अपडेटेड 24 October 2024 at 13:04 IST
Wayanad: 'झूठ बोलकर बहाने से जुटाई भीड़...', प्रियंका गांधी के रोड शो पर नव्या हरिदास का निशाना
Wayanand Bypoll: वायनाड से BJP उम्मीदवार नव्या हरिदास ने कहा कि प्रियंका का आगमन और रोड शो एक मौसमी त्योहार की तरह था जो साल में केवल एक बार आता है।
- भारत
- 2 min read

Wayanad News: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा द्वारा वायनाड में एक विशाल रोड शो आयोजित किए जाने के एक दिन बाद उनकी प्रतिद्वंद्वी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी नव्या हरिदास ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि रोड शो में भीड़ दिखाने के लिए त्रिशूर सहित अन्य जिलों से लोगों को झूठ बोलकर लाया गया था।
वायनाड लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार हरिदास ने आरोप लगाया कि लोगों को शूटिंग या वायनाड में पर्यटन स्थल घुमाने के बहाने वहां लाया गया और इस तरह रोड शो के लिए भारी भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि प्रियंका का आगमन और रोड शो एक मौसमी त्योहार की तरह था जो साल में केवल एक बार आता है।
भाजपा उम्मीदवार बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन, लोग इसे समझ जाएंगे।’’
नामांकन दाखिल करने वायनाड पहुंचीं प्रियंका
प्रियंका गांधी ने बुधवार को कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। उनके भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी लोकसभा चुनाव में वायनाड के साथ साथ रायबरेली से भी निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया। इस वजह से यहां उपचुनाव हो रहा है जिसके लिए मतदान 13 नवंबर को होगा।
Advertisement
परिवारवाद को लेकर साधा निशाना
कांग्रेस उम्मीदवार पर निशाना साधते हुए हरिदास ने कहा कि कांग्रेस महासचिव केवल इसलिए एक बड़ी उम्मीदवार हैं क्योंकि उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं निगम पार्षद हूं और मेरे पास लोगों के साथ काम करने का वर्षों का अनुभव है तथा जमीनी स्तर पर काम करके आगे आई हूं।’’ भाजपा उम्मीदवार ने कहा, ‘‘अगर परिवार का वर्चस्व किसी उम्मीदवार की महानता का मापदंड है, तो केवल वह (प्रियंका) ही इसका दावा कर सकती हैं। भाजपा के पास ऐसा कोई मापदंड नहीं है और मैं ऐसा कोई वर्चस्व होने का दावा नहीं कर सकती।’’
वायनाड से प्रियंका गांधी को टक्कर दे रहीं नव्या
हरिदास ने कहा कि जब वह अपना नामांकन दाखिल करेंगी तो भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उनके साथ होंगे। उपचुनाव में उनका मुकाबला प्रियंका और वाम लोकतांत्रिक मोर्च के सत्यन मोकेरी से है।
Advertisement
हरिदास कोझिकोड निगम में दो बार पार्षद रह चुकी हैं। वह महिला मोर्चा की राज्य महासचिव भी हैं।
यह भी पढ़ें: बुजुर्गों के पैर छूए...वायनाड में प्रियंका को टक्कर देने वाली BJP की नव्या कौन, सुर्खियों में क्यों?
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 October 2024 at 13:04 IST