'वेश बदलकर यहां आने की अनुमति न दें', बंगाल की नई सरकार को कुमार विश्वास की बड़ी सलाह, कहा- ममता बनर्जी योद्धा, लेकिन...
Kumar Vishwas Reaction: कवि कुमार विश्वास ने ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने की जिद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र की एक मर्यादा होती है, जिसका पालन करना जरूर है। उन्होंने ममता को योद्धा भी बताया।
- भारत
- 3 min read

Kumar Vishwas Statement: पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजे आने के बाद सियासी पारा लगातार हाई है। ममता बनर्जी अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं और उन्होंने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया। ममता के इस जिद पर आम आदमी पार्टी के पूर्व सदस्य और कवि कुमार विश्वास की प्रतिक्रिया आई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा का पालन किया जाना चाहिए। साथ ही कुमार विश्वास ने बंगाल की नई सरकार को एक अहम सलाह भी दी।
‘इस्तीफे से उनका मना करना काफी नहीं’
कवि कुमार विश्वास ने कहा, "लोकतंत्र में एक मर्यादा होती है जिसका पालन किया जाना चाहिए। उनका मना करना काफी नहीं होगा। राज्यपाल सबसे ज्यादा विधायकों वाली पार्टी को आमंत्रित करेंगे। मुझे उम्मीद है कि वह आत्म-मंथन करेंगी।"
इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी को एक योद्धा बताया, लेकिन यह भी कहा कि दुर्भाग्य से, वामपंथ की जिन आसुरी शक्तियों से उन्होंने लड़ाई लड़ी थी, वे अंततः उनकी पार्टी में शामिल हो गईं।
कुमार विश्वास की बड़ी सलाह
कुमार विश्वास ने आगे कहा कि मैं नई सरकार को सतर्क रहने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जिन अवशेषों पर यह 'विजय ध्वज' फहराया गया है, उनका सम्मान किया जाए। जो लोग वामपंथ के साथ काम करते थे और फिर TMC में शामिल हो गए, उन्हें अपना वेश बदलकर यहां आने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। अगर ऐसा होता है, तो बंगाल अपने दुखों से मुक्त नहीं हो पाएगा। मुझे उम्मीद है कि इसका पालन किया जाएगा।
Advertisement
‘…तो प्रजा इसी तरह से आपको दंड देती है’
बंगाल चुनाव के नतीजों पर उन्होंने कहा कि जब अति हो जाती है तो उसकी वर्जना होती ही है। आप बहुत बड़े समाज के हितों को, उनकी भावनाओं को अनवरत आहत करेंगे, अनवरत चोट पहुंचाएंगे और निरंकुश रूप से कार्य करेंगे, तो प्रजा इसी तरह से आपको दंड देती है। ये लगातार हम लोकतंत्र में देखते हैं। मैं स्वयं उसका भोगी हूं।
इस बार पश्चिम बंगाल के चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ। 15 सालों से सत्ता पर काबिज TMC की विदाई हो गई है। वहीं, बीजेपी डबल सेंचुरी के साथ यहां पहली बार सरकार बनाने जा रही है। 293 सीटों में से 207 पर अकेले BJP ने कब्जा किया। तो TMC 100 से भी नीचे आ पाई। पार्टी इस बार केवल 80 सीटें ही जीत पाई हैं।
Advertisement
बुधवार (6 मई) को ममता बनर्जी टीएमसी के नए चुने गए विधायकों के साथ बैठक में कहा कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी। उन्होंने पार्टी बैठक में साफ तौर पर अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें मुझे निकालने दो, मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। मैं चाहती हूं कि यह काला दिन हो।