देश में पेट्रोल, डीजल गैस की कोई दिक्कत नहीं, क्रूड ऑयल का भी संकट नहीं, LPG प्रोडक्शन 28% बढ़ाया- लोकसभा में पेट्रोलियम मंत्री ने बताया
लोकसभा में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि Strait of Hormuz बंद होने के बावजूद भारत में पेट्रोल, डीजल, केरोसिन या ATF की कोई कमी नहीं। देश में क्रूड ऑयल संकट नहीं।
- भारत
- 2 min read

LPG Crisis : ईरान के Strait of Hormuz बंद करने से वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। लोकसभा में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया कि भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार इतिहास में है जब Strait of Hormuz पूरी तरह बंद हुआ है।
विपक्ष की नारेबाजी और जोरदार हंगामे के बीच हरदीप पुरी ने लोकसभा में कहा कि भारत में क्रूड सप्लाई सुरक्षित है। देश में अभी भी पर्याप्त गैस है। उन्होंने साफ किया कि लोगों को गैस सिलेंडर पर पैनिक होने की जरूरत नहीं है।
हरदीप सिंह पुरी ने जोर देकर कहा कि भारत ने अच्छी मात्रा में आपूर्ति सुरक्षित कर ली है। भारत के पास ऐसे विकल्प उपलब्ध हैं जो अन्य देशों के पास नहीं हैं। पिछले कुछ सालों में भारत ने ऊर्जा आयात स्रोतों में विविधता लाई है। साल 2003-2004 में जहां भारत 27 देशों से आयात करता था, अब यह संख्या बढ़कर 40 देशों तक पहुंच गई है।
तेल की कोई कमी नहीं
हरदीप सिंह पुरी ने संसद से देश को आश्वासन दिया कि देश में पेट्रोल, डीजल, केरोसिन या एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कोई कमी नहीं है। क्रूड ऑयल की भी कोई समस्या नहीं है। प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को प्रायोरिटी डिस्ट्रीब्यूशन के माध्यम से प्रबंधित किया जा रहा है। फर्टिलाइजर क्षेत्र को 70% तक आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
Advertisement
LPG और घरेलू गैस की स्थिति
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री ने बताया कि बड़े LNG कार्गो रोजाना आधार पर आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में LPG की खरीद में वृद्धि हुई है। आयात अब कनाडा, अमेरिका, नॉर्वे, ऑस्ट्रेलिया जैसे अलग-अलग देशों से हो रहा है, जबकि पहले गल्फ क्षेत्र से 60% आयात होता था।
उन्होंने बताया कि भारतीय परिवारों के रसोईघर में कोई कमी नहीं है। LPG उत्पादन में 28% की वृद्धि हुई है। डिलीवरी समय अभी भी औसतन 2.5 दिन है। कमर्शियल LPG को नियंत्रित किया गया है, लेकिन कोई भी व्यक्ति किसी भी मात्रा में सिलेंडर खरीद सकता है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय गैस आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर मैनेज किया है, ताकि आवश्यक क्षेत्रों पर प्रभाव न पड़े। उन्होंने जनता से अपील करते की है कि घबराहट में बुकिंग न करें, क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है।