अपडेटेड 12 June 2024 at 20:57 IST
पवन कल्याण की शपथ के बाद PM मोदी ने पकड़ा हाथ, ले गए बड़े भाई चिरंजीवी के पास,तभी चंद्रबाबू नायडू...
पवन कल्याण की शपथ के बाद PM मोदी ने पकड़ा हाथ, ले गए बड़े भाई चिरंजीवी के पास, तभी चंद्रबाबू नायडू ने...
- भारत
- 3 min read

PM Narendra Modi meets Pawan Kalyan and Chiranjeevi: आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में नई एनडीए सरकार बन गई है। बुधवार को चंद्रबाबू नायडू ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उसके बाद बारी-बारी से मंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में जनसेना पार्टी के नेता और एक्टर पवन कल्याण भी थे। इस दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। यहां पवन कल्याण और उनके बड़े भाई चिरंजीवी के साथ पीएम मोदी का एक वीडियो सामने आया है।
राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने चंद्रबाबू नायडू को राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाने के बाद मंत्रियों को भी शपथ दिलाई। राज्यपाल ने जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण को आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद आये वीडियो में देखा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी पवन कल्याण का हाथ पकड़े हुए थे, जिन्हें वो उनके बड़े भाई चिरंजीवी के पास ले गए। पीएम मोदी ने मंच से दोनों भाइयों पवन कल्याण और चिरंजीवी का हाथ पकड़कर जनता का अभिवादन किया।
PM मोदी ने थपथपाई चिरंजीवी और पवन कल्याण की पीठ
इसी बीच पवन कल्याण और चिरंजीवी ने हाथ जोड़कर पीएम मोदी का भी अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी दोनों भाइयों की पीठ थपथपाते हुए नजर आए। यहां चिरंजीवी को भी पवन कल्याण से प्यार करते हुए देखा गया। तभी पीछे से मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू आए और उनके मंच पर मौजूद तमाम लोगों से पीएम मोदी को मिलवाया। प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में अभिनेता रजनीकांत, अभिनेता-राजनेता नंदमुरी बालकृष्ण और अन्य केंद्रीय मंत्रियों और टीडीपी नेताओं से मुलाकात की।
यह भी पढे़ं: चंद्रबाबू नायडू बने आंध्र प्रदेश के नए सीएम...शपथ लेते ही छूना चाहते थे पैर, पीएम मोदी ने लगा लिया गले
Advertisement
नायडू के नेतृत्व में आंध्र में NDA को प्रचंड बहुमत
चंद्रबाबू नायडू ने टीडीपी-बीजेपी-जनसेना वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को विधानसभा और संसदीय चुनावों में भारी जीत दिलाई है। आंध्र प्रदेश की 175 सदस्यीय विधानसभा में टीडीपी ने अकेले 135 सीटें जीती हैं, जबकि उसके सहयोगी जनसेना पार्टी के पास 21 और बीजेपी के पास 8 विधायक हैं। विपक्षी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के खाते में महज 11 सीटें रही हैं।
आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हुए। पवन कल्याण ने पीथापुरम विधानसभा सीट जीती। जनसेना पार्टी के विधायकों ने मंगलवार को पवन कल्याण को आंध्र प्रदेश विधानसभा में सदन का नेता चुना।
Advertisement
चंद्रबाबू नायडू चौथी बार आंध्र प्रदेश के CM बने
चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। ये चौथी बार है जब नायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है, जबकि 2014 में तत्कालीन राज्य के विभाजन के बाद ये दूसरी बार है। नायडू पहली बार आंध्र प्रदेश के विभाजन से पहले 1995 में सीएम बने थे। उन्होंने लगातार 9 सालों तक 2004 तक राज्य का नेतृत्व किया। टीडीपी सुप्रीमो 2014 में विभाजित आंध्र के मुख्यमंत्री के रूप में लौटे और 2019 तक पद पर रहे।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 12 June 2024 at 13:33 IST