अपडेटेड 7 April 2024 at 09:39 IST
'राहुल गांधी जी वाह...सबको अपने जैसा बना लिया', खड़गे कर गए बड़ी गलती तो आचार्य प्रमोद ने घेर लिया
आचार्य प्रमोद ने मल्लिकार्जुन खड़गे की गलती को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबको अपने जैसा बना लिया है।
- भारत
- 3 min read

Article 371: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक बड़ी गलती कर बैठे हैं, जिसने सियासत को भड़का दिया है। खड़गे की गलती ने चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस को भी बैकफुट पर धकेल दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष एक रैली में गलती से आर्टिकल 371 का जिक्र कर गए, जिसको लेकर अब भारतीय जनता पार्टी उन्हें घेर रही है। कुछ समय पहले ही कांग्रेस से अलग हुए आचार्य प्रमोद ने इस मसले पर राहुल गांधी को निशाने पर ले लिया है।
आचार्य प्रमोद कांग्रेस के भीतर अपने विचारों को खुलकर रख रहे थे। कई मुद्दों पर आचार्य ने कांग्रेस की लाइन से हटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की तारीफ की थी, जिसके चलते उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया था। अब वो पहले से ज्यादा आक्रामक होकर कांग्रेस को घेर रहे हैं। इसी क्रम में आचार्य प्रमोद ने मल्लिकार्जुन खड़गे की गलती को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा है।
उन्होंने सोशल मीडिया साइट 'X' पर एक पोस्ट किया है, जिसमें खड़गे के वीडियो के साथ आचार्य प्रमोद ने लिखा- 'संगत का असर, देखिये, 370 को 371 बोलने लगे। वाह राहुल गांधी जी वाह, सबको अपने जैसा बना लिया।'
Advertisement
कांग्रेस की इटालियन संस्कृति ही दोषी: अमित शाह
इसके पहले गृह मंत्री अमित शाह ने भी खड़गे से हुई चूक पर कांग्रेस को घेरा। शाह ने लिखा- "ये सुनना शर्मनाक है कि कांग्रेस पार्टी पूछ रही है, कश्मीर से क्या वास्ता है?" गृह मंत्री लिखते हैं- 'कांग्रेस को याद दिलाना चाहूंगा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और प्रत्येक राज्य और नागरिक का जम्मू-कश्मीर पर अधिकार है, जैसे जम्मू-कश्मीर के लोगों का शेष भारत पर अधिकार है। कांग्रेस को ये नहीं पता कि कश्मीर में शांति और सुरक्षा के लिए राजस्थान के कई वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। लेकिन ये सिर्फ कांग्रेस नेताओं की गलती नहीं है। भारत के विचार को न समझ पाने के लिए अधिकतर कांग्रेस पार्टी की इटालियन संस्कृति ही दोषी है।'
अमित शाह आगे कहते हैं- "ऐसे बयानों (खड़गे की टिप्पणी) से हर उस देशभक्त नागरिक को ठेस पहुंचती है, जो देश की एकता और अखंडता की परवाह करता है। जनता कांग्रेस को जरूर जवाब देगी। और कांग्रेस की जानकारी के लिए ये अनुच्छेद 371 नहीं, बल्कि अनुच्छेद 370 था, जिसे मोदी सरकार ने निरस्त कर दिया था। हालांकि कांग्रेस से ऐसी भयानक गलतियां करने की अपेक्षा ही की जाती है। इसके द्वारा की गई ऐसी भूलों ने दशकों से हमारे देश को परेशान किया है।"
Advertisement
मल्लिकार्जुन खड़गे से क्या गलती हुई?
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राजस्थान में रैली को संबोधित कर रहे थे। यहां वो जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को निरस्त करने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे थे। हालांकि इसी दौरान कांग्रेस प्रमुख ने अनुच्छेद 370 के बजाय गलती से अनुच्छेद 371 का गलत उल्लेख कर दिया।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 7 April 2024 at 09:39 IST