Delhi: खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे, हार से तिलमिलाई AAP ने BJP पर साधा निशाना- 5 साल में दिल्ली में 3 CM बदल जाएगा क्योंकि...
दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम अब तक फाइनल नहीं होने पर AAP नेता गोपाल राय ने BJP पर निशाना साधा है। साथ ही एक बड़ी भविष्यवाणी भी की है।
- भारत
- 3 min read

विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के साथ बीजेपी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को ही आ गए थे। मगर अब तक दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस पर बीजेपी फैसला नहीं कर पाई है। आज (17 फरवरी) को विधायक दल की बैठक होनी थी, जो फिलहाल टल गई है। आखिर में इतने नामों की लिस्ट में किसी एक चेहरे के नाम पर मुहर कब लगेगी? सियासी गलियारे में इसे लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। इधर हार से तिलमिलाई AAP इसे बड़ा मुद्दा बनाकर BJP पर हमलावर है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम अब तक फाइनल नहीं होने पर AAP नेता गोपाल राय ने BJP पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, 10 दिन हो गए हैं लेकिन भाजपा अभी तक अपना मुख्यमंत्री नहीं तय कर पा रही है, कौन दिल्ली का मंत्री बनेगा वे तय नहीं कर पा रहे हैं। ये इस बात को दर्शा रहा है कि भाजपा के पास ना तो कल मुख्यमंत्री था ना आज है। तारीख पर तारीख दी जा रही है, इस दिन बैठक होगी और मुख्यमंत्री तय किया जाएगा।
दिल्ली में 5 साल में 3 मुख्यमंत्री बदले जाएंगे-AAP
गोपाल राय ने आगे कहा, भाजपा की तरफ से बार-बार कहा गया कि पीएम जब विदेश से आ जाएंगे तब तय होगा लेकिन पीएम अब तो आ गए हैं तब भी अभी तक तय नहीं हो पा रहा है। तारीख पर तारीख दी जा रही है। जिस तरह की गुटबाजी दिख रही है वो इस बात की तरफ साफ संकेत दे रहा है कि आगामी दिनों में दिल्ली में 5 साल में 3 मुख्यमंत्री बदले जाएंगे। दिल्ली में हर समय अस्थिर सरकार रहेगी। ऐसे समय में हम एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका को निभाएंगे।
AAP के आरोपों पर BJP का पलटवार
वहीं, AAP के आरोपों पर BJP ने पलटवार किया है। दिल्ली सीएम की घोषणा न करने के सवाल पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, AAP की ये सब बैचेनी है, बहुत जल्द ही हम 2-3 दिन में ही दिल्ली को सब सूचना मिल जाएगी। भाजपा ऐसा कार्य करेगी और हमारा सीएम इतना अच्छा होगा कि दिल्ली को हम 5 साल में लगभग सभी समस्याओं से दूर कर देंगे।
Advertisement
कब होगा दिल्ली के सीएम का शपथ ग्रहण
वहीं, बीजेपी की ओर से लगातार कहा जा रहा है कि दो से तीन दिन के अंदर मुख्यमंंत्री के नाम पर फैसला कर लिया जाएगा। राजतिलक की तैयारी भी शुरू हो गई है। 20 फरवरी को दिल्ली में नए मुख्यमंत्री के शपथ लेने की संभावना है। आधिकारिक तौर पर शपथ ग्रहण समारोह की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि अभी अनौपचारिक तौर पर जानकारी निकलकर आई है कि 20 फरवरी दिल्ली के नए सीएम शपथ ले सकते हैं।