अमेरिकी धरती से दिए बयान पर मचा बवाल तो बृजभूषण ने राहुल गांधी को दी नेक सलाह, कहा- इससे आपकी छवि खराब होती है क्योंकि...
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयान पर कहा कि ऐसे बयानों से उनकी ही छवि खराब होती है।
- भारत
- 3 min read

कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर दिए अपने बयान की वजह सुर्खियों में है। इस बार अमेरिकी धरती से उन्होंने भारत की संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने की कोशिश की। अब BJP इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर हमलावर है। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह की पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने राहुल को एक सलाह भी दी है।
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा, इतने दिन पहले महाराष्ट्र का चुनाव हुआ है। सरकार बन गई है, वहां सरकार काम भी कर रही है। अगर आपको लगता है कि वहां कोई समझौता हुआ है या कोई भ्रष्टाचार हुआ है तो कोर्ट जाना चाहिए था। पब्लिक को गुमराह करने का क्या मतलब बनता है और उससे आपको क्या मिलने वाली है। इससे राहुल की ही छवि खराब हो रही है।
बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल को दी बड़ी सलाह
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी जैसे नेता जिन्हें राजीव गांधी से विरासत मिली हो। बीच-बीच में वो इंदिरा का भी नाम लेते हैं। हमेशा ऐसी गैर-जिम्मेदाराना बात करते हैं। यदि आपको लगता है कि कोई समझौता या भ्रष्टाचार हुआ है तो आपको कोर्ट जाना चाहिए। इन बयानों से राहुल गांधी की ही छवि खराब होती है क्योंकि वे कभी भी एक बात पर टिके नहीं रहते हैं। यदि वहां(महाराष्ट्र में) कुछ गलत हुआ है तो उन्हें(राहुल गांधी) कोर्ट जाना चाहिए और कोर्ट के निर्णय की प्रतीक्षा करनी चाहिए।
राहुल गांधी की किस बयान पर मचा घमासान
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के बोस्टन में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए एक टिप्पणी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में चुनाव आयोग (ईसी) समझौतावादी है। राहुल ने आगे कहा कि इस प्रणाली में कुछ बुनियादी तौर पर गलत है। महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि दो घंटे में मतदाता सूची में 65 लाख मतदाता जुड़ गए, जो असंभव है। उन्होंने दावा किया, 'महाराष्ट्र में कुल वरिष्ठ लोगों की संख्या से ज्यादा लोगों ने मतदान किया और ये एक तथ्य है। चुनाव आयोग ने हमें शाम को लगभग 5:30 बजे एक आंकड़ा दिया और दो घंटे में लगभग 7:30 बजे 65 लाख मतदाताओं ने मतदान किया, जो शारीरिक रूप से असंभव है।'
Advertisement
राहुल गांधी ने आरोप लगाए कि ये साफ था कि चुनाव आयोग ने अपनी निष्पक्षता से समझौता किया। सिस्टम में बहुत बड़ी गड़बड़ी है, जो साफ दिख रहा है। हमने खुलकर ये बात कही और मैंने भी कई बार बात दोहराई है।