अपडेटेड 20 June 2024 at 21:04 IST
भर्तृहरि महताब होंगे लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर, नवनिर्वाचित सांसदों को दिलाएंगे शपथ
भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रुप में नियुक्त किया गया है। नवनिर्वाचित सांसदों को लोकसभा की सदस्यता ग्रहण कराएंगे।
- भारत
- 2 min read

भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रुप में नियुक्त किया गया है। 18वीं लोकसभा के नवनिर्वाचित सांसदों को सदस्यता ग्रहण कराएंगे। लोकसभा के विशेष सत्र की शुरुआत 24 जून से होने वाली है। ऐसे में भारतीय संविधान के अनुसार अगर लोकसभा स्पीकर का चुनाव नहीं हुआ है तो प्रोटेम स्पीकर को सीमित अवधि के लिए सदन की कार्यवाही के लिए चुना जाता है। ऐसे में मेहताब प्रोटेम स्पीकर की भूमिका में नए सांसदों को शपथ दिलाएंगे।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भर्तृहरि को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी है। उन्होंने लिखा, “कटक से भाजपा सांसद महताब को लोकसभा के अध्यक्ष का चुनाव होने तक पीठासीन अधिकारी के रूप में कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 95 (1) के तहत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा अस्थायी अध्यक्ष (प्रोटेम) नियुक्त किया गया है।”
पीठासीन अधिकारी करेंगे प्रोटेम स्पीकर की मदद
उन्होंने बताया कि अस्थायी लोकसभा अध्यक्ष की सहायता पीठासीन अधिकारियों का एक पैनल करेगा, जिसमें कांग्रेस नेता के. सुरेश, द्रमुक नेता टीआर बालू, भाजपा के राधा मोहन सिंह और फग्गन सिंह कुलस्ते तथा तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय शामिल हैं।
24-25 जून को नवनिर्वाचित सदस्य लेंगे शपथ
महताब लोकसभा चुनाव से पहले बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा। नवनिर्वाचित सदस्य 24-25 जून को शपथ लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव 26 जून को होना है।
Advertisement
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 20 June 2024 at 20:13 IST