Updated March 28th, 2024 at 15:30 IST

MP में कांग्रेस को एक और झटका, 1 पूर्व सांसद और 2 पूर्व विधायक BJP में हुए शामिल

MP में कांग्रेस को झटका देते हुए 1 पूर्व सांसद और 2 पूर्व विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।

Reported by: Digital Desk
Edited by: Kanak Kumari
कांग्रेस के पूर्व विधायक और सांसद बीजेपी में शामिल | Image:@drmohanyadav51-X
Advertisement

मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक और तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, कांग्रेस के 2 विधायक और एक पूर्व सांसद ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। शामिल होने वालों में भिंड के पूर्व सांसद रामलखन सिंह, पाटन के पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी और खरगापुर के पूर्व विधायक अजय यादव बीजेपी में शामिल हुए हैं। तीनों नेताओं के साथ इनके समर्थकों ने भी भाजपा का हाथ थाम लिया है। पार्टी की सदस्यता लेने के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जमकर तीनों नेताओं की तारीफ की ।

सीएम मोहन योदव ने तस्वीरें शेयर कर लिखा, “भाजपा परिवार में आप सभी का स्वागत है... आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में  भिंड से कांग्रेस के पूर्व सांसद श्री राम लखन सिंह जी, पाटन से पूर्व विधायक श्री नीलेश अवस्थी जी, खरगापुर के पूर्व विधायक श्री अजय यादव जी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर माननीय प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा, न्यू जॉइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक नरोत्तम मिश्रा और वरिष्ठ नेतागण भी उपस्थित रहे।”

Advertisement

MP में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी

कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मध्यप्रदेश में प्रचार के वास्ते पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के अतिरिक्त 40 अन्य नेताओं को स्टार प्रचारक के तौर पर नामित किया है। मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीट के लिए चार चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा।

मध्यप्रदेश में पिछले लोकसभा चुनाव में लगभग सफाया हो जाने के मद्देनजर कांग्रेस को राज्य में राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चुनाव में कांग्रेस केवल एक सीट-छिंदवाड़ा पर जीत दर्ज कर सकी। नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को बड़ा नुकसान हुआ था।

Advertisement

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी बने स्टार प्रचारक

कांग्रेस द्वारा तैयार स्टार प्रचारकों की सूची में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव और कांतिलाल भूरिया का नाम भी शामिल है। लिस्ट में क्रमशः राजस्थान और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और भूपेश बघेल को भी जगह दी गई है। सूची में मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित आठ विधायकों के नाम भी हैं। राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह और विवेक तन्खा को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

Advertisement

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट, जितेंद्र सिंह और कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में क्षेत्र में उतरेंगे। कांग्रेस ने राज्य में अब तक 22 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। पार्टी 28 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि खजुराहो निर्वाचन क्षेत्र सीट-बंटवारे समझौते के तहत समाजवादी पार्टी को आवंटित किया गया है।

इसे भी पढ़ें: पप्पू यादव के साथ होगा खेला! जिस पूर्णिया सीट से लड़ने का है अरमान वहां लालू यादव का कुछ और प्लान

Advertisement


 

Advertisement

Published March 28th, 2024 at 14:12 IST

Whatsapp logo