अपडेटेड 28 October 2022 at 07:49 IST

दिल्ली सरकार यमुना में खतरनाक रसायन का छिड़काव कर रही है: बीजेपी

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार पर छठ पूजा से पहले यमुना से झाग हटाने के लिए उसमें जहरीले रसायन का छिड़काव करने का आरोप लगाया।

Follow : Google News Icon  
PC: ANI
PC: ANI | Image: self

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली सरकार पर छठ पूजा से पहले यमुना से झाग हटाने के लिए उसमें जहरीले रसायन का छिड़काव करने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु नदी में पूजा करते हैं और डुबकी लगाते हैं।

भाजपा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए, आम आदमी पार्टी (आप) विधायक एवं दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘‘भाजपा नेताओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के बारे में कुछ सीखना चाहिए। डीजेबी की ‘एंटी-फोमिंग’ रासायनिक तकनीक की सिफारिश केंद्र सरकार के एनएमसीजी (राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन) ने भी की है।’’

वहीं पश्चिमी दिल्ली के सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी और आरोप लगाया कि ‘आप’ प्रमुख का गाजीपुर ढलाव घर का दौरा नदी में प्रदूषण के मुद्दे से ध्यान हटाने की एक चाल है।

एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, तिवारी ने कहा कि सरकार नदी में जहरीले रसायन का छिड़काव करके यमुना को साफ करने में अपनी विफलता को छिपाने की कोशिश कर रही है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद तिवारी ने दावा किया, ‘‘हमने यमुना की प्रदूषण की स्थिति का जायजा लेने के लिए कालिंदी कुंज क्षेत्र का दौरा किया। हमें यह देखकर आश्चर्य हुआ कि झाग को छिपाने के लिए एक बहुत ही जहरीले रसायन का छिड़काव किया जा रहा था। जो लोग छिड़काव कर रहे थे वह हमें देखकर तुरंत भाग गए। हमने शिकायत दर्ज कराई है।’’

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एक बयान में कहा कि केजरीवाल हमेशा हिंदू त्योहारों, खासकर छठ पूजा के दौरान यमुना की सफाई को याद करते हैं।

बिधूड़ी ने कहा, ‘‘जैसे ही छठ पूजा समाप्त होती है, वह (केजरीवाल) अन्य कार्यों में व्यस्त हो जाते हैं और यह सिलसिला जारी रहता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल पिछले आठ सालों से ऐसा कर रहे हैं और लोग अब इसे समझ रहे हैं। क्योंकि हर बार डुबकी लगाने की बात करने वाले केजरीवाल ने यमुना की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है और यह अमोनिया फास्फोरस की सफेद चादर के रूप में स्पष्ट है। मां यमुना के ऊपर झाग तैर रहा है।’’ वर्मा ने केजरीवाल को यमुना नदी में डुबकी लगाने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, ‘‘वह (केजरीवाल) कहते हैं कि उन्होंने यमुना को साफ कर दिया है और डुबकी लगाएंगे। मैं उनसे अब से दो दिन बाद नदी में डुबकी लगाने का आह्वान करता हूं।’’

एक ट्वीट में, ‘आप’ विधायक सौरभ भारद्वाज ने पलटवार करते हुए कहा कि केंद्र की ‘नमामि गंगे’ पहल ने यमुना में एक ‘एंटी-फोमिंग एजेंट’ का उपयोग करने का भी सुझाव दिया था। उन्होंने कहा कि हर रसायन ज़हर नहीं होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम छठ पूजा पर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ घाट और झाग मुक्त यमुना मुहैया कराएंगे।’’

पिछले साल, ऐसी वीडियो और तस्वीरें सामने आई थी जिनमें दिख रहा था कि छठ के दौरान श्रद्धालु झाग से भरी यमुना में पूजा कर रहे थे। इसके बाद ‘आप’ और भाजपा के बीच राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई थी। फिर दिल्ली सरकार ने झाग को दूर करने के लिए बांस की जाली लगाने और पानी के छिड़काव जैसे उपाय किए।

केंद्र ने इस महीने की शुरुआत में एनएमसीजी, ऊपरी यमुना नदी बोर्ड (यूवाईआरबी), उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति का गठन किया था। इसका काम छठ पूजा के दौरान यमुना में ओखला बैराज के बाद झाग को नियंत्रित और न्यूनतम करने के लिए समन्वित प्रयास करना है।

यह भी पढ़ें: Mann ने Shah से सीमा बाड़ के पास किसानों की समस्याओं पर गौर करने का किया आग्रह

Advertisement

Published By : Press Trust of India (भाषा)

पब्लिश्ड 28 October 2022 at 07:49 IST