अपडेटेड 3 March 2025 at 22:45 IST
'मैं औरंगजेब को क्रूर शासक...', मुगल राजा की तारीफ पर चौतरफा घिरे SP नेता अबू आजमी, अब दर्ज हुई FIR
अबू आजमी के इस विवादित बयान पर पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे 'पाप' करार दिया और सपा नेता से इसके लिए माफी मांगने को कहा।
- भारत
- 3 min read

सोमवार (3 मार्च) को महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और विधायक अबू आजमी ने मुगल शासक औरंगजेब की तारीफ कर दी थी। इसके बाद महाराष्ट्र में सियासी पारा हाई हो गया। अबू आजमी के इस बयान पर पहले महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे 'पाप' करार दिया और सपा नेता से इसके लिए माफी मांगने को कहा। डिप्टी सीएम ने ये भी कहा कि किसी आक्रमणकारी का महिमामंडन करना देश्द्रोह है। वहीं डिप्टी सीएम के इस बयान पर सपा नेता ने पलटवार करते हुए कहा कि मैं अपने बयान पर कायम हूं जो चाहे कार्रवाई कीजिए। इसके बाद देर शाम को सपा नेता के खिलाफ मुंबई में दो थानों में एफआईआर दर्ज कर ली गई।
अबू आजम ने कहा था कि मैं औरंगजेब को क्रूर शासक नहीं मानता हूं।औरंगजेब के समय हिंदुस्तान सोने की चिड़िया था इसी बयान के खिलाफ शिकायत दर्ज हुआ। महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और विधायक अबू आज़मी खिलाफ मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन और ठाणे में शिकायत दर्ज हुई है। औरंगजेब को लेकर ऊपर दिए गए बयान के खिलाफ शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट के नेता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे अबू आजमी के खिलाफ आक्रामक हो गए। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा था कि अबू आज़मी को माफी मांगना चाहिए और अबू आज़मी को देशद्रोही भी बोलना चाहिए और अबू आज़मी के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए।
शिवसेना यूबीटी का अबू आजमी और औरंगजेब पर तीखा हमला
शिवसेना उद्धव बाला साहेब ठाकरे गुट के नेता आनंद दुबे ने अबू आजमी और औरंगजेब पर हमला बोलते हुए कहा, ‘जो लोग भी औरंगिया को बहुत बड़ा समाज सुधारक और दयालु कहना चाह रहे हैं वो लोग भी महामूर्ख हैं और अगर उनको इतना ही प्यार मुगलों से है बाबर की इन औलादों से है हुमायूं की औलादों से है तो वो भी वहीं चले जाएं न जहां वो गए हैं। इस औरंगिया की मजार है जो हमारे राज्य में न इसको भी उखाड़ फेंकनी चाहिए। हमारे छत्रपति शंभाजी महाराज को इसने जिस छल से पकड़ा था और उनको यातनाएं दी थी हमारा राज्य और देश इसको कभी भूलेगा नहीं। अरे हमारे राज्य में जो औरंगाबाद है उसका असली नाम छत्रपति शंभा जी महाराज है हम सब उनके मावड़े हैं और उनके वंशज हैं।’
औरंगजेब पर ये था अबू आजमी का विवादित बयान
महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के मुखिया अबू आजमी के मुगल सम्राट औरंगजेब की तारीफ करते हुए उसे भारतीय इतिहास का बेहतरीन शासक बता दिया। सपा नेता के इस बयान के बाद महाराष्ट्र में सियासी पारा चढ़ने लगा है। जिसके जवाब में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे उतर आए हैं। इसके पहले अबू आजमी ने मुगल सम्राट औरंगजेब को बेहतर शासक बताते हुए कहा था, 'मैं औरंगजेब को क्रूर शासक नहीं मानता हूं। उसने अपने शासन काल में कई हिन्दू मंदिर बनवाए थे। औरंगजेब के शासन काल में हिंदुस्तान सोने की चिड़िया था। औरंगजेब के शासन काल को देखकर ही अंग्रेज भारत आए थे। औरंगजेब एक इंसाफ पसंद बादशाह था।'
Advertisement
अबू आजमी के बयान डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का पलटवार
वहीं इसके पहले समाजवादी पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के विधायक अबू आजमी के औरंगजेब वाले बयान पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पलटवार करते हुए कहा था, 'उनका बयान गलत है और इसकी निंदा की जानी चाहिए। औरंगजेब ने छत्रपति संभाजी महाराज को 40 दिनों तक प्रताड़ित किया, ऐसे व्यक्ति को अच्छा कहना सबसे बड़ा पाप है, इसलिए अबू आजमी को माफी मांगनी चाहिए। हमारे सीएम ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए।'
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 3 March 2025 at 22:25 IST