवाब देना है, जैसा कि उन्होंने अतीत में किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान ने भारत को अस्थिर करने की कोशिश में खुद को अस्थिर कर लिया है। कोई नहीं चाहता कि उसका पड़ोसी देश विफल राष्ट्र बने, हमने कभी उसका बुरा नहीं चाहा लेकिन जिसने बुरी नजर रखी वो बर्बाद हो गया। ’’ उन्होंने रविवार को आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान पर भारत की जीत का भी जिक्र किया।

यूएसएड विवाद को लेकर अनुराग ठाकुर का जवाब

यूएसएड विवाद को लेकर सवाल पूछे जाने पर ठाकुर ने कहा, ‘‘ मैंने पहले भी कहा था कि कुछ विदेशी ताकतें भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। भाजपा को सत्ता से बाहर करने के प्रयास में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का अमेरिका स्थित अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस के साथ संबंध होने का खुलासा पहले ही हो चुका है। यह उस एजेंडे का हिस्सा है जिसके तहत बड़ी ताकतें भारतीय सरकार और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए काम कर रही हैं।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘इन ताकतों के प्रयासों को विफल करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार को तीसरे कार्यकाल के लिए चुनकर लोकतंत्र को मजबूत करने वाले लोगों को बधाई। हम भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।’’ ठाकुर ने यह भी मांग की कि जम्मू-कश्मीर में रह रहे रोहिंग्या प्रवासियों की पहचान की जाए और उन्हें वापस भेजा जाए। उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर प्रधानमंत्री के दिल में बसता है और भाजपा के लिए भी यह उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कि देश के बाकी हिस्सों के लिए है। जम्मू-कश्मीर को और अधिक विकसित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।’’

Advertisement

यह भी पढ़ें: दिल्ली सीएम दफ्तर से अंबेडकर, भगत सिंह की फोटो हटाई? विधानसभा में हंगामा

Advertisement
Published By :
Dalchand Kumar
पब्लिश्ड