LIVE BLOG

आंध्रप्रदेश तिरुपति बालाजी मंदिर में टोकन बांटने के दौरान मची भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; कई घायल

India News Live: PM मोदी आज अपने दो दिवसीय दौरे के बीच आज आंध्र प्रदेश पहुंचे। आंध्र प्रदेश और ओडिशा में कई अहम विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी ने वायजेक में रोड शो किया। रोड शो में लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। CM नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा छपरा पहुंचेगी। दिल्ली में चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री आवास को लेकर सियासत तेज हो गई है।

Follow : Google News Icon  
Tirupati stampede
तिरुपति बालाजी मंदिर में भगदड़ मची। | Image: Republic digital

India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश को 2 लाख करोड़ रुपये की सौगात दी। अब वह ओडिशा के दौरे पर पहुंच गए हैं। वहीं, दिल्ली में चुनाव का ऐलान हो गया है, जिसके बाद सियासत चरम पर है। दिल्ली में मुख्यमंत्री आवास को लेकर जंग छिड़ गई है। आम आदमी पार्टी और BJP एक दूसरे पर हमलावर हैं। आज भी इस पर सियासत जारी है। वहीं ISRO के नए चीफ का भी ऐलान कर दिया गया है। 


अमित शाह ने भी जताया शोक

तिरुपति की घटना पर दुख जताते हुए केंद्रीम गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “तिरुपति मंदिर में हुई भगदड़ की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”


घटना पर कर्या बोले टीटीडी अध्यक्ष बीआर नायडू?

तिरुपति भगदड़ की घटना पर टीटीडी (तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम) के अध्यक्ष बीआर नायडू ने कहा," यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, 6 तीर्थयात्रियों की जान चली गई। अभी तक केवल एक तीर्थयात्री की पहचान हो पाई है, जबकि अन्य की पहचान होनी बाकी है। एन मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस घटना को लेकर बहुत गंभीर हैं और उन्होंने टेलीकांफ्रेंस के दौरान अधिकारियों के प्रबंधन पर असंतोष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कल सुबह 11:45 बजे मृतकों के परिवारों से मिलने जाएंगे। सीएम ने चेतावनी दी है कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए और वे इस मुद्दे पर अपडेट की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।"


Advertisement

PM मोदी ने तिरुपति की घटना पर जताया दुख

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में हुई भगदड़ से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द ही ठीक हो जाएं। आंध्र प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है: PMO


भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़ी

तिरुपति बालाजी में मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। पहले घटना में मरने वालों की संख्या 4 थी, लेकिन अब ये आंकड़ा 7 तक पहुंच चुका है।


Advertisement

सीएम नायडू कल जाएंगे तिरुपति

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू कल सुबह घायलों से मिलने तिरुपति जाएंगे। बता दें, तिरुपति बालाजी मंदिर में टोकन लेने के दौरान भगदड़ मचने से कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई।


तिरुपति बालाजी मंदिर में भगदड़

तिरुपति के विष्णु निवासम में वैकुंठ द्वार सर्व दर्शन टोकन वितरण के दौरान मची भगदड़ में 4 लोगों की मृत्यु हो गई है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना में घायलों को दिए जा रहे उपचार के बारे में अधिकारियों से फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर राहत उपाय करने के आदेश दिए हैं ताकि घायलों को बेहतर उपचार मिल सके: CMO


केजरीवाल पर बरसे संदीप दीक्षित

नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, "शीशमहल होने से जो ये आम आदमी की एक तस्वीर बनाते थे और जो ढोंग रचते थे कि मैं साधारण जीवन जीता हूं वो टूट गया है। प्रधानमंत्री क्या बना रहे हैं वो दिल्ली का मुद्दा नहीं है, वो राष्ट्र का मुद्दा है... अरविंद केजरीवाल को पता होना चाहिए कि वो जिन वादों से आए थे और जो तस्वीर बनाकर आए थे कि मैं आम आदमी हूं बंगले घर नहीं लूंगा ये किसी और ने नहीं कहा, तो ढोंग तो आपने रचा था। सवाल आपके ढोंग पर है। आपने जनता का बेवकूफ बनाया है। केजरीवाल की कोई हिम्मत नहीं है किसी चीज का जवाब देने की। भाजपा और AAP का एक ही काम एक दूसरे पर कीचड़ उछालते रहो..."


महाकुंभ 2025 मानवता का सबसे बड़ा समागम है: IG तरुण गाबा

IG तरुण गाबा ने कहा, "महाकुंभ 2025 मानवता का सबसे बड़ा समागम है...हम यहां अच्छी व्यवस्था देने के लिए कटीबद्ध हैं और महाकुंभ पर्व को बहुत सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से मनाया जाए...हम यहां अभेद एवं अचूक सुरक्षा सुनिश्चित करा रहे हैं। हमने 7 लेयर सुरक्षा स्कीम को लागू किया है जिसमें लोगों की चेकिंग की जाएगी और संदिग्ध व्यक्तियों को चिह्नित किया जाएगा..."


CM सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम के सामने छह नक्सलियों ने किया सरेंडर

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर, कई अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में छह नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। नक्सलियों ने आत्मसमर्पण पत्र के साथ अपनी वर्दी भी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को सौंप दी।
 


AP में 2047 तक करीब 2.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य: PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आंध्र प्रदेश ने 2047 तक राज्य को करीब 2.5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है। इस विजन को साकार करने के लिए चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने स्वर्ण आंध्र @ 2047 की पहल की है। इसमें केंद्र की NDA सरकार भी राज्य के हर लक्ष्य के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है।"


आंध्र प्रदेश नई भविष्योन्मुखी प्रौद्योगिकियों का केंद्र बने: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज यहां 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है। यह परियोजनाएं आंध्र प्रदेश में विकास को नई ऊंचाइयां देंगी...आंध्र प्रदेश अपने इनोवेटिव नेचर के कारण आईटी और प्रौद्योगिकी का इतना बड़ा हब है। अब समय है कि आंध्र प्रदेश नई भविष्योन्मुखी प्रौद्योगिकियों का केंद्र बने..."


6 दिनों से भूख हड़ताल पर रहने के कारण प्रशांत किशोर की तबीयत खराब हो रही: मनोज भारती

बिहार के मुख्य सचिव से मुलाकात पर जन सुराज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा, "हमने अपने ज्ञापन में मुख्य सचिव को अभ्यर्थियों की मांगों के बारे में बताया है, जिसके लिए प्रशांत किशोर भूख हड़ताल पर हैं। पिछले 6 दिनों से भूख हड़ताल पर रहने के कारण प्रशांत किशोर की तबीयत खराब हो रही है... इसलिए छात्रों की मांगों को संज्ञान में लिया जाना चाहिए..."


INDI गठबंधन टूट चुका: भाजपा नेता प्रदीप भंडारी

भाजपा नेता प्रदीप भंडारी ने कहा, "INDI गठबंधन टूट चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के पहले कहा था कि ये असफल राजनीतिक गठबंधन है जिसका टूटना तय है। जो आपस में लड़ते हैं उनको जनता कभी समर्थन नहीं देती है। हरियाणा में आपस में लड़े जनता ने विपक्ष में बैठा दिया। महाराष्ट्र में एक दूसरे को आंख दिखा रहे थे, विपक्ष में बैठे हैं। ठीक इसी तरीके से दिल्ली में इन लोगों ने कांग्रेस को आंख दिखाई, अब विपक्ष में बैठेंगे। जनता जानती है जो खुद का घर साथ नहीं रख सकते वो जनता का क्या समर्थन जीतेंगे। इसलिए 2014 से 2024 तक विपक्ष में बैठे हैं, 2029 में भी विपक्ष में बैठेंगे।"


आंध्र भी विकसित बनेगा और तभी भारत भी विकसित राष्ट्र बनेगा: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आंध्र प्रदेश संभावनाओं का और अवसरों का राज्य है। जब आंध्र की यह संभावनाएं साकार होंगी, तो आंध्र भी विकसित बनेगा और तभी भारत भी विकसित राष्ट्र बनेगा इसलिए आंध्र का विकास, यह हमारा विजन है, आंध्र के लोगों की सेवा, यह हमारा संकल्प है।"


पीएम मोदी हमेशा विकास के पक्षधर हैं: CM चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा, "आप (पीएम मोदी) हमेशा विकास के पक्षधर हैं। मैं आपसे हमेशा प्रेरणा लेता हूं और आपसे कई सबक सीखता हूं। कल तक अमरावती अनिश्चितता की स्थिति में था। अब आपको उस जगह का विकास देखने के लिए कभी आना चाहिए जहां आपने नींव रखी थी। हम आखिरकार इसे पूरा करने जा रहे हैं। आपको अमरावती का उद्घाटन करना होगा, जो सबसे बेहतरीन शहरों में से एक है, जैसा कि आपने सपना देखा था..."


भाजपा के संगठन पर्व में 43 लाख सदस्य जुड़े: मोहनलाल बड़ौली

हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा, "भाजपा के संगठन पर्व में 43 लाख सदस्य जुड़े हैं। 20,629 बूथ हैं प्रत्येक बूथ पर सक्रिय सदस्य बने हैं। 38,000 सक्रिय सदस्य भाजपा के बने हैं... आने वाले समय में निकाय के चुनाव में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार प्रदेश में बने, इसकी योजना रचना हमने की है।"


महाकुंभ के लिए सभी तैयारियां पूर्णता की स्थिति में आ गई: मंत्री जयवीर सिंह

महाकुंभ 2025 की तैयारियों पर उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, "महाकुंभ के लिए सभी तैयारियां पूर्णता की स्थिति में आ गई हैं। हम समझते हैं कि 13 जनवरी से शुरू होने वाले महाकुंभ में देश-दुनिया से आने वाले सभी श्रद्धालुओं का हम पूरी तरह से स्वागत करने के लिए तैयार हैं।"


प्रियंका कक्कड़ ने केजरीवाल को अकाउंट्स का जादूगर बताया

AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने एक शासन मॉडल पेश किया है जो कि मुझे लगता है कि पूरे देश को अपनाना चाहिए। जिस मॉडल के तहत अरविंद केजरीवाल जी ने सबसे कम महंगाई, उच्चतम प्रति व्यक्ति आय, सबसे कम बेरोजगारी... और आगे की गारंटी दी है ये केवल एक अकाउंट्स के जादूगर ही कर सकते हैं, जो हर वर्ग का ध्यान रखे फिर भी एक मुनाफे का बजट पेश करे। ये पूरे देश में होना चाहिए।"


केजरीवाल जी की करनी और कथनी में फर्क है: अर्जुन राम मेघवाल

दिल्ली विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "दिल्ली में इस बार एक चीज साफ है कि केजरीवाल जी की करनी और कथनी में फर्क है... उन्होंने कहा था कि हमें सत्ता मिलेगी तब हम सरकारी गाड़ी, बंगला और सुरक्षा का उपयोग नहीं करेंगे, ये तीनों गलत निकली... इसलिए जब कथनी और करनी में फर्क होता है तो लोकप्रियता गिर जाती है... भाजपा मजबूती से चुनाव लड़ रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार दिल्ली विधानसभा में भाजपा सरकार बनाएगी।"


इस बार पर्यटन क्षेत्र विश्व में चमकेगा: ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा

ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कहा, "हमारा सौभाग्य है कि यहां 18वें प्रवासी भारतीय दिवस के पहले दिन पर्यटन पर चर्चा हुई है। मुझे लगता है कि विश्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह प्रवासी भारतीय दिवस हमारे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इस बार पर्यटन क्षेत्र विश्व में चमकेगा।"


जेपी नड्डा ने असम में नए पुस्तकालय और सूचना विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ तेजपुर में लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई क्षेत्रीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में नए पुस्तकालय और सूचना विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "...यह संस्थान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तीव्र गति से आगे बढ़े इसके लिए जितने भी प्रस्ताव आए थे उन सबको हमने पास किया है। आगे चलकर ये प्रस्ताव लागू होंगे।"


कोटा में एक छात्र के आत्महत्या पर SHO बुद्धाराम चौधरी का बयान

कोटा में एक छात्र के आत्महत्या पर SHO बुद्धाराम चौधरी ने कहा, "महेंद्रगढ़ हरियाणा का एक बच्चा है जो यहां कोचिंग कर रहा था। कल रात 10 बजे सूचना मिली कि हॉस्टल में एक बच्चे ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अस्पताल में शिफ्ट कराया है। परिजनों ने रिपोर्ट कर दी है जिस आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।"


खेल मंत्रालय की योजनाओं से युवाओं को रोजगार मिलेगा: CM मोहन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "आज खेल एंव युवा कल्याण मंत्रालय द्वारा दो योजनाएं सबके बीच लाई गई हैं जिसके माध्यम से युवाओं को भविष्य में रोजगार मिलेगा। प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने में भी सरकार की ओर से मदद मिलेगी। पार्थ योजना सेना, पुलिस और अन्य विभागों की भर्ती परीक्षाओं से संबंधित कोचिंग व सुविधाएं बच्चों को उपलब्ध करवाएगी। इन योजनाओं के भरोसे युवाओं को न केवल अपना भविष्य बनाने का मौका मिलेगा बल्कि वे इस आधार पर मध्य प्रदेश को भी गौरवान्वित करेंगे। ये अच्छी योजना है। खासकर 12 जनवरी, युवा दिवस से पूर्व युवा शक्ति का प्रतीक यह आयोजन सराहनीय है..."


राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हमारे राज्य के लिए बहुत बड़ा अवसर: CM धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हमारे राज्य के लिए बहुत बड़ा अवसर है और उसकी सभी तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रीय खेलों का आयोजन देवभूमि को खेलभूमि के रूप में भी स्थापित करेगा, इससे युवाओं में एक नया जोश और ऊर्जा आएगी।"


संभल की SDM वंदना मिश्रा का बयान

संभल की SDM वंदना मिश्रा ने कहा, "ASI की टीम संभल में आई हुई है और उनके द्वारा पहले से संरक्षित स्थल की सीमा तय की जाएगी। उनके सहयोग के लिए राजस्व की टीम भी लगाई गई है। कुल 7 स्थानों पर ये कार्य किया जाएगा।"


हर्ष मल्होत्रा का कांग्रेस से सवाल

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस द्वारा 'जीवन रक्षा योजना' की घोषणा पर कहा, "कांग्रेस की अपनी एक नीति है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है मैं पूछता हूं कि क्या उन राज्यों में ये योजना लागू की गई है जिसकी घोषणा यहां की गई है?"


AAP के DNA में पाखंड और नाटक है- शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "AAP के DNA में पाखंड और नाटक है। पहले भी इन्होंने पाखंड किया था कि उन्हें घर की जरूरत नहीं है और अब घर के लिए लड़ाई हो रही है... जनता इस नाटक को अच्छी तरह से समझती है और पाखंड से तंग आ चुकी है। AAP का असली चेहरा सामने आ गया है।"


कांग्रेस ने दिल्ली में लॉन्च की 'जीवन रक्षा योजना'

कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर देने वाली 'जीवन रक्षा योजना' की घोषणा की। कांग्रेस अध्यक्ष और बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र यादव ने कहा, "AAP ने वादे बहुत किए लेकिन उन्हें पूरा करने का काम नहीं किया। दिल्ली में प्रदूषण, मिलावट और दूषित पानी की मार को ध्यान में रखते हुए आज हमने महसूस किया कि दिल्ली की जनता की सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। इसी के लिए हम आज ये योजना लेकर आए हैं।"


AAP पर बरसे सुधांशु त्रिवेदी

BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "भ्रष्टाचार के स्मारक की सच्चाई लोगों के सामने आ रही है। आज जो घटनाक्रम सामने आ रहा है और आप सांसद संजय सिंह और दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज जो चरित्र दिखा रहे हैं, वे चाहे कुछ भी कर लें, वे अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार के संग्रहालय, 'शीश महल' को नहीं बचा पाएंगे। आज उन्होंने जो कुछ भी किया है, वह अराजकता का स्पष्ट प्रदर्शन है।"


सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह को PM आवास जाने से रोका गया

दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज और आप सांसद संजय सिंह आज सुबह दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर जाने के बाद प्रधानमंत्री आवास के बाहर पहुंचे। प्रधानमंत्री आवास में प्रवेश से मना किए जाने के बाद सौरभ भारद्वाज ने कहा, "हम यहां 'तेरा घर, मेरा घर' के इस तर्क को समाप्त करने आए थे। हमने कहा कि प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास दोनों को लोगों को दिखाया जाना चाहिए। इसलिए हम यहां आए हैं।"


दिल्ली के धरातल से कांग्रेस लुप्त हो चुकी है- वीरेंद्र सचदेवा

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा स्वास्थ्य योजना की घोषणा पर दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "कांग्रेस दिल्ली के धरातल से लुप्त हो चुकी है। कांग्रेस के पास कुछ बचा नहीं है। इस योजना के जरिए वे सिर्फ अपना अस्तित्व बचाने की कोशिश कर रहे हैं। वे इसलिए भी बेनकाब हो रहे हैं क्योंकि लोकसभा चुनाव में वे अरविंद केजरीवाल के साथ लड़े थे, लेकिन विधानसभा चुनाव में आमने-सामने हैं। आगामी चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वे फिर से साथ मिलकर चुनाव लड़ने जा रहे हैं।"


प्रवेश वर्मा ने शुरू किया 'हर घर नौकरी' पंजीकरण अभियान

नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने 'हर घर नौकरी' पंजीकरण अभियान शुरू किया।


अखिलेश के बयान पर अविनाश पांडे की प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर कहा, "अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी का नेतृत्व करते हैं। उस पार्टी के बारे में जो निर्णय लेना है वो उनकी अपनी सोच है। कांग्रेस दिल्ली चुनाव में स्वतंत्र रूप से अपने बल पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी... वहां की जनता कांग्रेस और शीला दीक्षित के नेतृत्व में जो काम वहां हुए थे उसे याद कर रही है और वे चाहती है कि कांग्रेस को एक बार फिर मौका दिया जाए..."
 


मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे संजय सिंह-सौरभ भारद्वाज

दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज और AAP सांसद संजय सिंह पुलिस द्वारा प्रवेश से मना किए जाने के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। भाजपा के 'शीश महल' आरोपों के बाद कल संजय सिंह ने भाजपा को मीडिया कर्मियों के साथ मुख्यमंत्री आवास पर जाने की चुनौती दी थी।


कांग्रेस पर बरसे शहजाद पूनावाला

BJP नेता शहजाद पूनावाला ने केंद्र सरकार द्वारा पूर्व राष्ट्रपति स्वर्गीय प्रणब मुखर्जी के लिए 'राष्ट्रीय स्मृति' में स्मारक बनाने घोषणा करने पर कहा, "इसका स्वागत होना चाहिए कि प्रणब मुखर्जी को स्मारक दिया जा रहा है। यह दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी का प्रथम परिवार संकुचित नेहरू मानसिकता से चलता है और अपनी ही पार्टी के नेताओं का अपमान करता है। जीते जी डॉ. मनमोहन सिंह का लगातार अपमान किया गया... गांधी परिवार और कांग्रेस का यह डीएनए रहा है। सभी लोगों का अपमान कांग्रेस पार्टी ने किया।"


हमने वन नेशन वन इलेक्शन बिल का विरोध किया है- संजय राउत

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने 'एक देश, एक चुनाव' पर संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक पर कहा, "एक देश-एक चुनाव का जो बिल आ रहा है, भविष्य में यह 'एक पार्टी एक चुनाव' या 'एक नेता एक चुनाव' की ओर जाएगा। इसलिए हम सभी ने इस बिल का विरोध किया है जिसमें INDIA गठबंधन भी शामिल है। JPC के पास यह बिल गया है। आज उस कमिटी की पहली बैठक है और हमारे सभी सदस्य उस बैठक में शामिल होंगे। अस्थायीकरण चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में है। इस देश का संविधान कहता है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष रहे लेकिन पिछले 10 सालों में ये नहीं देख पा रहा हूं।"


लोग दिल्ली में कमल खिलाना चाहते हैं- विजेंद्र गुप्ता

रोहिणी विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने कहा, "मैं दिल्ली में लोगों से मिल रहा हूं और इस बार लोगों का एक ही कहना है कि बदलाव होगा। (दिल्ली में) जो हालात इन्होंने (AAP) पैदा किए हैं उसे लोग बदलना चाहते हैं और एक बार फिर दिल्ली में कमल खिलाना चाहते हैं। दिल्ली की सरकार ने रोहिणी के साथ सौतेला व्यवहार किया। सालाना 1000 करोड़ रुपये का बजट होने के बाद मुख्यमंत्री सड़क पुनर्निमाण योजना के तहत रोहिणी विधानसभा को बजट नहीं दिया गया। ये सरकार बदले की भावना से काम करती है। दिल्ली के लिए ऐसे लोग बहुत खतरनाक हैं और इन्हें हटाना चाहिए।"


कोयला खदान से एक मजदूर का शव बरामद

असम के उमरंगसो क्षेत्र के 3 किलो स्थित कोयला खदान से एक शव बरामद किया गया, जहां 6 जनवरी को 9 लोग फंसे हुए थे। बचाव अभियान अभी भी जारी है।


वन नेशन वन इलेक्शन पर JPC की पहली बैठक आज

'एक राष्ट्र-एक चुनाव' पर संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक आज सुबह 11 बजे शुरू होगी। समिति को विधि एवं न्याय मंत्रालय (विधायी विभाग) के अधिकारी जानकारी देंगे। यह बैठक JPC के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी ने बुलाई है।


मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

असम के दीमा हसाओ जिले के 3 किलो इलाके में एक कोयला खदान में फंसे 9 लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान जारी है। NDRF अधिकारी एन. तिवारी ने बताया कि कल का बचाव अभियान आज आगे बढ़ाया गया है। हमारा प्रयास है कि हम जल्द से जल्द खदान में फंसे लोगों तक पहुंचे और उन्हें बाहर निकालें। NDRF और भारतीय सेना की संयुक्त टीम बचाव अभियान में लगी हुई है। नौसेना की टीम भी पहुंच रही है।


महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर

प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित होने वाले महाकुंभ 2025 से पहले तैयारियां जोरों पर हैं।


कर्तव्य पथ पर रिपब्लिक डे परेड की रिहर्सल

76वें गणतंत्र दिवस के लिए रक्षा कर्मियों की परेड की रिहर्सल कर्तव्य पथ पर चल रही है।


वी. नारायणन बनेंगे नए ISRO चीफ

ISRO के नए चीफ के नाम का ऐलान हो गया है। डॉ. वी. नारायणन नए प्रमुख बनेंगे। 14 जनवरी को वह एस. सोमनाथ की जगह लेंगे। 


आंध्र प्रदेश और ओडिशा दौरे के लिए रवाना होंगे PM मोदी

8 और 9 जनवरी को PM मोदी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहने वाले हैं। वह अपनी इन यात्राओं के लिए आज रवाना होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री दोनों राज्यों को कई सौगातें भी देंगे। वह विशाखापत्तनम में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। वहीं, भुवनेश्वर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। 

Published By :
Ruchi Mehra

पब्लिश्ड