अपडेटेड 30 October 2020 at 14:34 IST

मालेगांव केस: साध्वी प्रज्ञा के आरोपों पर बोले दिग्विजय सिंह- ‘इससे कांग्रेस और परमबीर सिंह का कोई लेना-देना नहीं’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा द्वारा मालेगांव बम ब्लास्ट 2008 केस पर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया दी है।

Follow : Google News Icon  
| Image: self

बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ने बुधवार को रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी से खास बातचीत की थी जिसमें उन्होंने बताया कि ‘कैसे उन्हें मालेगांव बम ब्लास्ट 2008 केस में मुंबई के पुलिस कमिश्नर सिंह परमबीर सिंह द्वारा प्रताड़ित किया गया था।’ साध्वी ने बताया था कि केस में उनका नाम ‘फर्जी तरीके’ से शामिल किया गया था। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि ‘पार्टी ने भारत को आतंकी राष्ट्र बनाने के लिए षड्यंत्र रचा था।’

इस आरोप पर अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “परमबीर जो वर्तमान में पुलिस कमिश्नर हैं, उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। दूसरी बात, प्रज्ञा जी को शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उन पर बीजेपी सरकार के शासन के दौरान आरोप लगाए गए थे, फिर आप हमें बीच में क्यों ला रहे हैं।”

दिग्विजय सिंह के बयान पर आचार्य विक्रमादित्य ने नाराज़गी जताते हुए उन्हें ‘हिंदू विरोधी’ और ‘संत विरोधी’ बताया है। उन्होंने कहा- “दिग्विजय सिंह, कांग्रेस और परमबीर सिंह सब एक थाली के चट्टे बट्टे हो गए हैं। दिग्विजय के बयान से साफ हो गया कि कांग्रेस ने अफसरों के साथ मिलकर साध्वी जी को परेशान किया है। साध्वी जी ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच होनी चाहिए।”

वही जगतगुरु पंचानंद गिरी महाराज ने कहा कि “दिग्विजय जैसे नेताओं के कारण ही कांग्रेस पार्टी का पतन हो रहा है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ऐसे नेताओं को समझाना चाहिए कि वह संतों का देश के अंदर सम्मान करें नहीं तो संत चुप नहीं बैठेंगे और कांग्रेस पार्टी इसका ख़ामियाज़ा भुगतने के लिए तैयार रहें।”

Advertisement

ये भी पढ़ेंः #JusticeForSadhviPragya: साध्वी प्रज्ञा को न्याय दिलाने के लिए साइन करें पिटीशन

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा ने कहा था कि ‘उनका नाम मालेगांव बम ब्लास्ट केस में फर्जी तरीके से जोड़ दिया गया था। उन्हें मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा आमनवीय यातनाएं दी गई थी। वह उस समय एटीएस टीम में थे।'

Advertisement

उनके मुताबिक, “परमबीर सिंह अत्याचारी और निम्न स्तर का व्यक्ति है। गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त है। इस व्यक्ति ने मुझे जेल में डाल करके, जिन्हें पीटने का अधिकार नहीं होता है उसने इतनी भयानक यातनाएं दी जो किसी अन्य महिला को नहीं दी गई होगी। परमबीर ने मुझे बेल्ट से पीटा, उन्होंने मुझे गालियां देकर पीटा। परमबीर को राक्षस कहना भी कम है। इनका षड्यंत्र था, हमें सालों साल जेल में रखा जाए। ऐसे अफसर राजनीतिक तौर पर चलते हैं। कांग्रेस परमबीर जैसे लोगों को पालती है।”

साध्वी प्रज्ञा ने कहा- “हम पर भगवा आंतकवाद कहने के लिए दबाव बनाया गया। संयुक्त राष्ट्र में भारत को आतंकवादी देश घोषित करना इनका षड्यंत्र था। ऐसे देशघाती लोगों के सामने हम रुकेंगे नहीं झुकेंगे नहीं। परमबीर के षड्यंत्र के विरुद्ध मैं कुछ कर रही हूं, जिन-जिन लोगों ने मुझे टॉर्चर किया मैं उनपर केस करुंगी। इनको दंड दिलवाऊंगी।”

ये भी पढ़ेंः हिंदू जागरण सभा ने साध्वी के लिए राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन का किया आह्वान, परमबीर सिंह का मांगा इस्तीफा

Published By : Sakshi Bansal

पब्लिश्ड 30 October 2020 at 14:28 IST