भाजपा वोट खरीद रही, नेता मतदाताओं को दिए जाने वाले पैसों का कर रहे गबन: AAP

आप ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वोट खरीद रही है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Sanjay Singh
संजय सिंह | Image: ANI

AAP Attacked on BJP : आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वोट खरीद रही है।

‘आप’ ने दावा किया कि भाजपा की प्रदेश इकाई के नेताओं ने ‘‘वोट खरीदने के पैसे’’ का भी गबन किया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट खरीदने के लिए अपने नेताओं को प्रति मतदाता 10,000 रुपये आवंटित किए हैं लेकिन धन का केवल एक अंश ही लक्षित मतदाताओं तक पहुंचा है।

'भाजपा नेताओं ने मतदाताओं को केवल…'

सिंह ने दावा किया, ‘‘पूरी राशि वितरित करने के बजाय, भाजपा नेताओं ने मतदाताओं को केवल 1,000 या 1,100 रुपये दिए और शेष 9,000 रुपये अपने पास रख लिये।’’

आप के दावों का जवाब देते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोपों को निराधार करार दिया और इसे आप की हताशा करार दिया। सचदेवा ने कहा, ‘‘आज के राजनीतिक बयान में अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द उनकी असभ्य सामाजिक परवरिश के साथ-साथ राजनीतिक नैतिकता की कमी को दर्शाते हैं।’’

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले सितंबर से आप नेताओं को पता है कि उन्होंने राजनीतिक जमीन खो दी है, लेकिन अब उन्हें ज्ञात हो गया है कि अरविंद केजरीवाल भी हार रहे हैं, जिससे वे परेशान हैं।’’

केजरीवाल ने भाजपा पर लगाया वोट खरीदने का आरोप 

आप’ संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भाजपा पर ‘‘वोट खरीदने’’ और चुनाव जीतने के लिए ‘‘पैसे’’ का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘गाली देने वाली पार्टी दिल्ली चुनाव बुरी तरह हार रही है। इसलिए अब वह पैसे से वोट खरीदकर चुनाव लड़ना चाहती है।’’

Advertisement

पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने दिल्ली चुनाव में धोखाधड़ी की सारी हदें पार कर दी हैं। गाली देने वाली इस पार्टी के शीर्ष नेताओं ने बांटने के लिए 10,000 रुपये भेजे लेकिन पैसे कमाने के लिए नेताओं ने 9,000 रुपये रख लिए और केवल 1,100 रुपये बांटे।’’

सिसोदिया ने कहा कि भाजपा नेताओं के साथ काम करने वाले लोग जानते हैं कि वह पार्टी दिल्ली में केजरीवाल के खिलाफ नहीं जीत सकती। उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे आपके पास वोट मांगने आएं, तो उनसे पूछें बाकी 9,000 रुपये कहां हैं?’’

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने यह योजना यह जानते हुए बनाई कि वे आप से चुनाव हार सकते हैं। उन्होंने दिल्लीवासियों से कथित चोरी किए गए धन पर भाजपा से सवाल पूछने और उनके ‘भ्रष्टाचार’ को उजागर करने का आह्वान किया।

सिंह के साथ संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज भी मौजूद थे। उन्होंने भी भाजपा पर न केवल वोट-खरीद के माध्यम से बल्कि मतदाता सूची में हेरफेर के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।

भारद्वाज ने हजारों वैध मतदाताओं को सूची से हटाए जाने और फर्जी प्रविष्टियां जोड़े जाने पर चिंता जताई। बयान में कहा गया है कि आप नेताओं ने निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप करने और दिल्ली में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

बिधूड़ी ने आप नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया

भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आप नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि नयी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में प्रवेश साहिब सिंह की घोषणा ने आप के खिलाफ राजनीतिक माहौल बदल दिया है। बिधूड़ी ने दावा किया, ‘‘दिल्ली के लोग आप के खिलाफ वोट करके उनके घोटालों और भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए तैयार हैं।’’

भाजपा नेताओं ने आप के बयानों को इस बात का संकेत बताया कि दिल्ली की राजनीति में उनके दिन अब गिनती के रह गए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि आगामी चुनावों में दिल्ली की जनता आप को खारिज कर देगी।

दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतगणना आठ फरवरी को की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Punjab: सोने के लेन-देन को लेकर भिड़े दो सुनार, सरेआम गोली मारकर की हत्या; VIDEO VIRAL
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड