J&K Terror Attack: पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी आज ही सऊदी अरब से होंगे रवाना, कल सुबह पहुंचेंगे भारत
India News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अप्रैल को दो दिनों के दौरे पर सऊदी अरब पर पहुंचे। 22 और 23 अप्रैल को वह क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के न्योते पर सऊदी के दौरे के लिए आज ही रवाना हुए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘सेव अर्थ कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन करेंगे। दूसरी ओर 'एक देश एक चुनाव' पर विचार के लिए मंगलवार को संयुक्त संसदीय समिति की अहम बैठक होगी।
- भारत
- 15 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (22 अप्रैल) से दो दिन के सऊदी अरब के दौरे पर हैं। 22 और 23 अप्रैल को वह क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के न्योते पर सऊदी के दौरे के लिए आज रवाना हुए और अब वह UAE पहुंच चुके हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और व्यापार को लेकर अहम समझौता होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ‘सेव अर्थ कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन करेंगे। 'एक देश एक चुनाव' पर विचार के लिए आज संयुक्त संसदीय समिति की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के पूर्व जजों के साथ चर्चा होगी।
सऊदी अरब से आज ही लौटेंगे पीएम मोदी
पहलगाम हमले के बाद पीएम मोदी ने सऊदी अरब का दौरा छोटा कर दिया है। आज ही वो सऊदी अरब से रवाना हो जाएंगे और कल सुबह भारत पहुंचेंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप ने आतंकवाद के खिलाफ भारत को दिया समर्थन
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि कश्मीर से बहुत ही परेशान करने वाली खबर आई है। आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ अमेरिका मजबूती से खड़ा है। हम मारे गए लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के ठीक होने की प्रार्थना करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी और भारत के अविश्वसनीय लोगों को हमारा पूरा समर्थन और गहरी सहानुभूति है। हमारी संवेदनाएँ आप सभी के साथ हैं!
Advertisement
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी जताया दुख
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भारत में हुए आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि कृपया पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दुखद परिणामों पर हमारी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें, जिसके शिकार नागरिक थे - विभिन्न देशों के नागरिक। इस क्रूर अपराध का कोई औचित्य नहीं है। हम उम्मीद करते हैं कि इसके आयोजकों और अपराधियों को उचित सजा मिलेगी। मैं आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने में भारतीय भागीदारों के साथ सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराना चाहूंगा। कृपया मृतकों के करीबी और प्रियजनों के प्रति अपना दुख और समर्थन व्यक्त करें और साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें।
जॉर्जिया मेलोनी ने की आतंकी हमले की निंदा
इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने भी आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि भारत में आज हुए आतंकवादी हमले से बहुत दुःख हुआ, जिसमें अनेक लोग हताहत हुए। इटली प्रभावित परिवारों, घायलों, सरकार और सभी भारतीय लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है।
Advertisement
पहलगाम अटैक पर RSS ने जारी किया बयान
RSS की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ नृशंस आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय एवं संतापजनक है। हम घटना में मृत हुए सभी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। यह हमला देश की एकता व अखंडता पर प्रहार करने का दुःसाहस है। सभी राजनीतिक दल व संस्थाओं को सारे मतभेदों से ऊपर उठकर इसकी भर्त्सना करनी चाहिए। सरकार सभी पीड़ितों व उनके परिवारों की सहायता की आवश्यक व्यवस्था करे। तथा सरकार इस हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों को दंडित करने हेतु शीघ्र ही उचित कदम उठाए।
पहलगाम हमले में मारे गए मृतकों की लिस्ट
पहलगाम हमले में मारे गए मृतकों की लिस्ट जारी कर दी गई है। घटना में कुल 16 लोगों की मौत हुई है, जबकि 10 लोग घायल हैं।
पहलगाम हमले पर मायावती का बयान
मायावती ने पहलगाम हमले को लेकर कहा, “जम्मू-कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में अनेकों लोगों के मारे जाने व घायल होने की घटना अति-दुखद, निन्दनीय व चिन्तनीय। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। सरकार इस घटना को पूरी गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई करे।”
आतंकी हमले पर क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता?
पहलगाम आतंकी हमले पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमलों के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ये कायरतापूर्ण, बर्बर हमले बेकार नहीं जाएंगे।
तरुण चुघ का पहलगाम आतंकी हमले पर बयान
बीजेपी नेता तरुण चुघ का पहलगाम आतंकी हमले पर कहा, "पहलगाम में धर्म पूछकर गोली चलाना, चुन-चुनकर गोली मारना ये इंसानियत को शर्मसार करने वाला कृत्य है। एक भी हत्यारा बख्शा नहीं जाएगा। भारत में आतंकवाद की कोई जगह नहीं। ISI लगातार षड्यंत्र रच रही है। हत्यारे कहीं भी छुप जाएं, उनको बख्शा नहीं जाएगा।"
श्रीनगर पहुंचे अमित शाह और मनोज सिन्हा
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और J&K के एलजी मनोज सिन्हा श्रीनगर पहुंच चुके हैं।
पहलगाम हमले पर क्या बोलीं राष्ट्रपति मुर्मू?
पहलगाम हमले पर राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा,"जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकवादी हमला चौंकाने वाला और दर्दनाक है। यह एक नृशंस और अमानवीय कृत्य है जिसकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए। निर्दोष नागरिकों, इस मामले में पर्यटकों पर हमला करना बेहद भयावह और अक्षम्य है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
पहलगाम हमले पर अनुराग ठाकुर ने भी जताया दुख
पहलगाम हमले पर अनुराग ठाकुर ने दुख जताते हुए लिखा, “पहलगाम, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों ने जिस नृशंसता व कायरता से पर्यटकों को निशाना बनाया है, अत्यंत ही कष्टदायी व निंदनीय है। आतंकीयों के इस दरिंदगी की जितनी भर्त्सना की जाए कम है। केंद्र की मोदी सरकार इस घटना के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्यवाई करने के लिए कटिबद्ध है। मेरी हार्दिक संवेदनाएं इस आतंकी हमले के पीड़ितों व उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से घटना के घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ व दिवंगत आत्माओं को शांति मिले ऐसी प्रार्थना करता हूं।”
पूरा देश गुस्से में है और हमारे जवानों का खून खौल रहा: मनोज सिन्हा
आतंकवादियों को बेअसर करने के लिए आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया गया है। पूरा देश गुस्से में है और हमारे जवानों का खून खौल रहा है। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि पहलगाम हमले के अपराधियों को उनके जघन्य कृत्य के लिए बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
PM मोदी ने आतंकियों को दे दिया अल्टीमेटम
PM मोदी ने पहलगाम हमले पर दुख जताते हुए कहा, "मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा...उन्हें बख्शा नहीं जाएगा! उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।"
हमले पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, "पहलगाम (जम्मू और कश्मीर) में आतंकवादी हमले की खबर से बहुत दुख हुआ। निर्दोष नागरिकों पर यह नृशंस हमला कायरतापूर्ण और अत्यधिक निंदनीय कृत्य है..."
श्रीनगर के लिए रवाना हो रहे अमित शाह
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि वो श्रीनगर के लिए रवाना हो रहे हैं। गृहमंत्री ने लिखा, "जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएँ मृतकों के परिजनों के साथ हैं। इस जघन्य आतंकी हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और हम अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को घटना के बारे में जानकारी दी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी एजेंसियों के साथ तत्काल सुरक्षा समीक्षा बैठक करने के लिए शीघ्र ही श्रीनगर के लिए रवाना हो रहा हूं।"
पीएम मोदी और अमित शाह ने फोन पर की बात
पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर फोन पर बातचीत की है। बता दें, पीएम मोदी दो दिवसीय UAE के दौरे पर हैं।
पहलगाम आतंकी हमले पर भाजपा नेता रविंदर रैना का बयान
भाजपा नेता रविंदर रैना ने कहा, "पाकिस्तानी आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना आतंकी हमला किया है। कायर पाकिस्तानी आतंकवादी भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे अर्ध सैनिक बलों के जांबाज वीरों का सामना नहीं कर सकते। इन कायर आतंकवादियों ने कश्मीर घूमने आए निहत्थे निर्दोष पर्यटकों को निशाना बनाया है। कुछ पर्यटकों को घायल अवस्था में स्थानीय अस्पताल में दाखिल किया गया है। सारे क्षेत्र की घेराबंदी सेना और पुलिस ने कर दी है। जो आतंकवादी इस हमले के गुनहगार हैं जो-जो इनके मददगार हैं उनको सजा दी जाएगी।
'वन नेशन वन इलेक्शन' पर क्या बोले अजय कुमार लल्लू?
ओडिशा कांग्रेस प्रभारी अजय कुमार लल्लू ने 'वन नेशन वन इलेक्शन' पर हुई जेपीसी बैठक पर कहा, "हाल ही में जब 4 राज्यों में चुनाव हुए, तो सरकार ने किन राज्यों के चुनाव साथ कराए? हरियाणा में चुनाव कराए गए, कहा गया कि हम बाद में अन्य राज्यों में चुनाव कराएंगे, लेकिन उस समय महाराष्ट्र में चुनाव नहीं कराए जा सके, जब समय सीमा थी तो सरकार एक साथ चुनाव नहीं करा सकती थी, फिर वह वन नेशन वन इलेक्शन कैसे करा सकती है। यह एक शगुफा है, संवैधानिक व्यवस्था को छिन्न-भिन्न करने की तैयारी है..."
जेडी वेंस के भारत दौरे पर डिप्टी सीएम दीया कुमारी का बयान
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की राजस्थान यात्रा पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा, "यह बहुत सम्मान की बात है कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार के साथ यहां मौजूद हैं। वे यहां अपने समय का आनंद ले रहे हैं। राजस्थान में उनका होना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। उन्होंने आज भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी के बारे में बहुत अच्छी बात कही।"
J&K के पहलगाम में आतंकी हमला
जम्मू-कश्मीर बड़ा आतंकी हमला हुआ है। यहां के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया। जानकारी के मुताबिक कुछ पर्यटकों को गोली भी लगी है। घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की टीम मौके पर पहुंच गई है। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आपको बता दें कि मार्च में हुई भारी बर्फबारी के चलते पहलगाम में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। जिस जगह पर आतंकी हमला हुआ है वो पहलगाम के एक पहाड़ का टॉप एरिया है। यहां टूरिस्ट ट्रैकिंग के लिए आते हैं।
सीएम उमर ने बाढ़-भूस्खलन से हुए नुकसान का किया निरीक्षण
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रामबन के बाउली बाज़ार और मुख्य बाज़ार क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय प्रवासी में जबरदस्त उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सऊदी अरब पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भारतीय प्रवासी एकत्रित हुए।
प्रधानमंत्री मोदी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे।
गुजरात के अमरेली में ट्रेनिंग प्लेन क्रैश
गुजरात के अमरेली के शास्त्री नगर क्षेत्र में एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटना में एक पायलट की मृत्यु हो गई।
जल्द जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट
यूपी बोर्ड रिजल्ट 2025 का इंतजार कर रहे छात्र के लिए लेटेस्ट अपडेट सामने आया है। UPMSP महज दो से तीन दिन के भीतर ही नतीजे जारी कर सकता है। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने बताया है कि यूपी बोर्ड का रिजल्ट 24 अप्रैल के बाद जारी किया जा सकता है।
PM मोदी के विमान को सऊदी एयर फोर्स की सुरक्षा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विमान को सऊदी हवाई क्षेत्र में रॉयल सऊदी एयर फोर्स के F-15 विमानों द्वारा सुरक्षा प्रदान की गई।
वक्फ एक्ट जो पास हुआ वो संविधान के अनुसार- अर्जुन राम मेघवाल
वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि कई लोग बोल रहे हैं कि ये संविधान के अनुसार बिल नहीं है और संसद को बिल पास करने का अधिकार नहीं है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि 1954 में वक्फ संशोधन विधेयक को संसद ने ही पास किया था और संविधान के प्रावधान के तहत किया। 1995 में वक्फ संशोधन बिल आया और एक्ट बना। 2013 में भी ऐसा ही हुआ। PM नरेंद्र मोदी जब बिल लेकर आए तब आपको संविधान के प्रावधान याद आ रहे हैं तब क्यों नहीं याद आए? इसका मतलब है अभी जो एक्ट पास हुआ है वह संविधान के अनुसार हुआ है और संसद को उसका अधिकार है।
किरेण रिजिजू ने ममता सरकार पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जो हालत उन्होंने पैदा की है। मुख्यमंत्री, कांग्रेस और उनकी पार्टी के सहयोगी, जो भी कहते हैं कि वे संसद द्वारा बनाए गए कानून को नहीं मानेंगे, वे देश के संविधान को नहीं मानते। हम 2014 में पहली बार मंत्री बने, हमने सारी जिंदगी विपक्ष में बैठकर काम किया है लेकिन हमने कभी नहीं कहा कि हम संसद के कानून को नहीं मानेंगे। ये लोग जो काम कर रहे हैं, उससे देश को बहुत नुकसान होने वाला है और उन्हें इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए, मुसलमानों में भी, एक बड़ा वर्ग अब आकर प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दे रहा है। हमें ये नहीं कहना चाहिए कि सभी मुसलमान विरोध कर रहे हैं। इस समय आम मुसलमान वक्फ संशोधन अधिनियम का समर्थन कर रहा है और इसका स्वागत कर रहा है।
ONOE आधुनिक भारत की बहुत सख्त जरूरत- दानिश अंसारी
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव आज इस आधुनिक भारत की बहुत सख्त जरूरत है। समाज जब आगे बढ़ता है तो समाज की नई-नई जरूरतें सामने आती हैं। उन जरूरतों को पूरा करना एक जिम्मेदार सरकार की जिम्मेदारी है। वन नेशन वन इलेक्शन आने से निश्चित तौर पर हमारे देश के धन की बचत होगी, GDP पर भी अच्छा प्रभाव पड़ेगा, श्रम की बचत होगी। देश की समृद्धि और विकास के लिए एक देश एक चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण कदम है और इसका पूरे देश के लोगों द्वारा स्वागत किया जा रहा है।
कैबिनेट बैठक में शामिल हुए सीएम मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव कैबिनेट बैठक में शामिल हुए।
शरद पवार और अजित पवार एक होते तो अच्छा होता- अठावले
NCP (SCP) सांसद सुप्रिया सुले के बयान पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि शरद पवार और अजित पवार कई सालों से एक साथ रहे हैं। शरद पवार ने अजित पवार को कई बार उपमुख्यमंत्री भी बनाया था। अजित पवार भाजपा का समर्थन करना चाहते थे लेकिन शरद पवार ने इस पर सहमति नहीं जताई और वे(अजित पवार) अलग हो गए। अगर शरद पवार और अजित पवार एक होते तो अच्छा होता। देखते हैं आगे क्या होता है।
सड़क सुरक्षा शिक्षण मॉड्यूल 'सुरक्षित सफर' हुआ लॉन्च
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ स्कूली छात्रों के लिए सड़क सुरक्षा शिक्षण मॉड्यूल "सुरक्षित सफर" लॉन्च किया।
सीएम धामी ने की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंजीनियरिंग संस्थानों के विकास पर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
रामबन में हुए नुकसान का सीएम ने किया निरीक्षण
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रामबन शहर में बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का निरीक्षण किया।
आमेर किले से रवाना हुए जेडी वेंस
संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, द्वितीय महिला उषा वेंस अपने बच्चों के साथ जयपुर के आमेर किले से रवाना हुए।
सीएम भजनलाल ने जेडी वेंस से की मुलाकात
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने आमेर किले में संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, द्वितीय महिला उषा वेंस और उनके बच्चों से मुलाकात की।
परिवार संग जयपुर के आमेर किला पहुंचे जेडी वेंस
संयुक्त राज्य अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, द्वितीय महिला उषा वेंस अपने बच्चों के साथ जयपुर के आमेर किले पहुंचे।
JPC की बैठक में भाग लेने संसद पहुंचीं बांसुरी स्वराज
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज 'एक राष्ट्र एक चुनाव' पर JPC की बैठक में भाग लेने के लिए संसद भवन पहुंचीं, उनके हाथ में एक बैग था जिस पर 'नेशनल हेराल्ड की लूट' लिखा था।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को लेकर भ्रष्टाचार हुआ- बांसुरी स्वराज
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया को लेकर भी भ्रष्टाचार हुआ। हाल ही में ED ने जो चार्जशीट दायर की गई है वह बहुत ही गंभीर उदाहरण जाहिर करती है जहां पर कांग्रेस की एक पुरानी विचारधारा उभरकर सामने आती है। यह बहुत गंभीर मामला है। 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति को मात्र 50 लाख रुपये में यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी ने हड़प लिया। यह यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी का स्वामित्व 76% गांधी परिवार के पास है और इसलिए आज के दिन कांग्रेस पार्टी की और कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व की जवाबदेही बनती है।
रामबन में राहत कार्य जोरों पर- जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट किया, 'रामबन अपडेट- राहत कार्य जोरों पर हैं। सबसे प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा है। डीसी बसीर चौधरी व्यक्तिगत रूप से प्रभावित क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है। 1762 डी.टी. में से 1486 डी.टी. बहाल कर दी गई हैं और शेष 286 डी.टी. पर काम चल रहा है। जलापूर्ति के लिए, 98 में से, डब्ल्यू.एस.एस. की 89 जलापूर्ति योजनाएं चालू कर दी गई हैं और शेष 9 योजनाओं पर बहाली का काम चल रहा है। कल तक राष्ट्रीय राजमार्ग आंशिक रूप से बहाल होने की संभावना है। मैं प्रशासन के साथ आगे के उपायों पर काम करने के लिए कल व्यक्तिगत रूप से जिला मुख्यालय रामबन में रहने की योजना बना रहा हूं।'
जेडी वेंस के जयपुर दौरे के मद्देनजर आमेर किला पहुंचे सीएम भजनलाल
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के जयपुर दौरे के मद्देनजर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आमेर किले पर पहुंचे।
सऊदी अरब में कई बैठकों और कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, "सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना हो रहा हूं, जहां मैं विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लूंगा। भारत सऊदी अरब के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को महत्व देता है। पिछले दशक में द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय गति आई है। मैं सामरिक भागीदारी परिषद की दूसरी बैठक में हिस्सा लेने के लिए उत्सुक हूं। मैं वहां भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करूंगा।"
सऊदी अरब के लिए रवाना हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री मोदी सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगे।
पंजाब में पुलिस और हथियार आपूर्तिकर्ताओं के बीच मुठभेड़
पंजाब के तरनतारन में पुलिस और अमृतसर ग्रामीण से आ रहे दो हथियार आपूर्तिकर्ताओं के बीच मुठभेड़ हुई।
रामबन में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और निकासी का काम जारी
जम्मू-कश्मीर के रामबन में भारी बारिश और बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और निकासी का काम जारी है। इसमें सार्वजनिक और निजी संपत्तियां नष्ट और तीन लोगों की मौत हुई हैं।
हिंसा के बाद मुर्शिदाबाद में कड़ी सुरक्षा
वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ 11 अप्रैल को विरोध प्रदर्शन के दौरान विभिन्न इलाकों में भड़की हिंसा के बाद मुर्शिदाबाद में कड़ी सुरक्षा की गई है।
'एक देश एक चुनाव' पर संयुक्त संसदीय समिति की बैठक
'एक देश एक चुनाव' पर विचार के लिए आज संयुक्त संसदीय समिति की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के पूर्व जजों के साथ चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि चार सत्रों में बैठक का आयोजन होगा।
'सेव अर्थ कॉन्क्लेव' का उद्घाटन करेंगे अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज, 22 अप्रैल को जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में बांस की उपयोगिता का पता लगाने के लिए ‘सेव अर्थ कॉन्क्लेव’ का उद्घाटन करेंगे।
आज से सऊदी अरब के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (22 अप्रैल) से दो दिन के सऊदी अरब के दौरे पर रहेंगे। 22 और 23 अप्रैल को वह क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के न्योते पर सऊदी के दौरे पर जा रहे हैं। पीएम मोदी का ये दौरा कई मायनों में खास माना जा रहा है। इस दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और व्यापार को लेकर अहम समझौता होने की संभावना है।