लालू और राजद नेता खोल रहे JDU के लिए वापसी का दरवाजा... इधर नीतीश ने बैठाई तेजस्वी के कामों पर जांच
Bihar Politics: बिहार की राजनीति काफी दिलचस्प होती जा रही है। राजद नीतीश की वापसी के लिए दरवाजे खोल रही है वहीं बिहार CM तेजस्वी के कामों पर जांच बैठा रहे हैं।
- भारत
- 3 min read

Bihar Politics: बिहार की राजनीति इन दिनों बड़े ही दिलचस्प मोड़ पर आ गई है। एक तरफ राष्ट्रीय जनता दल की ओर से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वागत में दरवाजे खोल रही है तो वहीं दूसरी ओर जनता दल यूनाइटेड के प्रमुख उनके ऊपर जांच बैठा रहे हैं।
बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव से जब नीतीश कुमार की वापसी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उनके लिए दरवाजा खुला ही हुआ है। वहीं राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि लालू यादव का दिल बहुत बड़ा है।
RJD सांसद मनोज झा ने कहा, ''लालू यादव का दिल बहुत बड़ा है। उन्होंने कभी सोचा होगा कि नीतीश कुमार परिवार का हिस्सा हैं। नीतीश कुमार ने क्या किया? बिना किसी कारण के, बिना किसी को बताए, बिना किसी वजह के... अब मन नहीं लग रहा है, इसलिए उधर चले गए। ये मन लगने वाली जो राजनीति में एक शैली उन्होंने जो विकसित की है, उसके सूत्रधार भी वहीं हैं और कर्मधार भी।"
राजद ने खोला दरवाजा तो नीतीश ने बैठा दी जांच
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली नयी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने उन विभागों द्वारा लिये गये सभी फैसलों की समीक्षा का आदेश दिया है, जिनका प्रभार राज्य की पूर्व 'महागठबंधन' सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे तेजस्वी यादव और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दो मंत्रियों ललित यादव व रामानंद यादव के पास था।
Advertisement
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाले कैबिनेट सचिवालय विभाग द्वारा 16 फरवरी 2024 को जारी एक पत्र में स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, शहरी विकास और आवासन व ग्रामीण कार्य विभागों के अधिकारियों को राज्य में पिछली महागठबंधन सरकार के दौरान लिए गए फैसलों की समीक्षा करने को कहा गया है।
इन सभी विभागों की कमान तेजस्वी यादव के पास थी। इसके अलावा सरकार ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) और खान एवं भूविज्ञान विभाग के शीर्ष अधिकारियों को पिछली सरकार में राजद के पूर्व मंत्रियों ललित यादव और रामानंद यादव द्वारा लिए गए निर्णयों की समीक्षा करने को कहा है।
Advertisement
राजद में वापसी पर क्या बोले नीतीश कुमार?
नीतीश कुमार ने कहा, "कौन क्या बोलता है उसके चक्कर में मत आइए। हम सब एक साथ हो गए हैं, जैसे पहले थे। जो गड़बड़ी हुई है उसकी जांच होगी। चीजें ठीक नहीं चल रही थीं, इसलिए हमने उन्हें (RJD) छोड़ दिया।"