Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू, विपक्ष का जोरदार हंगामा

Jharkhand Assembly: Budget session of Jharkhand Assembly begins, opposition creates ruckus

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Jharkhand CM Champai Soren
झारखंड मुख्यमंत्री चंपई सोरेन | Image: ANI

Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के हंगामे के बीच राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर ओरांव द्वारा 4,981 करोड़ रुपये का तीसरा अनुपूरक बजट पेश करने के साथ शुरू हुआ।

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा के पर्चा लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर परचे प्रदर्शित करते हुए विपक्षी विधायक पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए।

हंगामे के बीच राज्य के वित्त मंत्री रामेश्वर ओरांव ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 4,981 करोड़ रुपये का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया।

सात दिवसीय विधानसभा सत्र के पहले दिन जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई भाजपा विधायकों और आजसू के विधायक लंबोदर महतो अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए और 28 जनवरी को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा के पर्चा लीक की सीबीआई जांच की मांग करने लगे।

Advertisement

राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा, “राज्य सरकार नौकरी, परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए कानून लेकर आई। इसके बावजूद इतना बड़ा पेपर लीक हो गया। इसलिए हम पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं।”

इससे पहले, विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने हंगामा कर रहे विधायकों से अपनी सीटों पर वापस जाने का आग्रह करते हुए कहा कि सत्र के दौरान इन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, लेकिन विधायक विरोध करते रहे।

Advertisement

श्रद्धांजलि सहित लगभग 40 मिनट की कार्यवाही के बाद सदन की बैठक को 26 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया। विधानसभाध्यक्ष ने सदन को बताया कि सत्र के दौरान सात बैठकें होंगी, जिसमें 2024-25 वित्तीय वर्ष का बजट पेश किया जाएगा। उन्होंने सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के सदस्यों से राज्य के लोगों के हित में सदन का सुचारू कामकाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

महतो ने सदन में दो नये मंत्रियों बसंत सोरेन और दीपक बिरुआ को बधाई दी। सदस्यों ने प्रख्यात न्यायविद् फली सैम नरीमन, प्रसिद्ध रेडियो उद्घोषक अमीन सयानी, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी और उस्ताद राशिद खान जैसी हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के लिए कुछ क्षण का मौन रखा।

ये भी पढ़ें: Haryana Budget: CM मनोहर लाल खट्टर ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पेश किया इतने लाख करोड़ का राज्य बजट 
 

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Kajal .
पब्लिश्ड