ममता बनर्जी को डबल झटका, कांग्रेस-वाम दलों ने BJP के खिलाफ एकजुट होने की अपील को ठुकराया, कहा- हम किसी भी अपराधी को...
West Bengal: पश्चिम बंगाल में पूर्व CM ममता बनर्जी की BJP के खिलाफ 'विपक्षी एकता' की अपील को झटका लगा। कांग्रेस और वाम दलों ने उनकी अपील को ठुकरा दिया है।
- भारत
- 3 min read

Mamata Banerjee news: पश्चिम बंगाल चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी की 'विपक्षी एकता' की अपील को बड़ा झटका मिलता दिख रहा है। कांग्रेस और वाम दलों ने बीजेपी के खिलाफ एकजुट होने के लिए उनके साथ आने से इनकार कर दिया। कांग्रेस और विभिन्न वामपंथी दलों ने साफ कहा कि वे TMC के साथ किसी भी तरह का राजनीतिक गठबंधन नहीं करेंगे।
‘हम ऐसे व्यक्ति को स्वीकार नहीं करेंगे…’
CPI (M) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने ममता बनर्जी की अपील पर हम किसी ऐसे व्यक्ति को स्वीकार नहीं करेंगे जिसकी पहचान अपराध, उगाही, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिक राजनीति से जुड़ी हो। हम जनता और हाशिये पर खड़े लोगों के साथ रहेंगे।
‘ममता हमें खत्म करने की कोशिश करती रहीं’
वहीं, ममता बनर्जी के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता सौम्य आइच रॉय ने कहा कि हमें अपने कानों पर विश्वास नहीं हो रहा। आपने (ममता बनर्जी) राष्ट्रीय दलों, वामपंथियों और अति-वामपंथियों को साथ आने को कहा है। अति-वामपंथी से आपका मतलब क्या है? क्या आप माओवादियों की बात कर रही हैं, जिन्होंने 25 मई 2013 को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के 18 नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या की थी।
उन्होंने आगे कहा कि देशभर में कांग्रेस, BJP के खिलाफ लड़ रही है। ममता बनर्जी ने सालों तक कांग्रेस और वाम दलों को खत्म करने की कोशिश की है। 2016 में हमने गठबंधन किया था। आपने तब हमें तरह-तरह के नामों से पुकारा। हाल के चुनाव में भी हमारे खिलाफ दुष्प्रचार किया। इतने सालों तक आप खुद हमें खत्म करने की कोशिश करती रहीं, जिससे BJP का रास्ता और मजबूत हुआ। अब आप चाह रही हैं कि हम आपके साथ खड़े हों।
Advertisement
शनिवार (9 मई) को सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इस बार के चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर पहली बार वहां 'कमल' खिलाया है। इसके साथ ही बंगाल में 15 सालों से चला आ रहा ममता 'राज' वहां खत्म हो गया।
ममता बनर्जी ने क्या कहा?
ममता बनर्जी ने एक वीडियो मैसेज जारी करते हुए कहा था कि मैं बंगाल के सभी विपक्षी दलों, छात्र संगठनों और NGOs से BJP के खिलाफ एकजुट होने का आग्रह करती हूं। BJP का विरोध करने वाले सभी राजनीतिक दलों के साथ मिलकर एक साझा मंच बनाया जा सकता है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों के साथ-साथ, मैं वामपंथियों और अति-वामपंथियों से भी आग्रह करती हूं कि वे बंगाल के साथ-साथ दिल्ली में भी एकजुट हों। अगर कोई भी राजनीतिक पार्टी मुझसे बात करना चाहती है, तो मैं उपलब्ध हूं। यह याद रखना होगा कि हमारा पहला दुश्मन BJP है।