अपडेटेड 5 February 2024 at 14:10 IST
मेरा काम झारखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना..., सियासी उठापटक पर बोले राज्यपाल राधाकृष्णन
Jharkhand Politics : झारखंड में सियासी उठापटक के बीच बोले राज्यपाल 'अब हमारा काम प्रगति जारी रखना और झारखंड को भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध बनाना है।'
- भारत
- 2 min read

झारखंड के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को कहा कि उनका काम झारखंड को भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध बनाना है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा विश्वास मत हासिल करने की कोशिश के लिए बुलाए गए राज्य विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा, 'पिछले कई वर्षों से सरकार ने लोगों के विकास के लिए काम किया है। अब हमारा काम प्रगति जारी रखना और झारखंड को भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध बनाना है।'
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सदन में पहुंचने पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने उनका जोरदार स्वागत किया और करीब पांच मिनट तक 'हेमंत सोरेन जिंदाबाद' और 'हमारा नेता कैसा हो, हेमंत सोरेन जैसा हो' के नारे लगाए। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले विपक्ष के विधायकों ने मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के देरी से पहुंचने पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आरोप साबित नहीं हुए तो सियासत छोड़ देंगे
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप साबित करने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर आरोप साबित हो गए तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
साजिश के बाद गिरफ्तारी में अहम भूमिका
विधानसभा में झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन द्वारा पेश किए विश्वास प्रस्ताव में भाग लेते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा साजिश रचे जाने के बाद राजभवन ने उनकी गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभायी।
Advertisement
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 5 February 2024 at 14:05 IST