अपडेटेड 15 August 2024 at 13:18 IST

सदियों पुराना 'नालंदा स्पिरिट' जगाना होगा ताकि हम देश में ग्लोबल एजुकेशन हब बना सकें- PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा, हमें शिक्षा के क्षेत्र में फिर एक बार सदियों पुराने उस नालंदा स्पिरिट को जगाना होगा, उस नालंदा स्पिरिट को जीना होगा।

Follow : Google News Icon  
PM Modi
PM Modi | Image: ANI

Independence Day 2024: 78वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले के प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत,रोजगार, युवा, किसान, नई शिक्षा नीति समेत कई मुद्दो पर बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय के पुनर्निर्माण के बारे में भी बताया।

नई शिक्षा नीति पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, नई शिक्षा नीति के अंतर्गत हम देश में ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करना चाहते हैं कि मेरे देश के नौजवानों को विदेश न जाना पड़े, मध्यमवर्गीय परिवारों को लाखों-करोड़ रुपये खर्च न करने पड़ें। हम यहां ऐसे संस्थानों का निर्माण करना चाहते हैं जहां विदेशों से लोग भारत आएं।

हमें सदियों पुराने उस नालंदा स्पिरिट को जगाना होगा-पीएम मोदी

वहीं, पीएम मोदी ने बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय के पुनर्निर्माण के बारे में भी विस्तृत से बताया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, अभी-अभी हमने बिहार में नालंदा विश्वविद्यालय का पुनर्निर्माण किया है। नालंदा विश्वविद्यालय ने फिर एक बार काम करना शुरू कर दिया है। लेकिन हमें शिक्षा के क्षेत्र में फिर एक बार सदियों पुराने उस नालंदा स्पिरिट को जगाना होगा, उस नालंदा स्पिरिट को जीना होगा, हमें उस नालंदा स्पिरिट को लेकर बड़े विश्वास के साथ विश्व के ज्ञान की परंपराओं को नई चेतना देने का काम करना होगा।

हम 2047 का विकसित भारत बना सकते हैं-PM मोदी

वहीं, विकसित भारत के लक्ष्य पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब नीति सही होती है, नीयत सही होती है और पूर्ण समर्पण से राष्ट्र का कल्याण मंत्र होता है, तो निश्चित परिणाम हम प्राप्त करके रहते हैं। आज हम 140 करोड़ नागरिक हैं। अगर हम संकल्प लेकर चलते हैं तो हम हर चुनौती को पार करते हुए विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। अगर 40 करोड़ लोग आजादी के सपने को पूरा कर सकते है तो 140 करोड़ के देश के मेरे नागरिक, मेरे परिवारजन अगर एक साथ चल पड़ते हैं तो चुनौतियां कितनी भी क्यों न हो, हम समृद्ध भारत बना सकते है। 2047 का विकसित भारत बना सकते हैं।

Advertisement

यह भी पढ़ें: प्रति व्यक्ति आय दोगुनी करने में सफल हुए, ग्लोबल संस्थानों का भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है- PM मोदी

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 15 August 2024 at 13:18 IST