अपडेटेड 19 June 2024 at 08:59 IST
पहाड़ी पर बने जगन रेड्डी के ‘शाही महल’ पर क्यों बरपा हंगामा? TDP के आरोपों के बाद सुर्खियों में आया
Rushikonda Palace: जगन मोहन रेड्डी के आंध्र प्रदेश चुनाव हारने के बाद TDP ने आरोप लगाया कि उन्होंने टूरिज्म प्रोजेक्ट की आड़ में अपने लिए ये महल बनवाया है।
- भारत
- 3 min read

Rushikonda Palace: पूर्व CM वाईएस जगन मोहन रेड्डी (YS Jagan Mohan Reddy) रुशिकोंडा हिल पर बने एक ग्रैंड पैलेस को लेकर विवादों में आ गए हैं। ये महल विशाखापत्तम (विजाग) की एक पहाड़ी पर बनाया गया है जिसे लेकर TDP का दावा है कि ये बड़ी ही गोपनीयता के साथ रेड्डी के पर्सनल यूज के लिए बनाया गया है। TDP के आरोपों के बाद अब ये आलीशान पैलेस सुर्खियों में आ गया है।
जगन मोहन रेड्डी के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में हारने के बाद TDP ने आरोप लगाया है कि ‘उन्होंने टूरिज्म प्रोजेक्ट की आड़ में अपने लिए इस महल को बनवाया है’ और रुशिकोंडा हिल्स पर पर्यावरणीय मानदंडों और नियमों को ताक पर रखा है। सामने आई जानकारी की माने तो, इस आलीशान रुशिकोंडा हिल पैलेस को करीब 452 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
क्यों विवादों में रुशिकोंडा हिल पर बना पैलेस?
अब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस भव्य पर्यटन परिसर पर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। TDP ने इस शाही महल की तस्वीरें भी जारी कर दी हैं और आरोप लगाया गया कि ‘YSRCP प्रमुख ने चुनाव के बाद विजाग में शिफ्ट होने की उम्मीद के साथ पब्लिक फंड से अपने लिए भव्य महल का निर्माण किया था’।
TDP विधायक और पूर्व मंत्री गंता श्रीनिवास राव ने स्थानीय जन सेना नेताओं के साथ रुशिकोंडा की पहाड़ी पर बने नवनिर्मित पर्यटन परिसर का दौरा किया और बाद में तस्वीरें जारी कीं।
Advertisement
दरअसल, 2021 में YSRCP सरकार ने घोषणा की थी कि पहाड़ी पर आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम (APTDC) द्वारा संचालित हरिथा रिसॉर्ट का टूरिस्ट अट्रैक्शन के रूप में पुनर्विकास किया जाएगा। तब से रिसॉर्ट का 9.88 एकड़ क्षेत्र सीमा से बाहर हो गया है और YSRCP सरकार का कहना है कि विकास कार्य अभी चल रहा है।
आधिकारिक रिकॉर्ड की माने तो क्षेत्र को कई ब्लॉकों में विभाजित किया गया था और 356.4 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से जमीन पर बिल्डिंग बनाई जा रही थी। पूर्व पर्यटन मंत्री आर के रोजा ने फरवरी में इसका उद्घाटन भी किया। TDP सालों से इस प्रोजेक्ट की "गोपनीयता" पर सवाल उठा रही है और आरोप भी लगाया है कि प्रोजेक्ट की आड़ में जगन के लिए "राज महल" बनाया जा रहा है।
Advertisement
शाही महल की भव्यता कर देगी दंग
इस आलीशान महल में सात लग्जरी रेजिडेंशियल और ऑफिस बिल्डिंग हैं जिसे कथित तौर पर जगन रेड्डी के कैंप कार्यालय के रूप में बनाया गया था। बीजेपी प्रवक्ता विनुशा रेड्डी ने दावा किया कि ‘जगन के महल जैसे निर्माण ने सभी को चौंका दिया है। उन्होंने बाथटब पर 36 लाख, कमोड पर 3.5 लाख और महल को शाही फर्नीचर से सुसज्जित किया। यह सब जनता के पैसे के दुरुपयोग के अलावा कुछ नहीं है।’
रुशिकोंडा पैलेस को पहाड़ी पर समुद्र तट पर बनाया गया है। इसमें 12 बेडरूम हैं और हर बेडरूम में अटैच लग्जरी वॉशरूम है। इस भव्य 'महल' में हाई क्वालिटी फर्निशिंग, साजो-सामान, चमचमाते झूमर, शानदार फ्लोर वर्क समेत और भी कई लग्जरी सुविधाएं हैं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार एक-एक बाथरूम को 430 वर्ग फीट में बनाया गया है। और तो और बाथटब, इंटीरियर डेकोरेशन और फर्नीचर पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 19 June 2024 at 08:59 IST