'केजरीवाल ने अपने कटआउट को यमुना में डुबकी लगवाई, वो भी बीमार...', अमित शाह का AAP पर तंज, कहा- समय पर हर आरोप का जवाब दूंगा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं, जो बहाने की राजनीति करती हैं। केजरीवाल ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया।
- भारत
- 5 min read

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के पुनरुद्धार के लिए दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत ₹8,941 करोड़ है। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी की दुर्दशा के लिए दिल्ली की पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला। अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया।
अमित शाह ने AAP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा,'अरविंद केजरीवाल ने एक आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की और फिर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया। यहां तक कि कूड़े के पहाड़ के नाम पर भी राजनीति की, मगर हमने काम किया। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है। लेकिन मैं वह जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।'
समय पर AAP के हर आरोप का जवाब दूंगा-शाह
अमित शाह ने कहा, "कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले AAP पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी AAP सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे। आपने आंदोलन के नाम पर सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार करने के अलावा कुछ नहीं किया। कूड़े के पहाड़ों के नाम पर राजनीति करते रहे और हमने कूड़े के पहाड़ों को नीचे लाने का काम किया है और मैं आज यह कहकर जाता हूं कि 2 साल बाद आपको वहां बगीचा दिखाई देगा।"
केजरीवाल ने यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया-शाह
केजरीवाल पर तंज कसते हुए शाह ने कहा, "केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और AIIMS में भर्ती करना पड़ा। यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया... विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है। हम दिल्ली के हर घर को गटर के पानी के सीवरेज का कनेक्शन देंगे और हर घर में शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने का काम भी भाजपा करेगी।"
Advertisement
यमुना के शुद्धिकरण के लिए योजना
अमित शाह ने आगे कहा, "मैं आज दिल्ली की जनता को कहने आया हूं कि दिल्ली की सरकार बनते ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की उनकी संकल्पना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालाय के सामने उन्होंने रखी थी। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से ज्यादा मजल काटने का काम कर लिया है। आज ये 9 हजार करोड़ की योजना में गंदे पानी को शुद्ध करने और कई प्रकार के पीने के पानी की योजना का आज लोकार्पण और भूमिपूजन भी हो रहा है।