PM मोदी करेंगे नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे दिल्ली खंड का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत कॉरिडोर के अतिरिक्त 13 किलोमीटर लंबे दिल्ली खंड का उद्घाटन करेंगे।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
PM Modi Hits Out at AAP and Kejriwal
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Image: ANI

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच नमो भारत कॉरिडोर के अतिरिक्त 13 किलोमीटर लंबे दिल्ली खंड का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उद्घाटन पूर्वाह्न करीब 11 बजे होगा और प्रधानमंत्री मोदी साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर की यात्रा करेंगे।

रविवार को शाम पांच बजे से यात्री परिचालन शुरू हो जाएगा और 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि न्यू अशोक नगर स्टेशन से मेरठ साउथ तक का किराया स्टैंडर्ड कोच के लिए 150 रुपये और प्रीमियम कोच के लिए 225 रुपये है। 

नवनिर्मित 13 किलोमीटर के खंड में से छह किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है और इसमें कॉरिडोर का एक प्रमुख स्टेशन आनंद विहार भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार है, जब नमो भारत ट्रेनें भूमिगत खंड पर चलेंगी।

इस उद्घाटन के साथ ही नमो भारत ट्रेनें अब दिल्ली पहुंचेंगी। प्रधानमंत्री ने पिछले साल 20 अक्टूबर को साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन किया था। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल साहिबाबाद और मेरठ साउथ के बीच कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा चालू है, जिसमें नौ स्टेशन हैं।

Advertisement

उन्होंने बताया कि इस उद्घाटन के साथ, नमो भारत कॉरिडोर का परिचालन खंड बढ़कर 55 किलोमीटर हो जाएगा, जिसमें कुल 11 स्टेशन होंगे। इस खंड पर परिचालन शुरू होने से मेरठ शहर अब दिल्ली से सीधे जुड़ गया है। अधिकारियों ने बताया कि इससे यात्रा का समय एक तिहाई कम हो जाएगा, जिससे यात्री न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ 40 मिनट में यात्रा कर सकेंगे।

Published By:
 Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड