अपडेटेड 26 October 2024 at 23:33 IST
भाजपा में पीढ़ीगत परिवर्तन लेकिन कांग्रेस को वही लोग चला रहे हैं: मुख्यमंत्री मोहन यादव
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि भाजपा में पिछले कुछ वर्षों में पीढ़ीगत परिवर्तन हुए हैं लेकिन कांग्रेस को वही लोग चला रहे हैं।
- भारत
- 2 min read

Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि भाजपा में पिछले कुछ वर्षों में पीढ़ीगत परिवर्तन हुए हैं लेकिन कांग्रेस को वही लोग चला रहे हैं जिससे इसका जनाधार कम हो गया है। यादव भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत एक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री (दिवंगत) सुंदरलाल पटवा जी और कैलाश जोशी जी के बाद कई पीढ़ियां आईं, लेकिन उसी दौर के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमल नाथ कांग्रेस (मध्यप्रदेश में) चला रहे हैं। यही कारण है कि कांग्रेस सिकुड़ रही है और अपनी प्रासंगिकता खो रही है।
भाजपा ने नए खून को बढ़ावा देने का प्रयास किया- मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने नए खून को बढ़ावा देने का प्रयास किया, जिससे उसे गांवों से लेकर जिलों, राज्यों और केंद्र तक अपना प्रभुत्व स्थापित करने में मदद मिली।
Advertisement
उन्होंने कांग्रेस पर जाति के आधार पर देश और समाज को बांटने और जहर फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, भाजपा समाज में एकता को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा सदस्य बनाकर इतिहास रचेगी और इन्हीं सदस्यों के बल पर सरकार बनाती रहेगी।
मध्यप्रदेश इकाई ने अब तक 1.6 करोड़ सदस्य बनाए - वी डी शर्मा
Advertisement
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि उनकी मध्यप्रदेश इकाई ने अब तक 1.6 करोड़ सदस्य बनाए हैं और यह आंकड़ा 1.68 करोड़ तक जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य के हर बूथ से 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था और इसे पार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 1.6 करोड़ सदस्यों में से 1.3 ने सदस्यता फॉर्म भरकर इतिहास बनाया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान भाजपा ने 10 करोड़ सदस्य अपने साथ जोड़े हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकृत पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 26 October 2024 at 23:33 IST