'किसी खानदान में जन्म लेने भर से आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते, जनादेश प्राप्त करना है तो सेवा कीजिए...', राहुल गांधी पर किरेन रिजिजू का हमला
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों के ECI तक विरोध मार्च पर तीखा प्रहार करते हुए कहा '2014 से लगातार ये ड्रामा चल रहा है। यह नाटक कब तक चलेगा? लोकतंत्र में आप लोगों की सेवा करो तो आपको जनादेश मिलेगा। आप जनादेश प्राप्त नहीं कर पाते हैं और चुनाव आयोग को अपशब्द कहते हैं।'
- भारत
- 5 min read

मंगलवार, 6 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस सहित विपक्षी सांसदों के मार्च पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जोरदार हमला किया है। मीडिया से बात करते हुए रिजिजू ने कांग्रेस पर लोकतंत्र का गला घोंटने और लोकतंत्र पर हमला करने का आरोप लगाया है।
इधर विपक्षी सांसदों का विरोध मार्च जारी है। आकाशवाणी भवन के पास इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, कांग्रेस इस बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया कि "देश के नेता प्रतिपक्ष को चुनाव आयोग तक जाने नहीं दिया जा रहा है, उन्हें रोक दिया गया है। हम सभी आकाशवाणी परिसर में विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। "
2014 से ये ड्रामा चल रहा, यह नाटक कब तक चलेगा?-किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों के ECI मुख्यालय तक विरोध मार्च पर कहा, "रोज-रोज कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और उनके साथी चुनाव आयोग को लेकर, सुप्रीम कोर्ट को लेकर जो हमला करते रहते हैं, इसे अब बंद करने का समय आ चुका है। 2014 से लगातार ये ड्रामा चल रहा है। यह नाटक कब तक चलेगा? लोकतंत्र में आप लोगों की सेवा करो तो आपको जनादेश मिलेगा। आप जनादेश प्राप्त नहीं कर पाते हैं और चुनाव आयोग को अपशब्द कहते हैं।'
राहुल गांधी पीएम मोदी से देश सेवा सीखें-रिजिजू
उन्हें राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा 'जब सुप्रीम कोर्ट माफी मांगने के लिए कहता है तो आप बाद में उस पर भी हमला करते हैं और कहते हैं कि कोर्ट पर विश्वास नहीं है... इससे न तो लोकतंत्र ठीक होगा और न ही कांग्रेस पार्टी का फिर से उदय होगा। मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि आप पीएम मोदी से सीखें, भाजपा के कार्यकर्ताओं से सीखे जो अपने लिए नहीं बल्कि समाज और देश के लिए निरंतर, निस्वार्थ सेवा करते रहते हैं... आप सेवा करेंगे तो आप पर जनता विश्वास करेगी, ड्रामा करने से कुछ होगा नहीं।'
Advertisement
कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान को बदला
रिजिजू ने कांग्रेस द्वारा देश में आपातकाल लगाए जाने को लेकर कहा 'कांग्रेस पार्टी को 55 साल तक इस देश में शासन करने का मौका मिला है और उसमें से उन्होंने 2 सालों तक आपातकाल लगाकर शासन किया, जिसमें संविधान को बदल दिया गया। आज ये लोग लोकतंत्र की बात कर रहे हैं? राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से मेरा दूसरा अनुरोध है कि भारतीय विरोधी ताकतों के नैरेटिव को चलाना बंद करें। जितने भी भारत विरोधी तथ्य हैं, उनके नैरेटिव को तो कांग्रेस न चलाए। 55 वर्षों तक आपने इस देश पर शासन किया है। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि अब समय आ चुका है कि आप जो नाटकीय रूप से ड्रामा करते रहते हैं, उसे बंद कीजिए।
किसी खानदान में जन्म लेने भर से प्रधानमंत्री नहीं बन सकते
उन्होंने आगे कहा कि 'देश विकसित भारत की ओर बढ़ चुका है। आप किसी खानदान में जन्म लेने भर से प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं। देश के युवा बदल चुके है। 2047 में पीएम मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनाने की दिशा में हम चल चुके हैं। इसलिए अब ये नाटक चलने वाला नहीं है। यदि थोड़ा कुछ कांग्रेस को बचा हुआ जनादेश प्राप्त करना है तो सेवा कीजिए... मैं खुद 25 साल विपक्ष में रहकर, गांव-गांव पैदल घूमकर सेवा कर चुका हूं।'