Pawan khera: पवन खेड़ा की बढ़ी मुश्किलें, FIR के बाद असम पुलिस पहुंची दिल्ली आवास; CM हिमंता बोले- वो हैदराबाद भाग गया, कानून...
असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर 3 विदेशी पासपोर्ट रखने का आरोप लगाकर पवन खेड़ा ने नई मुसीबत मोल ले ली है। उनसे पूछताछ के लिए पुलिस आज दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंची, मगर वो घर मर मौजूद नहीं थे।
- भारत
- 3 min read

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। आज, मंगलवार को उनसे पूछताछ करने असम पुलिस दिल्ली स्थित उनके आवास पर पहुंची। असम पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस भी मौजूद थी। मगर पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा, क्योंकि पवन खेड़ा अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। अब असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया है कि कांग्रेस नेता अपने आवास पर नहीं थे तो कहां थे।
असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर 3 विदेशी पासपोर्ट रखने का आरोप लगाकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने नई मुसीबत मोल ले ली है। मुख्यमंत्री की पत्नी ने इन आरोपों के खिलाफ पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई है, जिसके बाद मंगलवार को असम पुलिस उनसे पूछताछ करने दिल्ली पहुंची।
पवन खेड़ा के आवास पर पहुंची असम पुलिस
पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर असम पुलिस की एक टीम ने पूछताछ के लिए छापेमारी की है। इस छापेमारी में दिल्ली पुलिस की टीम भी शामिल थी। आवास के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस टीम की तैनाती की गई थी। मगर घर पर मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि वो फिलहास घर पर मौजूद नहीं है। इस बीच असम सीएम ने एक बार फिर कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला है।
हैदराबाद भाग गए पवन- CM हिमंता
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा,"पहले तो उन्होंने मेरी पत्नी पर झुठे आरोप लगाए हैं,अब जब शिकायत के बाद पुलिस पूछताछ करना चाहती है तो वो भागते फिर रहे हैं। कल सुबह से ही वह गुवाहाटी से भाग गए और आज मुझे पता चला कि दिल्ली में पुलिस उनके घर पहुंची तो वो हैदराबाद भाग गए।"
Advertisement
'असम पुलिस 'पाताल' से भी पवन खेड़ा को ले आएगी'
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर बरसते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "आरोप लगाने से पहले उन्हें विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था। खरगे जी की उम्र हो गई है, फिर भी वे इस तरह बोलते हैं। असम पुलिस 'पाताल' से भी लोगों को ढूंढकर ला सकती है। मुझे शक है कि राहुल गांधी ने उन्हें ये डॉक्यूमेंट्स दिए हैं। इसलिए यह केस राहुल गांधी तक जाएगा। हमें डराने की कोशिश मत करो। यह असम है और हमने 17 बार इस्लामिक हमले के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।"
पवन खेड़ा ने रिंकी भुइयां पर क्या आरोप लगाए?
बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि सीएम हिमंता की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास तीन विदेशी पासपोर्ट हैं,संयुक्त अरब अमीरात (UAE), मिस्र (इजिप्ट) और एंटीगुआ और बारबुडा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रिंकी सरमा के दुबई में संपत्तियां हैं, अमेरिका के व्योमिंग राज्य में एक कंपनी से उनका संबंध है और चुनावी हलफनामों में इन विदेशी संपत्तियों का खुलासा नहीं किया गया है। अब पुलिस इन आरापों को लेकर उनसे पूछताछ करने पहुंची थी।