अपडेटेड 22 January 2024 at 11:28 IST
विपक्ष के अपने अपने राम; अयोध्या में जश्न के बीच केजरीवाल से ममता-उद्धव तक, करेंगे ये काम
ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे जैसे नेताओं ने अयोध्या से इतर अपने अपने कार्यक्रम रखे हैं।
- भारत
- 3 min read

Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: अयोध्या धाम रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर जगमग है। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर निमंत्रित रामभक्तों का अयोध्या धाम में तांता लगा है। अयोध्या धाम मानो आज सारी दुनिया से न्यारी लग रही है। सिर्फ हिंदुस्तान ही नहीं, पूरी दुनिया उस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनेगी। हालांकि कांग्रेस, टीएमसी, राजद जैसे तमाम विपक्षी दलों ने अयोध्या के कार्यक्रम से दूरी बनाई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ आज रामनगरी अयोध्या में रहेंगे। उनके अलावा बीजेपी शासित राज्यों के तमाम बड़े नेताओं का अयोध्या में जमावड़ा है। बड़े-बड़े साधु संत, शंकराचार्य, नेताओं और बॉलीवुड से लेकर खेल जगत की तमाम हस्तियां ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए अयोध्या में मौजूद हैं। हालांकि ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल और उद्धव ठाकरे जैसे नेताओं ने अयोध्या से इतर अपने अपने कार्यक्रम रखे हैं।
राम के काम से कौन भागा दूर?
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को न्योता मिला, लेकिन ठुकरा दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल नहीं होंगे।
लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी कार्यक्रम से दूरी बनाई है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को न्योता मिला है, लेकिन उन्होंने जाने से मना कर दिया।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या जाने का ऐलान किया था, लेकिन फिलहाल उनका कोई कार्यक्रम नहीं है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अयोध्या नहीं जा रही हैं।
आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने राम मंदिर के कार्यक्रम में हिस्सा लेने से मना किया है।
सीपीआईएम महासचिव सीताराम येचुरी ने राम मंदिर का न्योता ठुकराया है।
एनसीपी के प्रमुख शरद पवार को भी न्योता मिला, लेकिन आज से कार्यक्रम में उन्होंने दूरी बनाई है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी अयोध्या के कार्यक्रम से दूर हैं।
Advertisement
आज विपक्ष क्या कर रहा है?
-पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से हटकर कोलकाता में अपना कार्यक्रम रखा है। वो कोलकाता में सभी धर्मों के लोगों के साथ एक 'रैली' करेंगी। हालांकि इसकी शुरुआत वो काली मंदिर में पूजा पाठ के साथ करने वाली हैं।
-महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे अयोध्या के कार्यक्रम से इतर नासिक में महाआरती में शामिल होंगे। राम मंदिर अभिषेक दिवस पर मनाते हुए वो नासिक में गोदावरी नदी के तट पर 'महा आरती' करेंगे।
Advertisement
-कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अपनी यात्रा में लगे हुए हैं। वो कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं।
-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी आद जाने का कोई प्रोग्राम सामने नहीं आया है।
AAP निकालेगी शोभायात्रा
आम आदमी पार्टी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन दिल्ली में शोभायात्रा निकालने वाली है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके अलावा पूरे शहर में आम आदमी पार्टी की तरफ से भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी 22 जनवरी से पहले दिल्ली में जगह जगह सुंदरकांड पाठ का आयोजन करा चुकी है। केजरीवाल ने खुद रोहिणी के मंदिर में सुंदरकांड पाठ और हवन पूजन किया था।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 22 January 2024 at 10:34 IST