अपडेटेड 14 January 2024 at 10:17 IST
मिलिंद देवरा ने कांग्रेस से 55 साल पुराना नाता तोड़ा, अब शिवसेना में होंगे शामिल
Milind Deora कांग्रेस पार्टी के साथ करीब 55 साल का पुराना रिश्ता तोड़कर अब शिवसेना ज्वॉइन करने जा रहे हैं।
- भारत
- 2 min read

Milind Deora Join Shiv Sena: कांग्रेस पार्टी के साथ करीब 55 साल का पुराना रिश्ता तोड़कर पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा अब शिवसेना ज्वॉइन करने जा रहे हैं। मिलिंद देवरा ने आज ही कांग्रेस पार्टी छोड़ी है। रविवार की सुबह मिलिंद ने सोशल मीडिया के जरिए घोषणा की कि उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मिलिंद देवरा फिलहाल एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मिलिंद देवरा रविवार को दोपहर करीब दो बजे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। देवरा के साथ उनके सैकड़ों समर्थक भी शिवसेना पार्टी में शामिल होंगे।
मिलिंद ने X पर की इस्तीफे की घोषणा
पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया। दक्षिण मुंबई सीट से लोकसभा के पूर्व सदस्य देवरा ने सोशल मीडिया मंच 'X' पर लिखा, ‘आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और इसी के साथ पार्टी से मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं सालों तक अटूट समर्थन देने के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।’
Advertisement
पहले नेताओं संग न्याय करें राहुल, यात्रा बाद में: बीजेपी
कांग्रेस से मिलिंद के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है और राहुल गांधी की यात्रा पर कटाक्ष किया। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने लिखा, 'राहुल गांधी को पहले अपनी पार्टी के नेताओं के साथ न्याय करना चाहिए। न्याय यात्रा बाद में।'
कांग्रेस की मुंबई इकाई के प्रमुख थे देवरा
देवरा एक समय कांग्रेस की मुंबई इकाई के प्रमुख भी थे। वह पार्टी के दिग्गज नेता दिवंगत मुरली देवरा के बेटे हैं। देवरा को हाल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का संयुक्त कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। देवरा ने दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट पर उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) के दावे को लेकर असहमति व्यक्त की थी। अविभाजित शिवसेना के अरविंद सावंत ने 2014 और 2019 के आम चुनावों में देवरा को हराया था। सावंत अब ठाकरे गुट में शामिल हैं।
Advertisement
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 14 January 2024 at 10:03 IST