अपडेटेड 9 September 2025 at 18:46 IST
PM मोदी ने पंजाब और हिमाचल में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वे, दोनों राज्यों के लिए 3100 करोड़ रुपये की मदद का ऐलान
PM Modi Flood Area Visit: पंजाब में हवाई सर्वे की तस्वीरों को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "पंजाब में आई बाढ़ का हवाई निरीक्षण किया। अधिकारी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। इस चुनौतीपूर्ण समय में हमारी संवेदनाएं लोगों के साथ हैं।"
- भारत
- 5 min read

PM Modi Flood Area Visit: हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ ने काफी तबाही मचाई है। इन दोनों ही राज्यों में इस प्राकृतिक आपदा से कई लोगों के मारे जाने की भी खबर आई है। अकेले पंजाब में 30 लोगों की मौत की जानकारी खुद पंजाब की भगवंत मान सरकार ने दी थी। दोनों ही राज्यों में जन के साथ धन और फसलों की बर्बादी हुई है। भारी बारिश और बाढ़ से दोनों राज्यों में भारी तबाही के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब का दौरा किया।
जी हां, पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया। इस दौरान उन्होंने दोनों राज्यों में बाढ़, भू-स्खलन (हिमाचल में) से मची तबाही को देखा और इसका जायजा लिया। वहीं, उन्होंने पंजाब में कई लोगों से मुलाकात भी की है। इसकी तस्वीरों को पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर किया है। इस बीच पीएम मोदी ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए कुल 3100 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि की घोषणा
भारी बारिश और बाढ़ ने पंजाब के सभी 23 जिलों को प्रभावित किया है। पंजाब चूंकि कृषि प्रधान राज्य है, तो यहां पर बाढ़ और भारी बारिश से किसानों के फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इस बीच आज पीएम मोदी पंजाब दौरे पर पहुंचे। पंजाब में हवाई सर्वे करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश में बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात भी की।
पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, "पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। हम बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति को राहत पहुंचाने और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्परता से काम कर रहे हैं। हम किसानों सहित सभी को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिनकी भलाई हमारे लिए सर्वोपरि है।"
Advertisement
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की, जो राज्य के खजाने में पहले से मौजूद 12,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है। SDRF और PM किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री ने पूरे क्षेत्र और उसके लोगों की मदद के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसमें PM आवास योजना के तहत घरों का पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्गों का जीर्णोद्धार, स्कूलों का पुनर्निर्माण, PMNRF के माध्यम से राहत प्रदान करना और पशुओं के लिए मिनी किट वितरित करना जैसे उपाय शामिल होंगे।
पंजाब में हवाई सर्वे की तस्वीरों को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "पंजाब में आई बाढ़ का हवाई निरीक्षण किया। अधिकारी प्रभावित लोगों की सहायता के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। इस चुनौतीपूर्ण समय में हमारी संवेदनाएं लोगों के साथ हैं।"
Advertisement
हिमाचल के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता राशि की घोषणा
पंजाब से पहले पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने इसकी तस्वीरों को शेयर करते हुए अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "हवाई सर्वेक्षण के जरिए हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। इसके साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।"
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, प्रधानमंत्री ऑफिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सबसे पहले हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने कांगड़ा में एक आधिकारिक बैठक की जिसमें राहत और पुनर्वास उपायों की समीक्षा के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में हुए नुकसान का आकलन भी किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। SDRF और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त अग्रिम रूप से जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंजूरी, राष्ट्रीय राजमार्गों का जीर्णोद्धार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष के तहत राहत का प्रावधान और पशुधन के लिए मिनी किट भी जारी किए जाएंगे।
Published By : Amit Dubey
पब्लिश्ड 9 September 2025 at 18:46 IST