'सरकार धर्म में दखलअंदाजी कर रही है, मैं बताता हूं वक्फ संशोधन बिल संविधान के खिलाफ कैसे है', लोकसभा में बोले गौरव गोगोई
गौरव गोगोई ने कहा कि वक्फ बिल को लेकर सरकार के चार उद्देश्य हैं, "कमजोर करना, बदनाम करना, विभाजन करना और अधिकार छीनना।"
- भारत
- 4 min read

Waqf Amendment Bill: लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष में जंग छिड़ गई। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिल को सदन के पटन पर रखा। इस दौरान पूरा विपक्ष एकजुट होकर बिल के विरोध में उतर आया। चर्चा के दौरान बिल पर गौरव गोगोई ने बोलते हुए बताया कि ये बिल कैसे संविधान के खिलाफ है?
लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पर चर्चा के समय इसकी तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ये बिल वक्फ बोर्ड को कमजोर करने के लिए लाई है।
सरकार की नजर एक समुदाय की जमीन पर- गौरव गोगोई
गौरव गोगोई ने कहा कि वक्फ बिल को लेकर सरकार के चार उद्देश्य हैं, "कमजोर करना, बदनाम करना, विभाजन करना और अधिकार छीनना।" उन्होंने कहा कि आज इनकी (सरकार की) नजर एक खास समुदाय की जमीन पर है। कल इनकी नजर समाज के दूसरे अल्पसंख्यकों की जमीन पर होगी। कांग्रेस सांसद ने सवाल किया कि क्या यह बिल अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने बनाया या किसी और विभाग ने बनाया? यह बिल कहां से आया?
'धर्म के मामले में दखलअंदाजी क्यों कर रही सरकार?'
गौरव गोगोई ने कहा कि ये बात करते हैं कि बिल संविधान के पक्ष में है। किस प्रकार से यह संविधान के विरोध में हैं, मैं बताता हूं। आज देश में अल्पसंख्यकों की हालत ऐसी हो गई है कि सरकार को उनके धर्म का सर्टिफिकेट देना होगा। कितने दुख की बात है कि भारत एक ऐसा देश जिसमें हर धर्म और हर संस्कृति हर परंपरा को हम सम्मान करते हैं। आज सरकार को सर्टिफिकेट देखना पड़ेगा कि किस धर्म में हम विश्वास रखते हैं। क्या वे दूसरे धर्मों से सर्टिफिकेट मांगेंगे कि आपने पांच साल पूरे किए हैं या नहीं? इस बिल में ऐसा क्यों पूछा जा रहा है? क्या ये संविधान के विरोध में नहीं है। सरकार इस धर्म के मामले में दखलअंदाजी क्यों कर रही है। ये किस प्रकार का कानून हम बना रहे हैं।
इस दौरान कांग्रेस नेता वक्फ बाई यूजर का प्रावधान हटाने को लेकर पर भी सवाल उठाते नजर आए। उन्होंने कहा कि इसको लेकर अलग-अलग जजमेंट भी आए हैं। इसे अलग-अलग जजमेंट ने ताकत दी।
Advertisement
राजस्व को 7% से घटाकर 5% क्यों कर दिया?- गौरव गोगोई का सवाल
उन्होंने कहा कि वह (सरकार) भ्रम फैलाना चाहते हैं कि वर्तमान जो अधिनियम है वो महिलाओं के खिलाफ है। ये सभी प्रावधान कानून में पहले से ही हैं, चाहे वह विधवाओं की सुरक्षा हो या महिलाओं को अधिक सहायता देना। वे सुधार की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने जो राजस्व आना चाहिए था उसे कम कर दिया, उन्होंने इसे क्यों कम किया? क्या आप नहीं चाहते कि वक्फ बोर्ड बेहतर काम करें? उन्होंने राजस्व को 7% से घटाकर 5% क्यों कर दिया? हमारा सुझाव है कि इसे कम करने के बजाय, आपको कम करना चाहिए। इस राजस्व को 7% से बढ़ाकर 11% करें।
विपक्ष के आरोपों पर क्या बोले किरेन रिजिजू?
लोकसभा में वक्फ बिल पेश करते हुए किरेन रिजिजू ने स्पष्ट किया कि वक्फ बोर्ड के प्रावधानों का किसी मस्जिद, मंदिर या धार्मिक स्थल के प्रबंधन से कोई लेना-देना नहीं है। ये सिर्फ संपत्ति प्रबंधन का मामला है। विपक्ष के आरोपों के बीच रिजिजू ने कहा कि अगर कोई इस बुनियादी अंतर को समझने में विफल रहता है या जानबूझकर नहीं समझना चाहता है तो मेरे पास इसका कोई समाधान नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वक्फ विधेयक किसी भी धार्मिक व्यवस्था और किसी भी धार्मिक संस्था या किसी भी धार्मिक प्रथा में किसी भी तरह से हस्तक्षेप नहीं कर रहा है।