LIVE UPDATES/ सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास पर तोड़फोड़ और पथराव, भड़के अखिलेश यादव ने की ये मांग
India News Live: सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित घर पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया है। इसको लेकर अखिलेश यादव भड़क उठे हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के आवास पर CBI ने छापेमारी की। रांची में BJP नेता अनिल टाइगर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बदमाशों ने गोली मार दी।
- भारत
- 21 min read

India News Live: सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित घर पर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया है। इसको लेकर अखिलेश यादव भड़क उठे हैं। वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल के आवास पर CBI ने छापेमारी की। रांची में BJP नेता अनिल टाइगर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। बदमाशों ने गोली मार दी। हत्याकांड के खिलाफ बीजेपी और आजसू ने गुरुवार 27 मार्च को रांची बंद बुलाया है, जबकि जेएलकेएम ने झारखंड बंद बुलाया है। कुर्मी संगठन ने भी झारखंड बंद का आह्वान किया है। जेडीयू ने बंद का समर्थन किया है।
दिशा सालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर CM फडणवीस का बयान
दिशा सालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "मुझे अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है, जब मिलेगी तो आपको बता दूंगा।"
अयोध्या SSP का बयान
अयोध्या SSP राज करण नैय्यर ने कहा, "आगामी चैत्र नवरात्रि और विशेष रूप से राम नवमी के मद्देनजर, हमने मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल मांगा था, जो हमें आवंटित कर दिया गया है। क्षेत्र को विभिन्न क्षेत्रों और सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा, एकमात्र उद्देश्य भक्तों को एक सुखद अनुभव प्रदान करना है। हम सुनिश्चित करेंगे कि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उचित सुरक्षा व्यवस्था की जाए।"
Advertisement
BJP विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को पार्टी से निकाला गया
भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति ने बसनगौड़ा पाटिल यतनाल को तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
पूरा झारखंड अपराधियों के गिरफ्त में- केंद्रीय मंत्री संजय सेठ
BJP नेता अनिल टाइगर की हत्या पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा, "रांची सहित पूरा झारखंड अपराधियों के गिरफ्त में है। कानून का शासन ध्वस्त हो चुका है और अपराधियों को खुली छूट है, कोई सुरक्षित नहीं है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। हम कल सुबह सड़क पर उतरकर इस अपराध के खिलाफ और इस बेईमान सरकार के खिलाफ कड़ा प्रतिरोध करेंगे। अपराधी उत्तर प्रदेश छोड़कर भाग गए। बहू-बेटी सुरक्षित हैं, व्यापारी सुरक्षित हैं..क्यों? क्योंकि भय है, योगी मॉडल है। योगी मॉडल लागू करो तभी अपराध रुकेगा।"
Advertisement
विपक्ष केवल सदन में विरोध प्रदर्शन करना चाहता है- एकनाथ शिंदे
उद्धव ठाकरे के बयान पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, "संविधान की चर्चा के दौरान वह कहते हैं कि संविधान खतरे में है। उन्हें पहले चर्चा में भाग लेना चाहिए। क्या वह बीआर अंबेडकर के संविधान का सम्मान नहीं करते हैं? जब संविधान पर चर्चा होती है, तो वह अनुपस्थित रहते हैं। विपक्ष केवल सदन में विरोध प्रदर्शन करना चाहता है। सरकार उनके मुद्दों पर चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार है।"
गोवा के बजट पर CM प्रमोद सावंत का बयान
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, "मैंने गोवा सरकार का साल 2025-26 का बजट पेश किया। हमने इस बार लगभग 28,163 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। इस बजट में पर्यटन पर ध्यान दिया गया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि हम यह पूरा बजट कार्यान्वित करेंगे और पर्यटन पर ध्यान देने से राज्य में पर्यटन बढ़ेगा और इस बार हम राज्य में ज्यादा से ज्यादा ग्रीन इनिशिएटिव लेंगे। इस बजट का सभी ने स्वागत किया है।"
BJP नेता अनिल टाइगर की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार- SSP रांची
भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जांघ में गोली लगी है। पहचान होने के बाद पुलिस की टीमें उसका पीछा करने लगीं। पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मारी और गिरफ्तार कर लिया। जांच जारी है: SSP रांची
रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ पर ACP का बयान
सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ और पथराव पर ACP संजीव त्यागी ने कहा, "समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन के एक बयान से आक्रोशित होकर आज करणी सेना से जुड़े कुछ लोगों ने उनके आवास पर जाकर पथराव किया...कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरी घटना की जांच की जा रही है। घटना में कुछ पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं..."
'कुणाल कामरा अभी तक मुंबई पुलिस के संपर्क में नहीं आए हैं'
मुंबई पुलिस ने कहा, "हम डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे मामले से पहले कुणाल कामरा द्वारा अन्य व्यक्तियों पर किए गए व्यंग्य के मामलों की जांच कर रहे हैं। अगर यह पाया जाता है कि उन्होंने किसी राजनेता या अभिनेता या खिलाड़ी पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की है, तो कार्रवाई की जाएगी। कुणाल कामरा अभी तक मुंबई पुलिस के संपर्क में नहीं आए हैं।"
बिहार में इस बार ऐतिहासिक जीत होगी- चिराग पासवान
बिहार NDA बैठक पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "बैठक का कोई खास उद्देश्य नहीं है। संसद सत्र चल रहा है, यह चुनाव वर्ष है। तमाम रणनीति तय की जाएंगी। क्या रणनीति होगी, हम चुनाव में किस सोच के साथ जाएंगे, सरकार की उपलब्धियां कैसे जनता के बीच रखी जाएंगी, सीट शेयरिंग पर, इन सभी मुद्दों पर चर्चा होगी। इस बार एक ऐतिहासिक जीत होगी...हमें 225 से अधिक सीटें मिलेंगी।"
बैठक पर क्या बोले उपेंद्र कुशवाहा?
RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "मुझे लगता है कि यह उस तरह की (राजनीतिक) बैठक नहीं है। हम सभी यहां मिलेंगे, लेकिन इसे राजनीतिक बैठक कहना ठीक नहीं है। बिहार में अभी एनडीए की जो स्थिति है, उससे लगता है कि हमारे सामने कोई गठबंधन सफल नहीं होने वाला है।"
बिहार में NDA 225 से ज्यादा सीटें लेकर आएगी- जीतन राम मांझी
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने बिहार NDA बैठक पर कहा, "हम बिहार का चुनाव जीतेंगे और NDA वहां 225 सीटें लेकर आएगी।"
राहुल गांधी के बयान पर जगदंबिका पाल की प्रतिक्रिया
BJP सांसद जगदंबिका पाल ने राहुल गांधी के बयान पर कहा, "राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं। इस सदन में कोई किसी को बोलने से नहीं रोक सकता। वे स्वयं सदन में नहीं बैठते हैं। वे किसी विधेयक और प्रस्ताव पर नहीं बोलते हैं। उन्हें संसदीय प्रणाली में कोई रूचि नहीं है। यह कोई सरकार नहीं है... यहां अगर कांग्रेस के सदस्य बोल सकते हैं तो फिर वे(राहुल गांधी) क्यों नहीं बोल सकते?.."
रामजी लाल सुमन के साथ जो घटना हुई, वह निंदनीय है- अखिलेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ और पथराव पर कहा, "हमें इतिहास के पन्नों को नहीं पलटना चाहिए। भाजपा ने जब भी इतिहास के पन्ने पलटे हैं, वे केवल अपने राजनीतिक लाभ के लिए पलटे हैं। आज हम आगे बढ़ने की बात करें। आज रामजी लाल सुमन के साथ जो घटना हुई, वह निंदनीय है। एक दलित और वरिष्ठ सांसद के घर पर तब हमला होना जब मुख्यमंत्री वहीं हो। इसका मतलब यह सब मुख्यमंत्री की सहमति से हुआ है।"
इफ्तार पार्टी में पहुंचे राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी द्वारा आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल होने के लिए उनके आवास पर पहुंचे।
रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ पर अवधेश प्रसाद का बयान
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ और पथराव पर कहा, "रामजी लाल सुमन हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं... उनके घर पर इस तरह की घटना करने और उनका अपमान करने की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। मैं मांग करता हूं कि सरकार ऐसे तत्वों को बढ़ावा न दे, जिससे अमन और चैन में खलल पैदा हो..."
सड़क पर नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए- BJP विधायक
BJP विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा, "मेरा मानना है कि नवरात्रि पूरे भारत के लिए, सनातन के लिए एक बड़ा त्योहार है, इसलिए सभी समुदायों को ध्यान रखना चाहिए कि मंदिरों के आसपास मांस और शराब की दुकानें बंद रखी जानी चाहिए। जहां तक सड़क पर नमाज अदा करने की बात है, सड़कें धार्मिक कार्यक्रमों के लिए नहीं होती हैं, सड़कें लोगों की सुविधा के लिए होती हैं, उनके यातायात के लिए होती हैं। मैं इस बात से सहमत हूं कि किसी को भी सड़क पर नमाज अदा करने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।"
अब सिर्फ पश्चिम बंगाल बचा है- लोकसभा में बोले अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा, "दिल्ली में भी कमल खिल गया है और अब आयुष्मान भारत दिल्ली में भी है। अब सिर्फ पश्चिम बंगाल बचा है, चुनाव के बाद वहां भी कमल खिलेगा और आयुष्मान भारत योजना पश्चिम बंगाल में भी आएगी।"
कुणाल कामरा को लगता है वो बहुत ज्ञानी है- मंत्री उदय सामंत
कुणाल कामरा विवाद पर महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने कहा, "कुणाल कामरा ने सुप्रीम कोर्ट, प्रधानमंत्री, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, मुकेश अंबानी, आनंद महिंद्रा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर अपमानजनक टिप्पणी की है। यह किसी भी राज्य या देश के लिए अच्छी बात नहीं है। उन्हें लगता है कि वह बहुत ज्ञानी हैं, लेकिन यह सच नहीं है। सभी को बोलने की आज़ादी है, लेकिन यह सोचना होगा कि अभिव्यक्ति की आजादी के तहत क्या कहा जा सकता है। अगर उन्हें एकनाथ शिंदे के बारे में कुछ कहना है, तो उन्हें मुंबई, रत्नागिरी या कुल्हापुर आना चाहिए। वह पांडिचेरी में क्यों छिपे हुए हैं?"
मुखर्जी नगर में 12 अप्रैल को निकलेगी शोभा यात्रा
दिल्ली के मुखर्जी नगर में 12 अप्रैल को शोभा यात्रा निकलेगी। हनुमान जयंती पर विश्व हिंदू परिषद शोभा यात्रा निकालेगी। इसको लेकर पुलिस उपायुक्त से यातायात, सुरक्षा के लिए पत्र लिखा गया है।
CM योगी के बयान पर क्या बोले बिहार के उपमुख्यमंत्री?
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर कहा, "इस तरह की मानसिकता से भयमुक्त करने की जिम्मेदारी प्रत्येक भारतीय की है। आज हिंदू धर्म के पर्व और त्योहारों पर पत्थर क्यों बरसते हैं? वहीं दूसरे धर्मों के उत्सव में कोई विवाद नहीं होता... यह मानसिकता किसी धार्मिक भावना का सूचक नहीं बल्कि आतंकवाद और उग्रवाद का प्रतीक है।"
रामजी लाल समुन के बयान से करोड़ों लोग आहत हुए- जगदंबिका पाल
BJP सांसद जगदंबिका पाल ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के बयान पर कहा, "जब उनका(सपा सांसद रामजी लाल सुमन) बयान आया था तो उससे करोड़ों लोग आहत हुए थे। किसी जनप्रतिनिधि को यह अधिकार नहीं है कि वह किसी सम्मानित व्यक्ति या किसी महापुरुष के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करे। इससे करोड़ों लोग आहत हुए हैं और इसी तरह सुर्खियों में बने रहने की लोगों की आदत हो चुकी है। आप देखते हैं कि आए दिन लोग इस तरह के बयान देकर सनातन को ठेस पहुंचाते हैं।"
रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ पर क्या बोलीं डिंपल यादव?
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तोड़फोड़ और पथराव पर कहा, "अगर हम उत्तर प्रदेश की स्थिति देखें, जहां सड़कों पर बम फट रहे हैं, जहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यह सरकार की जिम्मेदारी है। अगर ऐसी घटनाएं हो रही हैं... तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। आप युवा पीढ़ी को क्या संदेश देना चाहते हैं? सरकार को इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। कहीं न कहीं यह सरकार द्वारा करवाया गया कृत्य है।"
जस्टिस यशवंत वर्मा के आवास पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम
दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के आवास पर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की एक टीम मौजूद है। जांच आयोग के निर्देशों के आधार पर, दिल्ली पुलिस यशवंत वर्मा के आवास के उस क्षेत्र की सुरक्षा कर रही है, जहां आग लगी थी। पुलिस द्वारा वीडियो भी रिकॉर्ड की जा रही हैं।
सीएम योगी के "मुसलमान UP में सबसे सुरक्षित हैं" वाले बयान पर TMC का रिएक्शन
उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ के "मुसलमान उत्तर प्रदेश में सबसे सुरक्षित हैं" वाले बयान पर TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा, "योगी आदित्यनाथ सांप्रदायिक हैं। वह मस्जिदों को तोड़कर मंदिर बनाना चाहते हैं। हम योगी आदित्यनाथ जैसे नेताओं का विरोध करना चाहते हैं...यह (उनका बयान) सही नहीं है। संभल में क्या हुआ? क्या हाल ही में वहां दंगा नहीं हुआ?"
सीएम योगी ने राहुल गांधी को 'नमूना' कहा तो भड़की कांग्रेस
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 'नमूना' कहने पर कहा, “सबसे बड़े नमूने तो खुद योगी आदित्यनाथ हैं... इन्होंने जनता के बीच केवल हिंदू-मुसलमान किया है। ये केवल बाबर, औरंगज़ेब और संभल की बात करते हैं... राहुल गांधी और कांग्रेस ने लोगों का भविष्य बेहतर बनाया है। उन्होंने लोगों को आगे बढ़ाया है... राहुल गांधी इस देश के सबसे मजबूत और विद्वान नेता हैं।”
वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ आंदोलन पर चंद्रशेखर आजाद का बयान
आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने AIMPLB द्वारा वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ आज देशव्यापी 'आंदोलन' पर कहा, “आज देश में जिस तरह के हालात हैं, उसे समझते हुए, जिसके भी अधिकारों पर हमला होगा, वो उसकी रक्षा के लिए आगे आएगा। और जिस वर्ग के लिए हम राजनीति करते हैं, बहुजन समाज, कमजोर वर्ग, उनके अधिकारों पर हमले को रोकने के लिए संविधान ने विरोध का अधिकार दिया है। हम आज उसी का इस्तेमाल करने के लिए बिहार में हैं।”
हिंदुओं के प्रति उनकी नफरत कितनी खतरनाक है...: CM योगी
नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "...जो लोग इस्लाम खतरे में होने की बात कर रहे हैं, उन्होंने यहां भी हिंदुओं का विरोध किया था। आप कल्पना करें कि अगर वे भारत में हिंदुओं का विरोध कर रहे हैं, तो पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं के हालात क्या होंगे? हम उनकी मानसिकता का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि हिंदुओं के प्रति उनकी नफरत कितनी खतरनाक है..."
ममता बनर्जी पर बरसे सीएम योगी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के "मृत्यु कुंभ" वाले बयान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "13 जनवरी से 26 फरवरी तक 50,000 से 1 लाख श्रद्धालु प्रतिदिन पश्चिम बंगाल से प्रयागराज आता था। पश्चिम बंगाल की सरकार इस भीड़ को देखकर घबरा गई। चाहे वह पश्चिम बंगाल सरकार हो, कांग्रेस हो, आरजेडी हो या समाजवादी पार्टी हो, उन्होंने महाकुंभ के बारे में जो कुछ भी कहा है, वह उनकी तुष्टिकरण की राजनीति का उदाहरण है और भारत की आस्था अपमान करने का उदाहरण है...लेकिन यह 'मृत्युंजय महाकुंभ' था..."
महाकुंभ भगदड़ पर सीएम योगी का बयान
महाकुंभ 2025 के दौरान हुई मौतों के बारे में पूछे जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "एक न्यायिक आयोग है जो इलाहाबाद उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार काम कर रहा है। हमने एक महीने का समय दिया था, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने उसे कुछ और समय दिया, और इसमें कुछ नई चीजें जोड़ी हैं। वे सभी पक्षों से बात कर रहे हैं और बयान दर्ज कर रहे हैं। जो भी निष्कर्ष निकलेगा वो रिपोर्ट वे लोग देंगे, जिस पर हम कार्रवाई करेंगे..."
8 साल के कार्यकाल में सीएम योगी के लिए बड़ी उपलब्धि क्या है?
मुख्यमंत्री के रूप में 8 वर्षों के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों के बारे में पूछे जाने पर उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मेरा मानना है कि लोकतंत्र में किसी भी सरकार के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि जनता की संतुष्टि होनी चाहिए। पिछले 8 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए जो भी रूपरेखा तैयार की थी और उन क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है, उसमें जनता का व्यापक समर्थन मिला है और मैं इसे सरकार की उपलब्धि मानता हूं..."
तीसरी बार सीएम बनने की संभावना पर क्या बोले योगी?
राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा और तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "...सेवा, सुरक्षा और सुशासन का मॉडल हमारी पार्टी का था, उसे प्रभावी ढंग से उत्तर प्रदेश में लागू करने के कारण आज जनता का व्यापक आशीर्वाद हमारी पार्टी के साथ है... तीसरी बार सरकार बनाने के लिए हमारी पार्टी कोशिश करेगी। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री बन सकता है..."
औरंगजेब उनके आदर्श हैं, क्योंकि वो औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे: CM योगी
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 'डबल इंजन एक दूसरे को नमस्ते तक नहीं करते' वाले बयान पर उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने कहा, "ये उनके संस्कार हैं। हम अपनी विरासत, अपने मौजूदा नेतृत्व और अपने पूर्वजों का भी सम्मान करते हैं। लेकिन जिनके आदर्श औरंगजेब हैं, उनका आचरण भी उसी प्रकार का जरूर होगा... औरंगजेब उनके आदर्श हैं, क्योंकि वो औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं। मुंबई से लेकर लखनऊ तक उनके नेता औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं... हम राम, कृष्ण, शिव को आदर्श मानते हैं, उनकी पूजा करते हैं। उनकी कृपया से उनके अच्छे गुण भी हमारे अंदर समाहित होते हैं। जो औरंगजेब और बाबर को अपना आदर्श मानता होगा, वो गुण भी उनमें देखने को मिलेंगे..."
SP पर बरसे सीएम योगी
समाजवादी पार्टी के नेता के राणा सांगा वाले बयान पर उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, "क्या इतिहास सिर्फ यही लोग जानते हैं जो जिन्ना का महिमामंडन करते हैं?...ये वही लोग हैं जो बाबर, औरंगजेब और जिन्ना का महिमामंडन करते हैं। देश, भारत की विरासत और भारत के महापुरुषों के प्रति इनके भाव क्या होंगे, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है। इन्हें पलटी मारने में देर नहीं लगेगी...ये लोग महाराणा प्रताप, राणा सांगा, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह के बारे में क्या जानते हैं? औरंगजेब और बाबर की पूजा करने वाले और जिन्ना को अपना आदर्श मानने वालों से इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती..."
UP में मुसलमानों की सुरक्षा पर क्या बोले CM योगी ?
राज्य में मुसलमानों की सुरक्षा पर उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, "...100 हिंदू परिवारों के बीच रहने वाला एक मुस्लिम परिवार सुरक्षित है। उसे अपने सभी धार्मिक कार्य करने की स्वतंत्रता है। लेकिन क्या 100 मुस्लिम परिवारों के बीच अगर 50 हिंदू परिवार भी रहते हैं, तो क्या वे सुरक्षित हो सकते हैं? नहीं रह सकते... बांग्लादेश, पाकिस्तान, अफगानिस्तान आपके सामने उदाहरण हैं...उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं। अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो वे भी सुरक्षित हैं। अगर 2017 से पहले यूपी में दंगे होते थे, तो अगर हिंदुओं की दुकानें भी जलती थीं, तो मुसलमानों की दुकानें भी जलती थीं। 2017 के बाद दंगे बंद हो गए। अब अगर हिंदू सुरक्षित हैं, तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं..."
जो जैसा समझेगा, उसको उसी भाषा में समझाना चाहिए- सीएम योगी
बुलडोजर कार्रवाई पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जो न्याय और कानून को अपने हाथ में लेते हैं, उन्हें कानून के दायरे में रहकर सबक भी सिखाया जाता है। जो जैसा समझेगा, उसको उसी भाषा में समझाना चाहिए।”
कन्हैया कुमार पर शहजाद पूनावाला का पलटवार
बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला का कन्हैया कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, "जैसा नेता, वैसा चेला। जिनका नेता राहुल गांधी हो, उनके चेलों से क्या उम्मीद की जा सकती है। कन्हैया कुमार ने कहा बिहार में सड़कों की आवश्यकता नहीं है। वो कहते हैं, पेट्रोल से प्यास नहीं बुझती है। कांग्रेस में राहुल गांधी को प्रसन्न करने के लिए उनसे भी और ज्यादा बेतुकी बातें करनी है। ये कन्हैया कुमार और कांग्रेस की मजबूरी है, इसलिए कुतर्क इनकी मजबूरी है।"
बिहार में विकास पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार का बयान
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बिहार में विकास पर कहा, "हमारे पास तो इनकम ही नहीं है, तो सड़क किसके लिए बना रहे हैं? बिहार में वो है, जिसके लिए दुनिया तरसे वाली है, बिहार में पानी है। पानी, पेट्रोल से भी ज्यादा कीमती होना है, क्योंकि पेट्रोल पीने से प्यास नहीं बुझती है।ॉ दुनिया में जिस तरह से पानी खत्म हो रहा है, दुनिया भर के पूंजीपतियों और कारोबारियों की नजर बिहार के पानी पर है। हमारे आसपास बड़ी-बड़ी सड़कें बन रही हैं। हमारे पास तो इनकम ही नहीं है, तो सड़क किसके लिए बना रहे हैं। यहां का संसाधन लूटकर लेकर जाने के लिए सड़क बना रहे हैं। बीजेपी चाहती है, उसका मुख्यमंत्री बने, इसका मतलब बिहार के संसाधन अडानी के हाथ में पहुंचे। संसाधन नहीं है, रेवन्यू नहीं है तो इनवेस्ट क्यों है भैया, इतना इनवेस्टमेंट क्यों हो रहा है।"
हरपाल सिंह चीमा थोड़ी देर में पंजाब का बजट करेंगे पेश
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा अपने आवास से रवाना हुए; थोड़ी देर में वे 2025-26 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे।
सीएम योगी ने जनता दर्शन में लोगों की शिकायतं सुनी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के आवास पर CBI का छापा
CBI छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आवास पर पहुंची। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करते हुए लिखा, "अब CBI आई है। आगामी 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद (गुजरात) में होने वाली AICC की बैठक के लिए गठित “ड्राफ़्टिंग कमेटी” की मीटिंग के लिए आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। उससे पूर्व ही CBI रायपुर और भिलाई निवास पहुँच चुकी है।"
ओडिशा कांग्रेस का प्रदर्शन जारी
ओडिशा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विधानसभा परिसर से हटाए जाने के बाद कांग्रेस भवन के बाहर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा है। ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने सदन में विरोध प्रदर्शन करने के बाद 12 कांग्रेस विधायकों को 7 दिनों के लिए सदन से निलंबित किया है।
पीएम मोदी आज देखेंगे फिल्म छावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज फिल्म छावा देखेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री और संसद सदस्य भी मौजूद रहेंगे। वहीं फिल्म संसद भवन के ऑडिटोरियम में दिखाई जाएगी।