अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट की अमृतसर में फिर होगी लैंडिंग, बवाल के बीच पंजाब CM भगवंत मान ने मोदी सरकार से कर डाली बड़ी मांग
अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट की अमृतसर में लैंडिंग को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बवाल मचा दिया है। मोदी सरकार से बड़ी मांग कर दी है।
- भारत
- 3 min read

अमेरिका से भेजे जा रहे निर्वासितों का दूसरा जत्था अमृतसर पहुंचने वाला है। निर्वासितों से भरी फ्लाइट की लैंडिग अमृतसर में होने को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बवाल मचा दिया है। अमृतसर एयरपोर्ट पर अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक और विमान के आने की संभावना पर सीएम मान ने सवाल उठाया।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे मंत्रालय से सूचना मिली है कि विमान रात 10 बजे उतरेगा। पिछली बार विमान को टर्मिनल पर नहीं उतारा गया था, लेकिन इस बार इसे टर्मिनल पर ही पार्क किया जाएगा। इस उड़ान में 67 पंजाबी सवार हैं। उन्हें पंजाब सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई गाड़ियों से उनके निवास स्थान पर छोड़ा जाएगा। सभी निर्वासितों के लिए हवाई अड्डे पर व्यवस्था की गई है।"
अमृतसर-US डायरेक्ट फ्लाइट क्यों शुरू नहीं करती सरकार?: CM मान
उन्होंने आगे कहा कि अगर भाजपा को लगता है कि US हमारे करीब है तो वह अमृतसर से अमेरिका के लिए सीधी उड़ान क्यों नहीं शुरू करती? हमें यह जानकारी नहीं मिली है कि निर्वासित लोगों को जंजीरों में बांधा गया है या नहीं। प्रधानमंत्री मोदी को यह मामला ट्रम्प के समक्ष उठाना चाहिए था और उन्हें वापस लाने के लिए हमारे पास विमान भेजना चाहिए था।
दूसरे राज्य के निर्वासितों को फ्लाइट से लाया जाएगा दिल्ली
सीएम मान ने कहा, "हमें बताया गया है कि दूसरे राज्यों के निर्वासित लोगों को अमृतसर से दूसरी उड़ान से दिल्ली ले जाया जाएगा। यह गलत है कि सरकार दूसरे देश के सैन्य विमानों को सीमावर्ती राज्य में उतरने की अनुमति दे रही है। यह गलत है। मैं राज्य के बच्चों का ख्याल रखूंगा, लेकिन सरकार को इस बारे में सोचना चाहिए। मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि आपके पास इतने सारे एयरबेस हैं, आप विमान को वहां उतरने की अनुमति क्यों नहीं देते। आप पवित्र शहर को बदनाम क्यों कर रहे हैं? क्या कोई अवैध निर्वासितों को वेटिकन सिटी में उतरने की अनुमति देगा?"
Advertisement
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिका से 119 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक विमान 15 फरवरी को रात करीब 10 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंच सकता है। उन्होंने ये भी बताया कि 119 अवैध भारतीय प्रवासियों में से 67 पंजाब, 33 हरियाणा, आठ गुजरात, तीन उत्तर प्रदेश, दो-दो गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान तथा एक-एक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से हैं।
104 अप्रवासियों का जत्था आया था भारत
बता दें, सीएम मान ने इससे पहले कहा था कि अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर अमेरिका से आए पहले विमान में हरियाणा और गुजरात से 33-33 लोग और पंजाब से 30 लोग थे। कुछ दिन पहले एक अमेरिकी सैन्य विमान 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचा था, जिनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से तथा 30 पंजाब से थे।