'कुर्सी बदल सकती है, लेकिन फाइलें वही रहती हैं...', सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर BJP का AAP पर निशाना, लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
आप नेता सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
- भारत
- 4 min read

BJP on Satyendra Jain Arrest: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी ने 'आप' को घेरना शुरू कर दिया है। इस मामले पर बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने दिल्ली की पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पिछली सरकार के दौरान दिल्ली में एक भी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट नहीं लगा और सरकारी पैसों का दुरुपयोग किया गया।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने अपने कार्यकाल में सिर्फ अपना प्रचार करने और भ्रष्टाचार पर ध्यान दिया। उनके कार्यकाल में दिल्ली में एक भी STP प्लांट नहीं लगा और बाढ़ से बचाव व सीवेज ट्रीटमेंट के लिए रखे गए सरकारी पैसे का गलत इस्तेमाल करके यमुना नदी को साफ करने के बजाय और प्रदूषित किया।
दिल्ली की जनता को न्याय मिलेगा- बांसुरी
उन्होंने आगे कहा कि आज जब सत्येंद्र जैन और चार अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई है तो दिल्ली की जनता को न्याय मिलेगा। ये आशा की किरण पुन: जनता के जहन में जरूर जागी है।
कुर्सी बदल सकती हैं, फाइलें नहीं- प्रवेश वर्मा
वहीं रेखा सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने आप आदमी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा सत्ता जवाबदेही में देरी तो कर सकती है, लेकिन उसे खत्म नहीं कर सकती। DJB की STP टेंडर प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के कारण अब पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी हुई है। कुर्सी बदल सकती है, लेकिन फाइलें तो वही रहती हैं।
Advertisement
एसीबी जांच में पूरी मनी ट्रेल पकड़ी गई- हर्ष
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी 'आप' की पिछली सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'एसटीपी घोटाला और इसमें हुई पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन आदि की गिरफ्तारी ने साफ कर दिया है की आखिर क्यों केजरीवाल सरकार के 10 साल में एक भी एसटीपी किसी नाले पर नही लगा और क्यों दस साल में यमुना और मैली हुई। ACB जांच में पूरी Money Trail पकड़ी गई है। अरविंद केजरीवाल सामने आयें और अपनी सरकार का अपराध स्वीकारें, कानून थोड़ा समय लेगा पर सत्येन्द्र जैन और अन्यों का सजा जरूर होगी।'
सत्येंद्र जैन समेत 6 अन्य की क्यों हुई गिरफ्तारी?
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने AAP के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर में बड़े घोटाले के आरोप में हुई है। उनके साथ पांच अन्य लोग भी अरेस्ट हुए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय, दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व कॉन्ट्रैक्चुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव, AN इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, यूरोटेक इनवायरंमेंट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक राजा कुमार कुर्रा और श्रीजंहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा शामिल हैं। आज सुबह 11 बजे सत्येंद्र जैन समेत 6 आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा।