'मोहब्बत की दुकान में भ्रष्टाचार...', बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी पर किया प्रहार, हरीश रावत के PA के घर ED के छापे पर कहा- अब चुप्पी क्यों साध रखी है
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी की तथाकथित मोहब्बत की दुकान में भ्रष्टाचार का कारोबार ही पाया जाता है। राहुल गांधी एक तरफ तो छात्रों की बात करते हैं और दूसरी तरफ इन्हीं की पार्टी के लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं।
- भारत
- 3 min read

Bansuri Swaraj: बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने एक बार फिर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी की तथाकथित 'मोहब्बत की दुकान' में सिर्फ भ्रष्टाचार का कारोबार चल रहा है। राहुल गांधी एक तरफ तो छात्रों के हितों की दुहाई देते हैं और दूसरी तरफ उनकी अपनी ही पार्टी के लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। क्या इनकी 'गूंज' उनके कानों तक नहीं पहुंचती है?
बांसुरी स्वराज ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन और अब उनके PA के यहां ED की रेड हुई। यह कार्रवाई UKSSSC का ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा- 2016 में हुई अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई। इस दौरान उनकी आय (इनकम) से ज्यादा संसाधन और संपत्ति प्राप्त हुई। ED ने वहां रेड करके कई चीजें बरामद की है। यह कांग्रेस सरकार के भर्ती के तंत्र पर बहुत गंभीर प्रश्न उठाता है।'
चुप्पी क्यों साधे हैं राहुल गांधी- बांसुरी
उन्होंने आगे कहा, 'छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तत्कालीन OSD को भी ED ने CGPSC स्कैम में गिरफ्तार किया था। यह बहुत गंभीर प्रश्न चिन्ह लगाता है। हिमाचल प्रदेश में आउटसोर्सिंग भर्ती में कमीशनखोरी का मामला सामने आया। वहां एक नेता के बेटे पर कटमनी लेने के आरोप लगे हैं। मैं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से पूछना चाहती हूं कि आप बहुत बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, युवाओं के भविष्य की बातें करते हैं, बेरोजगारी की बातें करते हैं, लेकिन जब आप ही के नेताओं की बात आती है तब आप चुप्पी क्यों साधे रहते हैं?'
बिजली संकट को लेकर AAP पर बोला हमला
बांसुरी स्वराज ने आगे पंजाब में बिजली संकट को लेकर AAP पर हमला बोला। बांसुरी स्वराज ने कहा, 'पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पूरे राज्य में 24/7 बिजली देने का वादा किया था। लेकिन ऐसा लगता है कि लगातार बिजली देने का यह वादा बार-बार बिजली कटौती की स्थिति में बदल गया है। उद्योगों को लगभग 14 घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। AAP सरकार को पता था कि धान का मौसम आने वाला है और सिंचाई के लिए बिजली की मांग बढ़ेगी। फिर भी वे पर्याप्त इंतजाम करने में नाकाम रहे। वे हमेशा बहानेबाजी करते हैं। अब वे केंद्र सरकार पर दोष मढ़ना चाहते हैं।'
Advertisement
'विधानसभा चुनावों में सबक सिखाएगी जनता'
उन्होंने आगे कहा, 'पंजाब के आगामी (विधानसभा) चुनावों में जनता निश्चित रूप से इन बिजली कटौतियों के लिए आम आदमी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराएगी और उन्हें सबक सिखाएगी।'