अपडेटेड 27 October 2024 at 13:06 IST
Delhi: 'मुझे मारना चाहते हो? हिम्मत है तो...', केजरीवाल ने BJP को दी खुली चुनौती
AAP: केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने (भाजपा ने) विकासपुरी में अपने गुंडों का इस्तेमाल कर मुझ पर हमला किया। क्या आप मुझे मारना चाहते हैं?
- भारत
- 3 min read

Delhi News: आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर एक दिन पहले पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में ‘‘पदयात्रा’’ के दौरान उन पर हुए ‘‘हमले’’ की साजिश रचने का शनिवार को आरोप लगाया साथ ही भाजपा को विधानसभा चुनाव लड़कर अपनी ताकत साबित करने की चुनौती दी।
‘आप’ ने एक दिन पहले ही दावा किया था कि पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान अरविंद केजरीवाल पर ‘‘भाजपा के गुंडों’’ ने हमला किया था।
केजरीवाल की BJP को चुनौती
‘आप’ के दावों को दोहराते हुए केजरीवाल ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के बादली में एक जनसभा में कहा, ‘‘कल उन्होंने (भाजपा ने) विकासपुरी में अपने गुंडों का इस्तेमाल कर मुझ पर हमला किया। क्या आप मुझे मारना चाहते हैं? अगर आपमें ताकत है तो चुनाव लड़िए।’’
आप सुप्रीमो ने मतदाताओं से भाजपा को वोट न देने का आग्रह करते हुए दावा किया कि भाजपा उनके द्वारा दी जा रही सभी मुफ्त योजनाओं को बंद कर देगी। केजरीवाल ने कहा, 'अगर आप गलती से भाजपा को वोट दे देंगे तो वे आपके बच्चों के स्कूल बंद कर देंगे और आपको 10,000 रुपये का बिजली बिल भेजना शुरू कर देंगे। दिल्ली के लोगों को यह तय करना है कि वे काम करने वालों को वोट देना चाहते हैं या काम रोकने वालों को।'
Advertisement
यह पदयात्रा अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आप नेताओं द्वारा दिल्ली भर में आयोजित की जा रही सार्वजनिक जनसभाओं की श्रृंखला का हिस्सा थी।
केजरीवाल को कुछ हुआ तो BJP जिम्मेदार होगी- AAP
इस बीच, आप ने अन्य नेताओं ने शनिवार को हमले तेज करते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल को खत्म करने की ‘‘गहरी साजिश’’ की जा रही है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उन्हें कुछ भी हुआ तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी।
Advertisement
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘विकासपुरी की घटना में पुलिस की मिलीभगत स्पष्ट रूप से केजरीवाल की हत्या की गहरी साजिश को दर्शाती है। भाजपा उनकी जान की दुश्मन बन गई है।’’
आप नेता ने कहा कि विकासपुरी की घटना के बावजूद केजरीवाल तय कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा जारी रखेंगे। सिंह से जब पूछा गया कि आप ने इस मामले में कोई शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई, तो उन्होंने कहा कि अगर पुलिस निष्पक्ष होती तो यह घटना नहीं होती। राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि पुलिस के अधिकारियों ने हमलावरों को रोकने के लिए कुछ नहीं किया। हमलावर भाजपा की युवा शाखा से जुड़े थे।
सिंह ने कहा कि पुलिस घटना का संज्ञान ले सकती है और इसकी जांच कर सकती है। उन्होंने कहा कि आप इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कानूनी सलाह ले रही है।
BJP ने आरोपों को किया खारिज
वहीं भाजपा ने आप के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा को बदनाम करने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी खुद को पीड़ित बताने की कोशिश कर रही है। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा, 'भाजपा पर आरोप लगाने के बावजूद केजरीवाल पर कथित हमले को लेकर आप ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिससे पता चलता है कि पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर खुद को पीड़ित दिखाने और सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही है।'
इस कथित हमले का कोई वीडियो सामने नहीं आया है और न ही आप द्वारा इसे सार्वजनिक किया गया है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 October 2024 at 13:06 IST