Waqf Law: वक्फ संशोधन बिल को मिली राष्ट्रपति की मंजूरी, पूरे देश में होगा लागू
India News Live: PM मोदी थाईलैंड का दौरा करने के बाद अब अपने तीन दिवसीय दौरे पर श्रीलंका पहुंच गए हैं। श्रीलंका में एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। भारत के लिए ये दौरा अहम माना जा रहा है।
- भारत
- 15 min read

थाईलैंड के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब श्रीलंका दौरे पर कोलंबो पहुंचे हैं। तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे पर पीएम मोदी भारत और श्रीलंका के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ ऊर्जा, व्यापार और कनेक्टिविटी में सहयोग बढ़ाने को लेकर भी बात कर सकते हैं। श्रीलंका पहुंचते ही पीएम मोदी को स्वतंत्रता चौक पर 'गार्ड ऑफ ऑनर' से सम्मानित करने के साथ ही तोपों की सलामी दी गई। मंत्री विजिता हेराथ, नलिंदा जयतिस्सा, अनिल जयंता, रामलिंगम चंद्रशेखर, सरोजा सावित्री पॉलराज और क्रिशांता अबेसेना ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।
वक्फ संशोधन बिल को मिल गई मंजूरी
वक्फ संशोधन बिल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मंजूरी मिल गई है। संसद से पास होने के बाद वक्फ संशोधन बिल अब कानून बन चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और अब ये नया वक्फ कानून पूरे देश में लागू किया जाएगा।
तेजस्वी के बयान पर VHP का पलटवार
वक्फ संशोधन विधेयक 2025 लोकसभा के बाद राज्यसभा से पास हो गया जिसके बाद विपक्षी नेताओं की बौखलाहट सामने आने लगी। विपक्षी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सत्ता में आएंगे तो सरकार बनाकर इस कानून को कूड़ेदान में फेंकेंगे। इस पर विश्व हिन्दू परिषद के नेता विनोद बंसल ने पलटवार किया है।
वीएचपी नेता ने कहा कि नाम तेजस्वी और बातें करते हैं एकदम घटिया, इनका सपना (बिहार में सरकार बनाने का) पूरा नहीं होने वाला। ये ही गुलामी की मानसिकता है। इसके पहले 17 घंटे की लंबी बहस के बाद सरकार ने संसद के दोनों सदनों से वक्फ संशोधन विधेयक को पास करवा लिया था। विपक्ष ने इस संशोधन को रोकने की पूरी कोशिश की थी लेकिन वो संख्या बल में कम थे जिसकी वजह से अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए।
Advertisement
सीएम योगी ने मंदिर पर पेड़ गिरने से हुई घटना का लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में मंदिर पर पेड़ गिरने से हुई घटना का संज्ञान लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। इस बीच, सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। CMO ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री ने घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वक्फ बिल पर बोले तेजस्वी यादव
वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को लेकर सियासत जारी है। दोनों ही सदनों में करीब 17 घंटे की लंबी बहस के बाद इस बिल को पास कर दिया गया। अब राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उममुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, "सरकार बनाकर इस कानून को कूड़ेदान में फेंकेंगे। CAA-NRC का भी हम लोगों ने प्रस्ताव भेजा था कि किसी भी कीमत पर CAA-NRC को बिहार में लागू नहीं होने देंगे।"
Advertisement
रामनवमी से पहले प्रयागराज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामनवमी से पहले प्रयागराज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। DCP अभिषेक भारती ने कहा कि "कल रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। प्रयागराज पुलिस ने शहर जोन में सुरक्षा के सभी इंतजाम कर लिए हैं। RAF, PAC और सिविल पुलिस की तैनाती की गई है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार फूट पेट्रोलिंग की जाएगी। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।"
सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में की पूजा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में चैत्र नवरात्रि उत्सव के आठवें दिन गोरखनाथ मंदिर में पूजा और हवन किया।
श्रीलंकाई क्रिकेटरों से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय श्रीलंका के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने कोलंबो में सनथ जयसूर्या, चामिंडा वास, अरविंद डी सिल्वा, मार्वन अटापट्टू सहित अन्य श्रीलंकाई क्रिकेटरों के साथ बातचीत की।
श्रीलंकाई क्रिकेटर चामिंडा वास ने पीएम मोदी से मिलने के बाद कहा कि “1996 विश्व कप टीम के रूप में उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। हमने सिर्फ खेलों के बारे में बात की और 1996 के दौरान, हमने कैसे विश्व कप जीता और कैसे हमने भारत को हराया। प्रधानमंत्री क्रिकेट फॉलो करते हैं, वे सब कुछ जानते हैं। उनका क्रिकेट ज्ञान बहुत अच्छा है”।
हावड़ा में एक थर्मोकोल गोदाम में लगी आग
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में एक थर्मोकोल गोदाम में आग लग गई है। दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने की घटना पर अब DFO एस. मजूमदार का बयान भी सामने आ चुका है। उन्होंने कहा, “दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझा दी गई है। आग लगने का कारण जांच के बाद पता चलेगा। एक शव बरामद किया गया है”।
नए पंबन रेलवे ब्रिज का पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को तमिलनाडु के रामेश्वरम में नए पंबन ब्रिज का उद्घाटन करने वाले हैं। उनके दौरे से पहले रेलवे ब्रिज को लाइटों से सजाया गया है। रामनवमी के अवसर पर पीएम मोदी भारत के पहले वर्टिकल रेलवे लिफ्ट पुल का उद्घाटन करेंगे। पाक जलडमरूमध्य पर स्थित यह पुल 2.07 किलोमीटर लंबा है।
आगरा में निर्माणाधीन दुकान गिरने से हादसा
आगरा में एक निर्माणाधीन दुकान गिरने से बड़ा हादसा हो गया है। मलबे में कुल 5 लोग दब गए हैं जिनमें से 4 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। आगरा पुलिस ने बताया कि कैंटीन के निर्माण का काम चल रहा था। लोहा मंडी ACP मयंक तिवारी ने कहा, “लोगों से पता चला कि यहां कैंटीन थी जिसमें निर्माण कार्य हो रहा था। इसमें कुल 5 लोग दबे थे जिनमें से 4 लोगों को बाहर निकाल लिया गया है और अन्य एक व्यक्ति को भी निकाला जा रहा है लेकिन इनके बच्चों द्वारा कहा जा रहा है 2 लोग और दबे हैं”।
संभल में रामनवमी के लिए तैयारियां शुरू
रामनवमी के लिए देशभर में जोरो-शोरों से तैयारियां चल रही हैं। उत्तर प्रदेश के संभल में भी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। SDM वंदना मिश्रा ने बताया कि “शहर में हर जगह स्वच्छता सुनिश्चित की गई है। कई मंदिरों में रामचरितमानस का पाठ किया जा रहा है। समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं”।
पीएम मोदी ने कोलंबो में तमिल नेताओं से बातचीत की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलंबो में श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी प्रांतों के तमिल नेताओं के साथ बातचीत की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना पर बोले मनोज तिवारी
दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत हो गई है। इसपर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि "दिल्ली के लाखों लोगों को जो सुविधा आज से लगभग सात साल पहले मिल जानी चाहिए थी, वह अब मिल रही है। सात साल जो फायदा नहीं मिला, उसका कारण है आम आदमी पार्टी सरकार। बीजेपी की दिल्ली सरकार रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जिस मिशन मोड पर काम कर रही है उसपर हम सभी सांसदों को गर्व है।"
जेपी नड्डा ने आयुष्मान भारत योजना पर कहा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और दिल्ली सरकार के बीच समझौता ज्ञापन पर हुए हस्ताक्षर समारोह में कहा कि यह कोई बीमा योजना नहीं, बल्कि एक आश्वासन योजना है। जब मैं कहता हूं कि ये दुनिया का सबसे बड़ा स्वास्थ्य कवरेज कार्यक्रम है जिसे सितंबर 2018 में लागू किया गया था, तो मैं आपको बताना चाहता हूं कि इसमें लगभग 10 करोड़ परिवार थे। उन्होंने आगे कहा कि इसके तहत गरीब लोगों को कवर किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके तहत गरीबों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवरेज दिया है।
इन राज्यों में हीट वेव की संभावना
अभी तो केवल अप्रैल आया है और अभी से गर्मी अपना कहर बरपाने लगी है। IMD वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने ANI से बातचीत में जानकारी दी है कि ‘गुजरात और सौराष्ट्र कच्छ क्षेत्र से हीट वेव की रिपोर्ट आ रही है और आने वाले कुछ दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है’। उन्होंने आगे बताया कि ‘राजस्थान में भी हीट वेव कंडीशन कल से शुरू हो जाएगी। अगले 4-5 दिनों के दौरान राजस्थान में भीषण हीट वेव की स्थिति बने रहने की संभावना है और उसके लिए चेतावनी जारी की गई है। साथ ही, पंजाब और हरियाणा के इलाके में भी हीट वेव की संभावना है। 7 अप्रैल को दिल्ली में भी हीट वेव की स्थिति होने की कुछ संभावना है’।
दिल्ली में आयुष्मान योजना की शुरुआत
दिल्लीवासियों के लिए सरकार एक बड़ा तोहफा लेकर आई है। राष्ट्रीय राजधानी में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत हो गई है। आयुष्मान योजना के तहत अब दिल्ली के लोगों को 5 लाख रुपये नहीं, बल्कि 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य लाभ मिलने वाला है। दिल्ली में आयुष्मान योजना को लागू करने के लिए सीएम रेखा गुप्ता की सरकार और केंद्र सरकार के बीच एक समझौता हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में इस योजना की दिल्ली में शुरुआत की गई।
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश ने कहा, 'सबसे बड़ी भू माफिया पार्टी बीजेपी है। बीजेपी से ज्यादा जमीन किसी ने नहीं हड़पी। सिर्फ गोरखपुर, अयोध्या, कानपुर और लखनऊ के रजिस्ट्रियों की जांच कर लें। यहां सरकारी जमीन तालाब और भी कई चीजें कई तरीके से छिनी गई है। गोरखपुर में आज जमीन को लेकर गोली चली है। सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट ने न जाने कितनी बार बुलडोजर को अमानवीय कहा है। सबसे ज्यादा भू माफियागिरी गोरखपुर और अयोध्या में हुई है।'
असदुद्दीन ओवैसी पर भड़के अनिल विज
वक्फ बिल को लेकर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी पर बयान दिया है। अनिल विज ने कहा कि ओवैसी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। वक्फ बोर्ड में संशोधन के लिए जो बिल पास किया गया है, वह कानून के मुताबिक किया गया है। सभी कानून लोकसभा बनाती है, लोकसभा में सभी को बोलने का मौका दिया जाता है। बहुमत ने जो फैसला किया है, उसे सभी को मानना चाहिए। न मानना भी अदालत की अवमानना है।
राज ठाकरे ने आंदोलन रोकने की अपील की
महाराष्ट्र में भाषा विवाद के बीच राज ठाकरे ने अब अपने कार्यकर्ताओं के नाम संदेश लिखा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने अपने कार्यकर्ताओं को मराठी मुद्दे पर एक बार फिर सशक्त आवाज उठाने के लिए बधाई दी है। हालांकि पत्र के जरिए राज ठाकरे ने कार्यकर्ताओं से मराठी भाषा को लेकर आंदोलन निरस्त करने की अपील भी की है।
श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान मिलने पर क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा श्रीलंका मित्र विभूषण से सम्मानित किया जाना मेरे लिए गौरव की बात है। यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक संबंधों और गहरी मित्रता का सम्मान है। इस सम्मान के लिए मैं राष्ट्रपति, श्रीलंका सरकार और यहां के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं।"
AI का लाभ उठाने के साथ सावधानियां भी बरतें: सीएम मोहन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "आज दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सामाजिक प्रभाव और दुष्प्रभाव विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया... मुझे खुशी है कि इस पर विस्तार से चर्चा हुई... इसका लाभ उठाने के साथ ही आवश्यक सावधानियां भी बरतनी चाहिए।"
वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 के खिलाफ SC पहुंचे अमानतुल्लाह खान
AAP विधायक और दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अमानतुल्लाह खान ने वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। खान का कहना है कि यह विधेयक मुसलमानों की धार्मिक और सांस्कृतिक स्वायत्तता को कम करता है, मनमाने कार्यकारी हस्तक्षेप को सक्षम बनाता है और अपने धार्मिक और धर्मार्थ संस्थानों का प्रबंधन करने के अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कमजोर करता है।
मित्र विभूषण पुरस्कार से सम्मानित हुए PM मोदी
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मित्र विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।
फिल्म बनाते समय कभी समझौता नहीं करते थे मनोज कुमार: प्रेम चोपड़ा
अभिनेता प्रेम चोपड़ा ने अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर कहा, "मैं शुरू से ही उनके साथ था। हम साथ में 'शहीद' फिल्म में थे, जो हिट फिल्मों में से एक है... हमने कई फिल्मों में साथ काम किया... वह फिल्म बनाते समय कभी समझौता नहीं करते थे..."
मनोज कुमार के निधन पर छलका अनु मलिक का दर्द
संगीतकार अनु मलिक ने अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर कहा, "...वह एक सच्चे देशभक्त थे... उन्होंने जो भी फिल्में बनाईं, वह समाज और देश के हित के लिए बनाईं। ऐसे लोग बार-बार नहीं आते। मैं बस इतना कहूंगा कि मनोज कुमार जी की फिल्मों, गानों, निर्देशन से प्रेरणा लें... मैं बहुत भावुक हूं, पूरा देश इस समय बहुत भावुक है।"
कल छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचेंगे अमित शाह
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे पर कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल रात रायपुर पहुंचे और अब वे बस्तर जाएंगे जहां मां दंतेश्वरी के दर्शन करने के बाद दिनभर उनके अलग-अलग कार्यक्रम हैं। इसके बाद शाम को रायपुर में वे उच्च स्तरीय बैठक करेंगे... उनका दौरा काफी महत्वपूर्ण है, वे पांचवीं बार बस्तर आए हैं... हमारी सरकार न सिर्फ बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने बल्कि बस्तर के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हर मोर्चे पर काम कर रही है।"
अष्टमी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुईं सीएम रेखा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शालीमार बाग के पास सर्वोदय कन्या विद्यालय में अष्टमी पूजन कार्यक्रम में शामिल हुईं।
वक्फ बिल पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन का बयान
वक्फ संशोधन विधेयक पर उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के चेयरमैन शादाब शम्स कहते हैं, "वक्फ संशोधन विधेयक गरीबों के लिए है और मैंने कहा था कि गरीब मुसलमान विरोध नहीं कर रहे हैं, जो विरोध कर रहे हैं वो राजनीतिक मुसलमान हैं...पुतले जलाना इस्लाम का हिस्सा नहीं है, फिर ये पुतले कैसे जला रहे हैं? ये राजनीतिक मुसलमान हैं, ये गुमराह कर रहे हैं, ये लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं...ये साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी गरीबों और पसमांदाओं के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी. किसी भी पसमांदा को डरने की जरूरत नहीं है."
संभल के देव तीर्थों पर रामचरितमानस और रामायण पाठ का आयोजन
संभल के DM राजिंदर पेंसिया ने कहा, "संभल में 87 देव तीर्थ हैं, जिनमें से 58 मिल चुके हैं। जो मिल गए हैं, उन सभी देव तीर्थों पर अष्टमी और नवमी को 'रामचरितमानस और रामायण पाठ' का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम लोग और सभी समितियां और एनजीओ भाग लेंगे..."
नोएडा सेक्टर 63 में झुग्गी-झोपड़ी और कबाड़ के गोदाम में आग
सेक्टर 63 में झुग्गी-झोपड़ी और कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। ADCP सेंट्रल नोएडा, हिरदेश कठेरिया ने बताया, "5 अप्रैल की रात्रि थाना सेक्टर 63 में सूचना मिली कि सुरेश और मलखान, निवासी बहलोलपुर की झुग्गी झोपड़ी की कबाड़ में आग लग गई है। दस फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मदद से स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है...अन्य कार्रवाई जारी है।"
पीएम मोदी को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
श्रीलंका के तीन दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोलंबो में स्वतंत्रता चौक पर औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
तीन दिवसीय दौरे पर पीएम मोदी पहुंचे श्रीलंका
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड के बाद तीन दिवसीय दौरा पर श्रीलंका पहुंचे हैं। श्रीलंका में एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।