अपडेटेड 10 August 2024 at 22:10 IST

पश्चिम बंगाल में ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या, BJP ने की CBI जांच की मांग

मजूमदार ने कहा, 'किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी छलावा हो सकती है। केवल सीबीआई जांच ही पूरी सच्चाई को उजागर कर सकती है और युवती को न्याय दिला सकती है।'

Follow : Google News Icon  
CBI - File
पश्चिम बंगाल में ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या, BJP ने की CBI जांच की मांग | Image: PTI

पश्चिम बंगाल में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु महिला चिकित्सक से दुष्कर्म और बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आने के बाद प्रदेश में आक्रोश फैल गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस घटना की शनिवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की। केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान इस जघन्य अपराध में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता का संकेत देते हैं। उत्तरी कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के सभागार में शुक्रवार को एक महिला चिकित्सक का शव मिला था।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हत्या से पहले दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या में कथित संलिप्तता के लिए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक बाहरी है और उसे अस्पताल के विभिन्न विभागों में आने-जाने की पूरी आजादी थी। मजूमदार ने कहा, 'किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी छलावा हो सकती है। केवल सीबीआई जांच ही पूरी सच्चाई को उजागर कर सकती है और युवती को न्याय दिला सकती है।'


बीजेपी नेता को मृतका के घर जाने से रोका

मजूमदार और पार्टी की राज्य महासचिव अग्निमित्रा पॉल को मृतका के घर जाते समय बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने रोक लिया, जिस पर उनकी पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख ने पुलिस की देरी से कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि पुलिस ने शुरू में मामले को आत्महत्या के रूप में पेश करने की कोशिश की और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हस्तक्षेप के बाद ही कार्रवाई की। उन्होंने सवाल किया कि क्या गंभीर घटनाओं की जांच के लिए पुलिस को मुख्यमंत्री से निर्देश लेने की आवश्यकता है?


मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की राज्य इकाई के सचिव मोहम्मद सलीम ने पुलिस जांच को अपर्याप्त बताते हुए खारिज कर दिया और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के तहत सीबीआई जांच पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि इसमें सत्तारूढ़ टीएमसी के साथ गुप्त तालमेल हो सकता है। सलीम ने सीबीआई जांच के बजाय उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की।

Advertisement

लेडी डॉक्टर की हत्या के मामले में SIT गठित

सीएम ममता बनर्जी ने आगे बताया कि डॉक्टर की हत्या में पकड़ा गया आरोपी मेडिकल कॉलेज में ही काम करता था। ममता ने आगे कहा कि अगर इस मामले में जरूरी हुआ तो हम प्रधान सचिव और सीपी को दोबारा भेजेंगे। वहीं कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने बताया कि हमने इस मामले की जांच के लिए 7 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। अगर परिवार या रेजिडेंट डॉक्टर कोई और मांग करना है तो उसका भी स्वागत है। उन्होंने कहा कि हम आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग करेंगे।


अर्द्धनग्न अवस्था में पाई गई लेडी डॉक्टर की लाश शरीर पर थे चोट के निशान

कोलकाता के सरकारी अस्पताल में शुक्रवार (9 अगस्त ) को पोस्ट ग्रेजुएशन ट्रेनी महिला डॉक्टर की लाश मिली थी। इस लाश की शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए थे और लाश अर्द्धनग्न अवस्था में पाई गयी थी। शुरुआती जांच में पता चला कि पहले महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म किया गया है और उसके बाद उसकी हत्या की गई है। महिला डॉक्टर की आंखों और मुंह से खून निकल रहा था। इसके अलावा उसके प्राइवेट पार्ट से भी खून निकल रहा था। पुलिस ने बताया कि ये घटना शुक्रवार की सुबह 3 बजे से 6 बजे के बीच की है। 

Advertisement

यह भी पढ़ेंः लेडी डॉक्टर की मौत पर ममता ने कहा- 'दोषियों को मिले फांसी'

Published By : Ravindra Singh

पब्लिश्ड 10 August 2024 at 22:10 IST