अपडेटेड 29 August 2024 at 07:09 IST
'आपको किसने हक दिया?', विवादित बयान पर घिरीं ममता बनर्जी, हिमंता के बाद ओडिशा CM का भी फूटा गुस्सा
सीएम ममता बनर्जी ने चेतावनी भरे लहजे में विवादित बयान देते हुए कहा कि अगर बंगाल को जलाया गया तो असम, नॉर्थ-ईस्ट, दिल्ली, यूपी, बिहार और ओडिशा भी जलेंगे।
- भारत
- 3 min read

Odisha CM on Mamata Banerjee Statement: कोलकाता में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत को लेकर पहले ही सीएम ममता बनर्जी चौतरफा घिरीं हुई हैं। घटना के खिलाफ लोगों में आक्रोश बना हुआ है। ममता सरकार के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विवादित बयान देकर अपनी मुसीबत और बढ़ा लीं।
बीते दिन ही सीएम ममता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बंगाल को जलाया गया तो असम, नॉर्थ-ईस्ट, दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड और ओडिशा भी जलेंगे। आपकी कुर्सी हम गिरा देंगे। ममता बनर्जी के इस बयान की काफी आलोचना हो रही है। पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उनके बयान को लेकर हमला बोला। तो अब ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी उनके बयान पर भड़क उठे।
'ओडिशा एक शांतिपूर्ण राज्य, यहां...'
ओडिशा के मुख्यमंत्री ने ममता बनर्जी से सवाल किया कि आपको (ममता बनर्जी) को इस पर तरह का आपत्तिजनक बयान देने का अधिकार किसने दिया।
उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर सीएम ममता के बयान पर निशाना साधते हुए कहा, "आपको किसने अधिकार दिया ओडिशा के बारे में ऐसे आपत्तिजनक बयान देने का? ओडिशा एक शांतिपूर्ण राज्य है और यहां के लोग जिम्मेदार और जागरूक हैं। ओडिशा के लोग आपके नफरत भरे रवैये, नकारात्मक टिप्पणियों और हमारे राज्य के प्रति असंवेदनशील रवैये को कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे। जघन्य अपराध की पीड़िता को न्याय दिए बिना, आप जो प्रतिशोधात्मक टिप्पणियां कर रही हैं वह देश के लिए खतरनाक है। कृप्या इस तरह के बयानों से दूर रहिए। शांत रहे।"
Advertisement
CM हिमंता ने भी बोला जोरदार हमला
इससे पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का पारा भी ममता बनर्जी के इस बयान को लेकर चढ़ गया था। उन्होंने जोरदार हमला बोलते हुए कहा था, "दीदी, आपकी हिम्मत कैसे हुई असम को धमकाने की? हमें लाल आंखें मत दिखाइए। आपकी असफलता और तुष्टिकरण की राजनीति से भारत को जलाने की कोशिश भी मत कीजिए। आपको विभाजनकारी भाषा बोलना शोभा नहीं देता।"
क्या कहा ममता बनर्जी ने...?
बीते दिन तृणमूल कांग्रेस की छात्र शाखा के स्थापना दिवस के मौके पर एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने आगे कहा, “कुछ लोग सोच रहे हैं, यह बांग्लादेश है। याद रखें, मुझे बांग्लादेश से प्यार है... वे हमारी तरह ही बोलते हैं और उनकी संस्कृति हमारी तरह ही है, लेकिन याद रखें बांग्लादेश एक अलग राष्ट्र है और भारत एक अलग राष्ट्र है।" पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, “आप यहां आग भड़काने के लिए अपनी पार्टी का इस्तेमाल कर रहे हैं। याद रखें, अगर आप बंगाल जलाएंगे तो असम, उत्तर-पूर्व, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे! हम आपकी कुर्सी गिरा देंगे।”
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 29 August 2024 at 07:09 IST